Sunday , 23 August 2026

वाराणसी में एमएससी छात्रा की नृशंस हत्या: पहले तकिये से दबाया मुंह, फिर चाकू से रेता गला; रिश्ता तय होने से बौखलाया था सिरफिरा

वाराणसी ब्यूरो। रोहनिया थाना क्षेत्र के बच्छांव पश्चिमपुरा में 22 वर्षीय एमएससी छात्रा श्रेया उपाध्याय की सनसनीखेज हत्या के मामले में रोंगटे खड़े कर देने वाले तथ्य सामने आए हैं। सिरफिरे आरोपी विवेक चौबे ने दरिंदगी की सारी हदें पार करते हुए पहले तकिये से छात्रा का मुंह दबाकर सांसें रोक दीं और फिर बेरहमी से चाकू से गला रेतकर उसे मौत के घाट उतार दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस की कई टीमें जुटी हैं।

बाथरूम में मिला शव, मौके से रस्सी और दो चाकू बरामद घटनास्थल पर छात्रा का लहूलुहान शव बाथरूम से बरामद किया गया। पुलिस को मौके से तकिया, दो धारदार चाकू और एक नई रस्सी मिली है। मृतका के शरीर पर संघर्ष के निशान मिले हैं, जिससे साफ है कि उसने जान बचाने के लिए कड़ा मुकाबला किया था। तीन डॉक्टरों के पैनल की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में अत्यधिक रक्तस्राव को मौत की मुख्य वजह बताया गया है। छात्रा के गले और पेट पर गहरे जख्म मिले हैं। दुष्कर्म की आशंका को देखते हुए स्वाब सैंपल जांच के लिए प्रयागराज लैब भेजे गए हैं, जबकि नाखूनों के निशान व बालों को फॉरेंसिक लैब भेजा गया है।

रिश्ता तय होने से बौखलाया था आरोपी मृतका की मां रीता उपाध्याय ने बताया कि चोलापुर के नियार डीह का रहने वाला विवेक रिश्ते में चचेरी बुआ की ननद का लड़का है। वह नीट की तैयारी के बहाने परिवार के संपर्क में आया था। एक साल पहले शादी का प्रस्ताव ठुकराए जाने के बाद से ही वह छात्रा की एडिटेड तस्वीरों के जरिए ब्लैकमेल कर रहा था। हाल ही में श्रेया का विवाह राजातालाब के रहने वाले डीआरडीओ कर्मी से तय हो गया था, जिससे आरोपी बुरी तरह भड़का हुआ था।

सीसीटीवी बंद कर वारदात को दिया अंजाम पुलिस जांच के अनुसार, 18 अगस्त को आरोपी श्रेया को कॉलेज के रास्ते से बहला-फुसलाकर अपने किराये के कमरे में ले गया था। कॉलेज के पास लगे कैमरों में श्रेया उसके साथ बाइक पर जाती नजर आई थी, जबकि वारदात वाले मकान के सीसीटीवी कैमरे पहले से बंद मिले। घटना के बाद आरोपी अपना मोबाइल बंद कर भाग निकला। परिजनों ने इस मामले में राजातालाब पुलिस पर शुरुआती लापरवाही के आरोप लगाए हैं। वर्तमान में एसओजी सहित पुलिस की चार टीमें आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग ठिकानों पर ताबड़तोड़ दबिश दे रही हैं।

 

Check Also

यूपी के 3.53 लाख रसोइयों को सीएम योगी का बड़ा तोहफा: मानदेय बढ़ा, 5 लाख का कैशलेस इलाज; विपक्ष पर साधा तीखा निशाना

उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने परिषदीय और सहायता प्राप्त (एडेड) स्कूलों में कार्यरत 3.53 …