Wednesday , 24 June 2026

इंस्टाग्राम पर ‘प्रिंस’ बनकर किया प्यार, मंदिर में रचाई शादी….अब कब्र खोदकर निकाला गया रीवा की गोल्डी का शव

प्रयागराज/रीवा। सोशल मीडिया के मायाजाल से शुरू हुई एक प्रेम कहानी का अंत बेहद खौफनाक और रूह कंपा देने वाला रहा। मध्य प्रदेश के रीवा की रहने वाली गोल्डी वर्मा नाम की युवती की उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मौत के बाद बिना मायके वालों को सूचना दिए उसके शव को चुपचाप दफना भी दिया गया। इस पूरे मामले में ‘लव जिहाद’ का आरोप लगाते हुए मृतका के परिजनों ने इंसाफ की गुहार लगाई है, जिसके बाद प्रशासन ने मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कब्र खोदकर युवती का शव बाहर निकाला।

इंस्टाग्राम पर ‘प्रिंस’ बनकर जाल में फंसाया, हैदराबाद के मंदिर में की शादी

रीवा की गोल्डी वर्मा की मुलाकात कुछ समय पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर ‘प्रिंस’ नाम के एक युवक से हुई थी। प्रिंस ने अपनी असली धार्मिक पहचान छिपाकर गोल्डी से दोस्ती बढ़ाई। धीरे-धीरे यह दोस्ती प्यार में बदल गई। दोनों का प्यार इस कदर परवान चढ़ा कि वे घर से भाग निकले। इसके बाद साहिल उर्फ ‘प्रिंस’ ने हैदराबाद के एक मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से गोल्डी के साथ फेरे लिए और शादी रचा ली। शादी के बाद दोनों गुजरात के सूरत शहर में जाकर रहने लगे।

सूरत में प्रताड़ना और दिल्ली के बहाने प्रयागराज के गांव पहुंचा आरोपी

सूरत में रहने के दौरान गोल्डी के सपनों का महल ढहने लगा। वहां उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। तंग आकर गोल्डी वापस रीवा अपने मायके लौट आई। हालांकि, कुछ महीनों बाद आरोपी युवक दोबारा रीवा पहुंचा और गोल्डी को बहला-फुसलाकर साथ ले गया। उसने लड़की के परिजनों से झूठ बोला कि वे दोनों दिल्ली जा रहे हैं, लेकिन वह उसे दिल्ली न ले जाकर प्रयागराज के कौंधियारा स्थित अपने पैतृक गांव ले आया। यहीं आकर गोल्डी के सामने यह भयानक सच उजागर हुआ कि जिसे वह ‘प्रिंस’ समझकर पूज रही थी, वह असल में साहिल खान है।

6 जून को रहस्यमयी मौत, मायके को बिना बताए मुस्लिम रीति-रिवाज से दफनाया

बीती 6 जून को साहिल के घर पर गोल्डी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। साहिल और उसके परिवार ने इस मौत की भनक गोल्डी के मायके वालों को नहीं लगने दी। मौत के करीब 15 दिन बाद गोल्डी की बहन को उसकी एक सहेली के जरिए इस अनहोनी की जानकारी मिली। पैर तले जमीन खिसकने के बाद परिजन तुरंत रीवा से प्रयागराज के कौंधियारा गांव पहुंचे। वहां उन्हें पता चला कि गोल्डी की मौत हो चुकी है और साहिल के परिजनों ने उसे मुस्लिम रीति-रिवाज के मुताबिक सुपुर्द-ए-खाक (दफना) कर दिया है।

कब्र खोदकर निकाला गया शव, परिजनों ने कहा- ‘लव जिहाद’ के बाद दी गई दर्दनाक मौत

मायके वालों ने तुरंत स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से संपर्क कर मदद मांगी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन के सहयोग से मजिस्ट्रेट की निगरानी में गोल्डी के शव को कब्र से बाहर निकाला गया। इसके बाद शव का बकायदा पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने गोल्डी के पार्थिव शरीर को प्रयागराज लाकर पूरे हिंदू रीति-रिवाज के साथ मुखाग्नि दी और उसका दाह संस्कार किया।

मृतका की मां बेबी देवी और बहन नीतू वर्मा ने सीधे तौर पर आरोप लगाया है कि गोल्डी को जहर देकर मारा गया है। वह ‘लव जिहाद’ और धोखेबाजी का शिकार हुई है। आरोपी ने पहचान छिपाकर पहले उसका जीवन बर्बाद किया और फिर उसे मौत के घाट उतार दिया। पीड़ित परिवार अब आरोपी साहिल और उसके मददगारों को फांसी की सजा दिलाने की मांग कर रहा है।

Check Also

अलीगंज अग्निकांड: घटनास्थल पर पहुंची SIT की टीम, फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स ने जुटाए जले तारों के सैंपल, 7 दिन में आएगी रिपोर्ट….हर विभाग की तय होगी जवाबदेही

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कड़े रुख के बाद अलीगंज अग्निकांड मामले की जांच ने …