Monday , 24 August 2026

दिल दहला देने वाली वारदात: शराब के पैसों के लिए पति ने पत्नी को उतारा मौत के घाट, 3 दिन तक पेटी में बंद रखा शव; हाथ बंधे मिले

 झुंझुनूं (राजस्थान) . राजस्थान के झुंझुनूं जिले से एक बेहद खौफनाक और रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। सूरजगढ़ थाना क्षेत्र के अगवाना खुर्द गांव में एक कलयुगी पति ने अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या की इस वारदात को छुपाने के लिए आरोपी ने शव को घर में रखी लोहे की पेटी में बंद कर दिया और तीन दिनों तक उसी घर में बेखौफ रहता रहा। जब पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पेटी खोली, तो अंदर का खौफनाक मंजर देखकर हर किसी की रूह कांप गई।

शराब के पैसों के लिए विवाद बना हत्या की वजह

मृतका की पहचान सिलोचना फौगाट (पत्नी कृष्ण कुमार जाट) के रूप में हुई है। शुरुआती पुलिस जांच में जो वजह सामने आई है, वह बेहद हैरान करने वाली है। बताया जा रहा है कि आरोपी कृष्ण कुमार शराब पीने का आदी था। घटना वाले दिन उसका अपनी पत्नी से शराब खरीदने के लिए पैसे मांगने को लेकर विवाद हुआ था। जब पत्नी ने पैसे देने से साफ इनकार कर दिया, तो आरोपी ने गुस्से में आकर उस पर जानलेवा हमला कर दिया और उसकी हत्या कर दी।

पेटी खोली तो उड़े होश: बंधे मिले हाथ, 3 दिन पुराना था शव

हत्या के बाद आरोपी ने सबूत मिटाने की नियत से पत्नी के शव के दोनों हाथ बांधे और उसे घर में रखी एक बड़ी पेटी के अंदर ठूंसकर बंद कर दिया। शव करीब तीन दिन तक पेटी में ही पड़ा रहा, जिससे वह सड़ने लगा था। पुलिस को जब घटना की भनक लगी तो FSL (फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी) टीम के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने पेटी खोलकर शव को बाहर निकाला और FSL टीम ने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य और फिंगरप्रिंट जुटाए।

आरोपी पति पुलिस हिरासत में, गांव में पसरा सन्नाटा

दर्दनाक वारदात की खबर फैलते ही अगवाना खुर्द गांव में सनसनी फैल गई और देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूरजगढ़ थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति कृष्ण कुमार जाट को हिरासत में ले लिया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से कड़ाई से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही हत्या के सही तरीकों और अन्य संभावित पहलुओं का पूरी तरह से खुलासा हो पाएगा। फिलहाल इस वीभत्स घटना से पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है।

Check Also

सहारनपुर में सनसनीखेज वारदात: प्रेमी ने की प्रेमिका की नृशंस हत्या, संबंध बनाने के बहाने जंगल ले जाकर सरिए से फोड़ा सिर; पति के साथ ढूंढने का करता रहा नाटक

सहारनपुर  : उत्तर प्रदेश के सहारनपुर स्थित गागलहेड़ी थाना क्षेत्र में 14 अगस्त को जंगल …