Monday , 19 October 2026

गोलियों की तड़तड़ाहट, हिरासत में संदिग्ध… टाइगर श्रॉफ पर हमले से हिली मायानगरी, सीएम देवेंद्र फडणवीस ने फोन पर लिया जायजा

मुंबई के जुहू इलाके में रविवार शाम बॉलीवुड के जाने-माने एक्शन स्टार टाइगर श्रॉफ की कार पर अज्ञात बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। यह सनसनीखेज वारदात जुहू पुलिस थाना क्षेत्र अंतर्गत पुष्पा पार्क के पास उस वक्त हुई जब अभिनेता वहां से गुजर रहे थे। राहत की बात यह रही कि गोलीबारी में टाइगर श्रॉफ बाल-बाल बच गए, हालांकि उनकी गाड़ी के शीशे टूटने और हमले के चलते उनके हाथ व सीने पर मामूली चोटें आई हैं। घटना में अभिनेता का चालक फिरदौस और पास से गुजर रहा एक ऑटो रिक्शा चालक घायल हो गए हैं। दोनों घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस के मुताबिक, फिरदौस के बाएं हाथ में चोट आई है।

15 विशेष टीमें गठित, एक संदिग्ध हिरासत में

वारदात की सूचना मिलते ही मुंबई पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुंबई क्राइम ब्रांच और स्थानीय पुलिस को मिलाकर कुल 15 विशेष जांच टीमें गठित की गई हैं। पुलिस अधिकारियों ने पूरे इलाके को घेरकर सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि शूटरों की पहचान और उनकी सटीक संख्या का पता लगाया जा सके। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल और अभिनेता के वाहन का मुआयना कर गोलियों के खोल व अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं। इस बीच पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है, जिससे अज्ञात ठिकाने पर पूछताछ की जा रही है।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल, बिश्नोई गैंग के दावे की जांच

घटना का एक कथित वीडियो भी इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें हमलावर गाड़ी पर फायरिंग करते दिखाई दे रहे हैं। वहीं सोशल मीडिया पर सामने आई एक पोस्ट में गैंगस्टर अनिल पंडित ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताते हुए इस हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। मुंबई पुलिस और साइबर सेल इस पोस्ट की सत्यता की पुष्टि में जुटी हैं कि यह सचमुच गैंग का काम है या माहौल बिगाड़ने की साजिश।

पिता जैकी श्रॉफ ने कहा- बेटा सुरक्षित, जांच में कर रहा सहयोग

टाइगर श्रॉफ के पिता और वरिष्ठ अभिनेता जैकी श्रॉफ ने प्रशंसकों को आश्वस्त करते हुए कहा कि टाइगर पूरी तरह सुरक्षित हैं और घटना के तुरंत बाद उन्होंने पुलिस स्टेशन पहुंचकर अधिकारियों को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी और जांच में सहयोग कर रहे हैं। हमले के बाद से अभिनेता का परिवार स्तब्ध और चिंतित है।

सीएम देवेंद्र फडणवीस ने फोन पर लिया जायजा, सीपी को सख्त कार्रवाई के निर्देश

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एवं गृह विभाग के प्रमुख देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती से बात कर घटना की पूरी रिपोर्ट तलब की। सीएम ने पुलिस कमिश्नर को निर्देश दिए कि जांच में पूरी ताकत झोंक दी जाए और हमलावरों को अविलंब सलाखों के पीछे भेजा जाए। इसके बाद मुख्यमंत्री ने खुद टाइगर श्रॉफ से फोन पर बातचीत कर उनका हालचाल जाना और उन्हें पूर्ण सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए ढांढस बंधाया कि सरकार उनके साथ खड़ी है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

देर रात टाइगर के आवास पहुंचे डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे, सुरक्षा समीक्षा के आदेश

वारदात के बाद महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे देर रात टाइगर श्रॉफ के आवास पर पहुंचे। उन्होंने अभिनेता और उनके परिजनों से मुलाकात कर उनका हाल जाना और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। डिप्टी सीएम ने दो टूक शब्दों में कहा कि एक उभरते हुए युवा अभिनेता पर इस तरह का कायराना हमला बेहद गंभीर और दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने बताया कि मुंबई पुलिस आयुक्त को पूरी फिल्म इंडस्ट्री के कलाकारों और प्रमुख हस्तियों की सुरक्षा व्यवस्था की नए सिरे से समीक्षा करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं।

मार्शल आर्ट और एक्शन फिल्मों से बनाई खास पहचान

2 मार्च 1990 को जन्मे जय हेमंत उर्फ टाइगर श्रॉफ ने 2014 में फिल्म ‘हीरोपंती’ से अपने करियर की शुरुआत की थी। अपनी बेजोड़ फ्लेक्सिबिलिटी, डांस और मार्शल आर्ट्स के दम पर उन्होंने बेहद कम समय में ‘बागी’, ‘बागी 2’ और ‘वॉर’ जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों से बॉलीवुड में एक्शन हीरो के तौर पर अपनी मजबूत धाक जमाई। फिल्मों के अलावा टाइगर खेल जगत में भी सक्रिय हैं और 2019 में उनके द्वारा सह-स्थापित ‘मैट्रिक्स फाइट नाइट’ (एमएफएन) वर्तमान में भारत का सबसे बड़ा मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स (एमएमए) प्लेटफॉर्म बन चुका है।

 

Check Also

हैट्रिक की राह में ‘टिकट’ का पेंच: SIR अभियान छोड़ दिल्ली-लखनऊ दौड़ रहे विधायक, क्या भाजपा के बूथ प्रबंधन पर पड़ेगा असर?

आगामी विधानसभा चुनाव में सत्ता की हैट्रिक लगाने का सपना संजोए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) …