
नोएडा/लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उड्डयन इतिहास में आज 15 जून का दिन सुनहरे अक्षरों में दर्ज हो गया है। दिल्ली-एनसीआर के दूसरे बड़े हवाई अड्डे, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) से आज से कमर्शियल यात्री उड़ानों का भव्य आगाज हो गया है। विमानन कंपनी इंडिगो (IndiGo) ने इस ऐतिहासिक दिन के उद्घाटन के लिए एक खास तिहरा रूट (Lucknow-Noida-Bengaluru) तैयार किया है। जेवर एयरपोर्ट के रनवे पर जैसे ही लखनऊ से आई पहली फ्लाइट ने टचडाउन किया, वैसे ही इस विमान का जोरदार ‘वाटर कैनन सैल्यूट’ से स्वागत किया गया। इस पहली उद्घाटन फ्लाइट से उत्तर प्रदेश के करीब 75 बड़े कारोबारी और उद्यमी जेवर पहुंचे हैं। वहीं, आज शाम को नोएडा से लखनऊ जाने वाली फ्लाइट से जेवर के वे किसान लखनऊ के लिए उड़ान भरेंगे, जिन्होंने इस भव्य एयरपोर्ट के लिए अपनी पुश्तैनी जमीनें दी हैं।
त्रिकोणीय रूट से हुई शुरुआत: लखनऊ से नोएडा आकर बेंगलुरु रवाना हुआ पहला विमान
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के इतिहास की सबसे पहली लैंडिंग करने वाली उद्घाटन उड़ान (फ्लाइट नंबर 6E-2278) सुबह 7:05 बजे लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट से टेक ऑफ करने के बाद ठीक 8:05 बजे जेवर एयरपोर्ट पर उतरी। इस ऐतिहासिक पल के गवाह बनने के लिए विमानन मंत्रालय, नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) और एयरपोर्ट ऑपरेटर (यूरिक एयरपोर्ट/NIAL) के तमाम शीर्ष अधिकारी भी इस फ्लाइट में मौजूद रहे। जेवर में लैंड करने के बाद इस विमान को वाटर कैनन की बौछारों से नहलाया गया। इसके बाद यही विमान नोएडा से बेंगलुरु के लिए रवाना हो गया, जिससे इसका त्रिकोणीय रूट पूरा हुआ।
पहली फ्लाइट के खास मेहमान: यूपी के 75 दिग्गज उद्योगपतियों ने किया सफर
इस उद्घाटन फ्लाइट में दिल्ली-एनसीआर, गाजियाबाद और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई नामी बिजनेसमैन, निवेशक और कारोबारी नेता शामिल रहे। सीआरसी ग्रुप के साथ उद्योगपतियों और निवेशकों का यह समूह विशेष रूप से इस उड़ान का हिस्सा बना। उद्योगपतियों का कहना है कि जेवर एयरपोर्ट के चालू होने से नोएडा और ग्रेटर नोएडा वैश्विक स्तर पर एक बड़ा बिजनेस हब बनकर उभरेगा, जिससे क्षेत्र में ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर्स (GCCs) बढ़ेंगे, नए निवेश के अवसर आएंगे और लाखों रोजगार पैदा होंगे। कई आम पैसेंजर्स ने भी इस ऐतिहासिक पल का गवाह बनने के लिए महीनों पहले से ही इस फ्लाइट की टिकटें बुक करा ली थीं।
दूसरी उड़ान में जेवर के 175 किसान जाएंगे लखनऊ, सीएम योगी आदित्यनाथ से होगी मुलाकात
आज शाम को नोएडा एयरपोर्ट से लखनऊ के लिए वापसी की विशेष उड़ान (फ्लाइट नंबर 6E-2279) संचालित होगी। यह विमान दोपहर में बेंगलुरु से उड़ान भरकर शाम 6:20 बजे नोएडा पहुंचेगा, जिसके बाद शाम 6:55 बजे यह नोएडा (DXN) से टेक ऑफ कर रात 8:00 बजे लखनऊ (LKO) पहुंचेगा। इस फ्लाइट में जेवर के 170 से ज्यादा किसान और मजदूर सफर करेंगे, जिनमें 20 महिलाएं भी शामिल हैं। यह वही किसान हैं जिन्होंने देश के इस सबसे बड़े एयरपोर्ट के निर्माण के लिए अपनी पुश्तैनी जमीनें सरकार को सौंप दी थीं। जेवर के विधायक धीरेंद्र सिंह इस पूरे किसान दल को अपने साथ लेकर लखनऊ जा रहे हैं, जहां ये सभी किसान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात करेंगे।
यात्रियों में भारी उत्साह, कल से शुरू होंगी आकासा एयर की उड़ानें
जेवर एयरपोर्ट से पहली उड़ान का अनुभव लेने के लिए दिल्ली के पश्चिम विहार से आए यात्रियों ने बताया कि पहली फ्लाइट चाहे कहीं की भी होती, वे इसमें सफर करने के लिए बेहद उत्सुक थे। एयरपोर्ट से लखनऊ जाने वाली महिला किसानों ने इस बड़े तोहफे के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ का दिल से धन्यवाद किया। एयरपोर्ट अथॉरिटी के मुताबिक, पहले दिन जेवर एयरपोर्ट से कुल 6 से 7 उड़ानों का संचालन किया जा रहा है, जिनमें हैदराबाद, अमृतसर, बेंगलुरु और लखनऊ के रूट्स शामिल हैं। वहीं, इंडिगो के बाद कल यानी 16 जून से ‘आकासा एयर’ (Akasa Air) भी इस एयरपोर्ट से अपनी कमर्शियल उड़ानें शुरू कर देगी।
voice of india