Monday , 19 October 2026

‘किस्मत आजमानी है तो आइए, हमारा भी काम अधूरा है’, ट्रंप की धमकी पर भड़का ईरान; अराघची ने दी सीधी चेतावनी

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरान पर कार्रवाई को लेकर दिए गए तीखे बयान के बाद दोनों मुल्कों के बीच कूटनीतिक और सैन्य तनातनी चरम पर पहुंच गई है। ट्रंप की चेतावनी पर पलटवार करते हुए ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने अमेरिका को खुला चैलेंज दिया है। अराघची ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पिछली बार जब अमेरिका ने ईरान को दबाने की कोशिश की थी, तब देश पहले से कहीं अधिक ताकतवर होकर उभरा था। उन्होंने दो टूक लहजे में कहा कि यदि अमेरिका दोबारा सैन्य टकराव की राह चुनना चाहता है तो ईरान पूरी तरह तैयार है, क्योंकि उसके भी कुछ “अधूरे काम” बाकी हैं।

‘सावधान रहिए, काम हमारा भी बाकी है’, अराघची का ट्रंप पर तीखा प्रहार

ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर ट्रंप को सीधा जवाब देते हुए लिखा, “पिछली बार जब आपने काम खत्म करने की कोशिश की थी, तब ईरान और मजबूत होकर उभरा था। क्या आप दोबारा अपनी किस्मत आजमाना चाहते हैं? आपका स्वागत है। लेकिन सावधान रहिए, हमारे भी कुछ अधूरे काम हैं।” अराघची ने दो टूक कहा कि तेहरान किसी भी नई सैन्य धमकी से झुकने वाला नहीं है।

नेतन्याहू पर गंभीर आरोप, कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए युद्ध भड़काने की साजिश

ट्रंप को चेतावनी देने के साथ ही ईरानी विदेश मंत्री ने इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू पर भी सीधा हमला बोला। अराघची ने आरोप लगाया कि नेतन्याहू अपने देश में खुद के खिलाफ चल रही कानूनी कार्यवाहियों और भ्रष्टाचार के मामलों से ध्यान भटकाने के लिए अमेरिका को एक और बड़े युद्ध की आग में झोंकने की साजिश रच रहे हैं। उन्होंने आगाह किया कि यदि इस उकसावे के चलते जंग छिड़ती है, तो इसके बेहद घातक परिणाम इजराइल के साथ-साथ खुद ट्रंप प्रशासन को भी भुगतने पड़ेंगे।

ट्रुथ सोशल पर ट्रंप का बयान, नेतन्याहू को बताया ‘शांति का महान योद्धा’

ईरान की ओर से यह तल्ख प्रतिक्रिया ट्रंप के उस संदेश के बाद आई है, जिसमें उन्होंने 27 अक्टूबर को होने वाले इजराइली संसदीय चुनाव से पहले नेतन्याहू के पक्ष में जोरदार माहौल बनाया। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर इजराइली जनता को संबोधित करते हुए नेतन्याहू को “महान योद्धा प्रधानमंत्री” और शांति स्थापना के लिए सबसे भरोसेमंद साथी करार दिया।

‘ईरान को कर दिया कमजोर, जल्द खत्म करेंगे काम’: अमेरिकी राष्ट्रपति की दो टूक

ट्रंप ने तेहरान पर दशकों से इजराइल और अमेरिका को डराने-धमकाने का आरोप लगाया। उन्होंने ‘अमेरिका की मौत’ और ‘इजराइल की मौत’ जैसे नारों का हवाला देते हुए दावा किया कि ईरान की सैन्य और आर्थिक ताकत को अमेरिकी नीतियों ने पहले ही काफी हद तक पंगु बना दिया है। ट्रंप ने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि यदि ईरान ने समय रहते अपना आक्रामक रुख नहीं बदला, तो अमेरिका बिना देर किए अपना काम मुकम्मल कर देगा। इसके साथ ही उन्होंने इजराइली मतदाताओं से नेतन्याहू को दोबारा चुनने की खुली अपील करते हुए कहा कि यदि वहां गलत नेतृत्व चुना गया, तो हालात को संभालने के लिए अमेरिका को खुद आगे आना पड़ेगा।

 

Check Also

हैट्रिक की राह में ‘टिकट’ का पेंच: SIR अभियान छोड़ दिल्ली-लखनऊ दौड़ रहे विधायक, क्या भाजपा के बूथ प्रबंधन पर पड़ेगा असर?

आगामी विधानसभा चुनाव में सत्ता की हैट्रिक लगाने का सपना संजोए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) …