कोलकाता: पश्चिम बंगाल के सियासी इतिहास में आज एक नया सूर्योदय हुआ है। कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में जनसैलाब के बीच भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। भवानीपुर की हाई-प्रोफाइल सीट पर पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को पटखनी देने वाले शुभेंदु अब राज्य की कमान संभालेंगे। शपथ ग्रहण के बाद एक बेहद खास तस्वीर सामने आई, जब उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपना प्रसिद्ध भगवा गमछा उतारकर शुभेंदु अधिकारी को पहना दिया। योगी का यह अंदाज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और इसे ‘हिंदुत्व और विजय’ के खास प्रतीक के रूप में देखा जा रहा है।
पीएम मोदी के छुए पैर, प्रधानमंत्री ने लगाया गले
शपथ ग्रहण के ठीक बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पास जाकर उनके चरण स्पर्श किए और आशीर्वाद लिया। पीएम मोदी ने भी गर्मजोशी के साथ शुभेंदु को गले लगाया और उनके कान में कुछ कहते हुए पीठ थपथपाई। मंच पर मौजूद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी नए मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया। इस दौरान दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता समेत एनडीए के कई दिग्गज नेता इस ऐतिहासिक पल के गवाह बने।
ब्रिगेड परेड ग्राउंड में दिग्गजों का जमावड़ा
आमतौर पर राजभवन में होने वाला शपथ ग्रहण समारोह इस बार जनता के बीच ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित किया गया। समारोह में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम थे और पूरे मैदान में ‘जय श्री राम’ और ‘सोनार बांग्ला’ के नारे गूंजते रहे। मंच पर केंद्र सरकार की पूरी कैबिनेट और विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों की मौजूदगी ने यह साफ कर दिया कि भाजपा के लिए बंगाल की यह जीत कितनी मायने रखती है।
आध्यात्मिक झुकाव और नंदीग्राम से सत्ता के शिखर तक का सफर
शुभेंदु अधिकारी का मुख्यमंत्री की कुर्सी तक पहुंचना किसी फिल्मी पटकथा से कम नहीं है। पूर्व मेदिनीपुर के प्रभावशाली ‘अधिकारी परिवार’ में जन्मे शुभेंदु का रुझान बचपन से ही आध्यात्मिकता की ओर था। उन्होंने बहुत कम उम्र में ही गृहस्थ जीवन को त्याग कर जनसेवा और राजनीति को अपना लक्ष्य बना लिया था। नंदीग्राम आंदोलन से अपनी पहचान बनाने वाले शुभेंदु ने इस चुनाव में ममता बनर्जी को उनके ही गढ़ भवानीपुर में हराकर यह साबित कर दिया कि वह बंगाल की राजनीति के नए ‘चाणक्य’ हैं।
voice of india
