
राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले से एक रोंगटे खड़े कर देने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां मामूली पारिवारिक विवाद दोहरे हत्याकांड में तब्दील हो गया। गंगरार थाना इलाके में पहले पति ने विवाद के दौरान अपनी पूर्व पत्नी पर बंदूक से गोली चला दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। अपनी आंखों के सामने मां की हत्या होते देख बेटे का गुस्सा फूट पड़ा और उसने लाठी से पीट-पीटकर अपने ही पिता को मौत के घाट उतार दिया।
खेत पर विवाद और पूर्व पत्नी पर गोलीबारी गंगरार पुलिस के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र के भेरू सिंह जी का खेड़ा निवासी भगवाना कालबेलिया ने तीन शादियां की थीं और वह वर्तमान में गंगरार के सुवानिया गांव में अपनी तीसरी पत्नी तारा के साथ रह रहा था। घटना के समय भगवाना अपने खेत पर परिचितों के साथ मौजूद था। इसी दौरान उसकी पूर्व पत्नी भोमली और उसका बेटा अनिल खेत पर पहुंचे और भगवाना पर अपने पैतृक गांव भेरू सिंह जी का खेड़ा लौटने का दबाव बनाने लगे। दोनों पक्षों के बीच देखते ही देखते विवाद और गाली-गलौज बढ़ गई। गुस्से में आकर भगवाना ने अपने पास रखी बंदूक निकाली और पूर्व पत्नी भोमली पर फायर झोंक दिया, जिससे उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
मां की हत्या देख आपा खोया, बेटे ने पिता पर किया जानलेवा हमला मां की दर्दनाक मौत को सामने देख बेटा अनिल अपना आपा खो बैठा। उसने पास में पड़ी एक लाठी उठाई और ताबड़तोड़ पिता भगवाना पर हमला कर दिया। अनिल ने लाठी से पीट-पीटकर मौके पर ही अपने पिता की जान ले ली। इस दौरान बीच-बचाव करने आई भगवाना की तीसरी पत्नी तारा भी लाठी लगने से गंभीर रूप से घायल हो गई।
पुलिस ने संभाला मोर्चा, इलाके में भारी जाप्ता तैनात दोहरे हत्याकांड की सूचना मिलते ही गंगरार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने दोनों मृतकों (भगवाना और भोमली) के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। वहीं, गंभीर रूप से घायल तारा को उपचार के लिए चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। तनाव की स्थिति को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और मामले में वैधानिक कानूनी कार्रवाई जारी है।
voice of india