लखनऊ। राजधानी से सटे मोहनलालगंज इलाके में इंसानियत को तार-तार कर देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। निगोहां थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 16 वर्षीय नाबालिग किशोरी को होटल में अच्छी नौकरी का लालच देकर झांसे में लिया गया। इसके बाद आरोपियों ने उसे एक होटल के कमरे में तीन दिनों तक बंधक बनाकर रखा और उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता किसी तरह आरोपियों के चंगुल से छूटकर घर पहुंची और अपनी भाभी को आपबीती सुनाई। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और दुष्कर्म समेत गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नौकरी दिलाने के बहाने रची गई साजिश
घटनाक्रम की शुरुआत बीते 17 जुलाई से हुई, जब किशोरी अचानक अपने घर से संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गई। परिजन उसकी दिन-रात तलाश कर रहे थे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल पा रहा था। इसी बीच परिजनों को गुप्त सूचना मिली कि मोहनलालगंज के गदियाना गांव की रहने वाली राबिया और खुशबू नाम की दो महिलाएं उसे बहला-फुसलाकर अपने घर ले गई हैं। जब पीड़िता के परिजन वहां पहुंचे, तो नाबालिग उन्हें देखते ही फफक-फफक कर रो पड़ी और अपने साथ हुई हैवानियत का खुलासा किया।
होटल में तीन दिन तक बंधक बनाकर की दरिंदगी
पीड़िता ने बताया कि 18 जुलाई को राबिया का पति दुर्गेश उसे बाइक पर बैठाकर होटल में काम दिलाने के बहाने पीजीआई क्षेत्र के एक होटल में ले गया। वहां उसे एक कमरे में बंद कर दिया गया। आरोप है कि बिजनौर थाना क्षेत्र के द्वारिका निवासी ढुड़वा नाम के शख्स ने उसे तीन दिनों तक बंधक बनाए रखा और लगातार उसके साथ दुष्कर्म किया। तीन दिन बाद आरोपी दुर्गेश उसे वापस गदियाना गांव ले आया और मुंह खोलने पर जान से मारने की खौफनाक धमकी दी।
सीसीटीवी डीवीआर जब्त, पुलिस खंगाल रही साक्ष्य
मामले की सूचना मिलते ही मोहनलालगंज कोतवाली पुलिस एक्शन में आ गई। प्रभारी निरीक्षक रामबाबू सिंह पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और होटल का बारीकी से निरीक्षण किया। साक्ष्य जुटाने के उद्देश्य से पुलिस ने होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर (DVR) को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फुटेज की जांच से कई अहम सुराग मिलने की उम्मीद है, जिससे आरोपियों की लोकेशन और गतिविधियों का सटीक पता लगाया जा सकेगा।
5 आरोपियों पर FIR, गिरफ्तारी के लिए दबिश जारी
प्रभारी निरीक्षक रामबाबू सिंह ने बताया कि पीड़िता की भाभी से प्राप्त तहरीर के आधार पर कुल पांच आरोपियों के खिलाफ दुष्कर्म, पॉक्सो (POCSO) एक्ट और जान से मारने की धमकी देने जैसी गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया है जो संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का दावा है कि मामले की गहनता से विवेचना की जा रही है और दोषियों को सख्त सजा दिलाई जाएगी।
voice of india
