Wednesday , 8 July 2026

दिल्ली में शादी का खौफनाक अंत: दो महीने में मातम, छत से गिरने से पहले गूगल पर सर्च किया- ‘दूसरी मंजिल से कूदने पर मौत होगी क्या?’

नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली में एक बार फिर एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने सनसनी फैला दी है। लोधी कॉलोनी इलाके की रहने वाली 28 वर्षीय आकृति सुतार की मौत के बाद से एक हंसता-खेलता परिवार मातम में डूब गया है। पिछले कुछ महीनों में दिल्ली के भीतर इस तरह का यह तीसरा हाई-प्रोफाइल मामला है, जिसने देश भर में एक नई बहस को हवा दे दी है। इस पूरे मामले में आकृति का परिवार शुरू से ही एक ही बात पर अड़ा है कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि सोची-समझी हत्या है।

शादी के अभी महज दो महीने भी पूरे नहीं हुए थे कि शनिवार शाम को पालिका कुंज स्थित NDMC फ्लैट्स की एक इमारत से संदिग्ध हालत में गिरकर आकृति की जान चली गई। दिल्ली पुलिस फिलहाल इस पूरे मामले को हर एंगल से खंगाल रही है, लेकिन मायके पक्ष का रुख पूरी तरह साफ है कि वे किसी भी सूरत में सुसाइड की थ्योरी को स्वीकार नहीं करेंगे।

ऑफिस में दी थी शादी की पार्टी, कुछ घंटे बाद ही आ गई मौत की खबर

घटना से ठीक पहले की जो कहानी सामने आ रही है, वह बेहद हैरान और परेशान करने वाली है। परिवार के मुताबिक, पति की लगातार जिद और घर में रोज-रोज होने वाले कलेश के कारण आकृति भारी तनाव में थी। इसी वजह से उसने कुछ दिनों के लिए ऑफिस जाना भी बंद कर दिया था। मायके पक्ष का आरोप है कि घर पर रहने के दौरान भी ससुराल में उसके साथ व्यवहार बिल्कुल ठीक नहीं था। काफी उतार-चढ़ाव के बाद 1 जुलाई को ही उसने दोबारा काम पर लौटना शुरू किया था।

दिल दहला देने वाली बात यह है कि जिस दिन यह खौफनाक हादसा हुआ, ठीक उसी दिन आकृति ने ऑफिस में अपने सहकर्मियों (Colleagues) के साथ मिलकर अपनी शादी की एक छोटी सी सेलिब्रेशन पार्टी भी रखी थी। ऑफिस में सब कुछ सामान्य लग रहा था, लेकिन इसके बाद दिल्ली पुलिस को जो सीसीटीवी (CCTV) फुटेज मिली, उसने उलझन और बढ़ा दी। फुटेज में घटना से ठीक पहले आकृति को अकेले ही उस हाउसिंग सोसाइटी में दाखिल होते हुए देखा गया है।

‘दूसरी मंजिल से गिरने पर मौत होगी या नहीं?’ गूगल सर्च हिस्ट्री देख पुलिस भी हैरान

पुलिस की शुरुआती तकनीकी जांच में एक बेहद परेशान और चौंकाने वाली बात सामने आई है। जांच अधिकारियों के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब 2:22 बजे आकृति के मोबाइल फोन से एक गूगल सर्च किया गया था। इस सर्च में यह जानने की कोशिश की गई थी कि ‘क्या दूसरी मंजिल से नीचे गिरने पर किसी की मौत हो सकती है?’

इतना ही नहीं, जब पुलिस ने उसके फोन की पुरानी सर्च हिस्ट्री खंगाली, तो मई महीने के रिकॉर्ड में भी एक ऐसा ही बेहद संवेदनशील और डराने वाला सवाल दर्ज मिला। मई में उसने गूगल पर सर्च किया था- ‘आसानी से कैसे मरें?’ अब पुलिस ने इस पूरी डिजिटल सर्च हिस्ट्री को अपनी जांच का सबसे अहम हिस्सा बना लिया है।

फोन बंद होने के कुछ ही देर बाद आया पुलिस का फोन, छतरपुर में करती थी काम

पुष्प विहार की रहने वाली आकृति छतरपुर में एक नामी कंपनी में बतौर सेल्स एग्जीक्यूटिव काम करती थीं। परिवार वालों ने बताया कि शनिवार की शाम को जब वह ऑफिस से निकल रही थी, तब उनकी आकृति से सामान्य बातचीत हुई थी। लेकिन इस बातचीत के कुछ ही देर बाद अचानक उसका फोन स्विच ऑफ हो गया।

परेशान होकर परिवार वाले अभी उसे तलाशने की सोच ही रहे थे कि तभी उनके पास लोधी कॉलोनी थाना पुलिस का फोन आ गया। पुलिस ने उन्हें जो खबर दी, उसने पैरों तले से जमीन खिसका दी। पुलिस ने बताया कि एक सरकारी हाउसिंग कॉम्प्लेक्स की छत से गिरने के कारण आकृति की मौत हो चुकी है।

मायके पक्ष का आरोप- दहेज के लिए मानसिक प्रताड़ना, मजबूत थी आकृति

इस दर्दनाक घटना के बाद आकृति के परिजनों ने पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने सीधे तौर पर दहेज उत्पीड़न और हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि आकृति मानसिक रूप से बेहद मजबूत और जिंदादिल लड़की थी। वह जीवन में इतनी आसानी से हार मानने वालों में से नहीं थी। उसके पास ऐसा कोई कारण नहीं था कि वह खुद अपनी जिंदगी खत्म करने जैसा इतना बड़ा और आत्मघाती कदम उठा ले। फिलहाल पुलिस सुसाइड और मर्डर दोनों ही थ्योरी को सामने रखकर मामले की गहराई से तफ्तीश कर रही है।

Check Also

‘अब तुम्हें विदा करना होगा..’ बहन अंशुला की शादी पर भावुक हुए अर्जुन कपूर, मंडप में मां की तस्वीर देख रो पड़े फैंस

बॉलीवुड अभिनेता अर्जुन कपूर अपनी लाडली बहन अंशुला कपूर की शादी के बाद बेहद भावुक …