Saturday , 23 May 2026

मॉडल ट्विशा शर्मा मौत मामला: आरोपी पति समर्थ सिंह आज भोपाल कोर्ट में होगा पेश, पुलिस मांगेगी 7 दिन की रिमांड; पूर्व जज सास को हाईकोर्ट का नोटिस

भोपाल  : मॉडल ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में आज का दिन बेहद अहम होने वाला है। इस हाई-प्रोफाइल केस के मुख्य आरोपी और ट्विशा के पति समर्थ सिंह को भोपाल पुलिस आज भारी सुरक्षा के बीच कोर्ट में पेश करने जा रही है। पुलिस कोर्ट से आरोपी की सात दिनों की रिमांड की मांग करेगी ताकि मौत के पीछे छिपे गहरे राज उगलवाए जा सकें। दूसरी ओर, मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने समर्थ की मां और पूर्व जज गिरिबाला सिंह को मध्य प्रदेश हाईकोर्ट का नोटिस तामील (सौंप) करा दिया है, जिसमें उन्हें आगामी 25 मई को कोर्ट के सामने हाजिर होकर अपना पक्ष रखने का कड़ा निर्देश दिया गया है।

घटनास्थल पर पहुंची पुलिस की टीम, पूर्व जज गिरिबाला खुद नहीं लड़ेंगी केस

शनिवार सुबह से ही इस मामले में पुलिसिया कार्रवाई बेहद तेज हो गई है। जांच के लिए गठित विशेष जांच दल (SIT) की एक टीम पूर्व जज गिरिबाला सिंह के उस घर की छत पर पहुंची है, जहां 12 मई को ट्विशा शर्मा का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी पर लटका मिला था। पुलिस की टीम वहां जिम्नास्टिक हुक और बेल्ट की ऊंचाई व लंबाई को नापकर सीन रिक्रिएट कर रही है। इसी बीच सुबह लगभग 10 बजे गिरिबाला के आवास पर वकीलों की एक टीम भी मंत्रणा के लिए पहुंची। पहले चर्चा थी कि पूर्व जज होने के नाते गिरिबाला सिंह खुद अपना केस लड़ेंगी, क्योंकि उनके पुराने वकील ने केस छोड़ दिया है। हालांकि, न्यूज़ चैनल से बातचीत में समर्थ के भाई ने साफ कर दिया कि गिरिबाला सिंह के खुद केस लड़ने का ऐसा कोई प्लान नहीं है, उनके लिए नए वकीलों का पैनल पैरवी करेगा।

10 दिन की फरारी के बाद जबलपुर हाईकोर्ट में किया था सरेंडर

मॉडल पत्नी ट्विशा की मौत के बाद से ही आरोपी पति समर्थ सिंह पिछले 10 दिनों से लगातार फरार चल रहा था। भोपाल पुलिस ने उस पर 30 हजार रुपये का नकद इनाम भी घोषित कर रखा था। शुक्रवार को गिरफ्तारी के डर से समर्थ अग्रिम जमानत याचिका दायर करने के लिए जबलपुर हाईकोर्ट पहुंचा था, लेकिन वहां कानूनी शिकंजा कसता देख उसने अपनी याचिका वापस ले ली और सरेंडर कर दिया। जबलपुर पुलिस ने फौरन उसे हिरासत में लेकर भोपाल पुलिस के हवाले कर दिया, जिसके बाद पुलिस टीम रात के करीब 2 बजे उसे कटारा हिल्स थाने लेकर आई। मामले की जांच कर रहे एसआईटी हेड और एसीपी रजनीश कश्यप भी थाने पहुंच चुके हैं और कानूनी पेपर वर्क पूरा कर समर्थ को कोर्ट ले जाने की तैयारी की जा रही है। हालांकि, समर्थ के वकील का दावा है कि उनका मुवक्किल फरार नहीं था, बल्कि सत्र न्यायालय से याचिका खारिज होने के बाद वे कानूनी प्रक्रिया के तहत हाईकोर्ट गए थे।

हाईकोर्ट सख्त: पूर्व जज सास को 25 मई को पेश होने का हुक्म, दिल्ली AIIMS की टीम करेगी दोबारा पोस्टमॉर्टम

शनिवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे भोपाल पुलिस ने पूर्व जज गिरिबाला सिंह के घर जाकर उन्हें हाईकोर्ट का नोटिस थमाया। दरअसल, सुनवाई के दौरान पुलिस ने कोर्ट को बताया था कि पूर्व जज गिरिबाला सिंह जांच में बिल्कुल सहयोग नहीं कर रही हैं, वहीं ट्विशा के मायके वालों ने भी उनकी अग्रिम जमानत याचिका का पुरजोर विरोध किया था। इसके बाद हाईकोर्ट ने उन्हें 25 मई को कोर्ट में उपस्थित होकर अपना जवाब दाखिल करने को कहा है। इस बीच, ट्विशा के माता-पिता की लगातार मांग के बाद शुक्रवार को हाईकोर्ट ने ट्विशा के शव का दोबारा पोस्टमॉर्टम कराने की ऐतिहासिक मंजूरी दे दी है। इसके लिए दिल्ली एम्स (Delhi AIIMS) की एक विशेष फॉरेंसिक टीम रविवार को भोपाल आ सकती है। ट्विशा की मौत को आज 12 दिन हो चुके हैं और उसका शव भोपाल एम्स की मर्चुरी में डीप फ्रीजर में सुरक्षित रखा गया है। मध्य प्रदेश सरकार ने इस पूरे मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए केंद्र सरकार को सीबीआई (CBI) जांच की सिफारिश का प्रस्ताव भी भेज दिया है।

डेटिंग ऐप से शुरू हुई थी लव स्टोरी, शादी के महज 5 महीने बाद ही खौफनाक अंत

उल्लेखनीय है कि मशहूर मॉडल ट्विशा शर्मा की मुलाकात पेशे से क्रिमिनल लॉयर समर्थ सिंह से एक सोशल डेटिंग ऐप के जरिए हुई थी। दोनों के बीच प्यार हुआ और दिसंबर 2025 में दोनों ने बेहद धूमधाम के साथ शादी रचाई थी। लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि इस शादी का अंत इतना खौफनाक होगा। शादी के महज 5 महीने बाद ही 12 मई 2026 को ट्विशा की लाश उसके ससुराल में फंदे से लटकी मिली। ट्विशा के माता-पिता और परिजनों का सीधा आरोप है कि उसकी सास गिरिबाला सिंह और पति समर्थ सिंह ने मिलकर दहेज और अन्य प्रताड़ना के चलते उसकी हत्या की है और उसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की जा रही है। इसी वजह से इंसाफ की जंग लड़ रहे परिजनों ने अब तक भोपाल एम्स से ट्विशा का शव भी रिसीव नहीं किया था।

Check Also

अमेरिका-सऊदी को पछाड़ भारत का तीसरा सबसे बड़ा तेल सप्लायर बना यह देश, अगले हफ्ते होने जा रही है ‘महाडील’….पढ़ें इनसाइड स्टोरी 

अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा बाजार के गलियारे से भारत के लिए एक बेहद बड़ी और राहत भरी …