Monday , 1 June 2026

जमुई में अनोखा ब्याह: सहेली को दुल्हन बनाने के लिए राखी ने दिल्ली में बदला जेंडर, बीपीएससी शिक्षिका नैंसी संग मंदिर में रचाया विवाह

जमुई। बिहार के जमुई जिले से एक बेहद अनोखी और फिल्मी कहानी जैसी शादी का मामला सामने आया है, जो इन दिनों पूरे इलाके और सोशल मीडिया पर टॉक ऑफ द टाउन बनी हुई है। यह पूरा मामला लक्ष्मीपुर प्रखंड के नजारी गांव का है, जहां दो सहेलियों ने समाज की परवाह किए बिना जिंदगी भर एक-दूसरे का हाथ थामने का फैसला कर लिया। खास बात यह है कि अपनी सहेली नैंसी को दुल्हन बनाने के लिए राखी कुमारी ने दिल्ली जाकर बाकायदा अपना जेंडर चेंज (लिंग परिवर्तन) कराया। इसके बाद दोनों ने मंदिर में पारंपरिक हिंदू रीति-रिवाज से शादी रचाई, जिसमें राखी दूल्हा और नैंसी दुल्हन बनी। शादी के बाद जब दुल्हन बनी नैंसी अपने ससुराल (राखी के पैतृक गांव हरला) पहुंची, तो वहां परिजनों ने पारंपरिक तरीके से नई नवेली जोड़ी का भव्य स्वागत किया।

बचपन की सहेलियां, प्यार और फिर बीपीएससी (BPSC) टीचर बनने का सफर

जानकारी के मुताबिक, नैंसी और राखी बचपन से ही एक-दूसरे की बेहद पक्की और करीबी दोस्त थीं। साथ खेलते और पढ़ते हुए दोनों की यह दोस्ती कब अटूट प्यार में बदल गई, इन्हें खुद भी पता नहीं चला। दोनों का इश्क इस कदर परवान चढ़ा कि उन्होंने साथ जीने-मरने और शादी करने की कसमें खा लीं। इसी बीच, नैंसी ने अपनी कड़ी मेहनत के दम पर बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की शिक्षक भर्ती परीक्षा पास कर ली और सरकारी शिक्षिका बन गई। वर्तमान में नैंसी की पोस्टिंग उसके गांव से महज तीन किलोमीटर दूर मेदिनीपुर स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय में है।

नैंसी ने खर्च उठाकर दिल्ली में कराया सहेली का जेंडर चेंज

सरकारी नौकरी मिलने और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर होने के बाद नैंसी ने अपनी सहेली राखी के साथ जीवन बिताने के सपने को पूरा करने के लिए एक बड़ा कदम उठाया। नैंसी खुद राखी को साथ लेकर देश की राजधानी दिल्ली गई। वहां के एक बड़े अस्पताल में पूरी कानूनी और चिकित्सकीय प्रक्रिया (Medical Transition) से गुजरने के बाद राखी का जेंडर चेंज कराया गया। इस सफल सर्जरी के बाद राखी पूरी तरह पुरुष बन गई। इसके बाद दोनों वापस जमुई लौटे और मलयपुर थाना क्षेत्र के प्रसिद्ध पतनेश्वर मंदिर में पूरे रीति-रिवाज, सात फेरों और सिंदूरदान के साथ शादी के बंधन में बंध गए। इंटरनेट पर इस अनोखी शादी का वीडियो आते ही तेजी से वायरल हो गया।

एक परिवार ने दी रजामंदी, तो दूसरे के घर में पसरा है भारी तनाव

इस अनोखे विवाह को लेकर राखी के परिवार ने तो खुले दिल से अपनी सहमति दे दी और बहू बनी नैंसी का गृह प्रवेश भी कराया, लेकिन नैंसी के मायके वालों की तरफ से मुश्किलें कम नहीं हो रही हैं। नैंसी के घरवाले इस शादी से सख्त नाराज हैं और दोनों परिवारों के बीच भारी तनाव की स्थिति बनी हुई है। बताया जा रहा है कि मंदिर में शादी की भनक लगते ही नैंसी के गुस्से से आगबबूला परिजन राखी के पैतृक घर हरला भी धमक पड़े थे, लेकिन भावी विवाद और सुरक्षा को भांपते हुए यह नवविवाहित जोड़ा पहले ही वहां से किसी सुरक्षित अज्ञात स्थान के लिए रवाना हो चुका था। फिलहाल, यह अनोखी प्रेम कहानी पूरे बिहार में खूब सुर्खियां बटोर रही है।

Check Also

JEE Advanced 2026 Result: आईआईटी दिल्ली जोन का जलवा, शुभम कुमार बने ऑल इंडिया टॉपर, टॉप-3 पर एक ही जोन का कब्जा

नई दिल्ली। देश की सबसे प्रतिष्ठित और कठिन इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षाओं में से एक ‘जेईई …