Thursday , 28 May 2026

प्रयागराज में बड़ा रेल हादसा: करछना में कालका मेल की चपेट में आने से 5 की मौत, एक लापरवाही और काल बन गई…..

प्रयागराज (ब्यूरो)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के करछना थाना क्षेत्र से एक रूह कंपा देने वाली खबर सामने आई है। बुधवार की शाम पचदेवरा हाल्ट के पास हुए एक भीषण रेल हादसे में पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। इस हृदय विदारक घटना के बाद पूरे इलाके में कोहराम मच गया है। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और रेलवे के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया।

एक लापरवाही और काल बन गई कालका मेल

यह पूरी घटना पचदेवरा हाल्ट के पास की है। मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम करीब 7:30 बजे एक यात्री ट्रेन पचदेवरा हाल्ट के पास कुछ देर के लिए रुकी थी। इसी दौरान ट्रेन से उतरकर एक युवक दूसरी पटरी के पास टॉयलेट करने लगा। वह संभल पाता, उससे पहले ही दूसरी तरफ से तेज रफ्तार कालका मेल आ गई। युवक ट्रेन की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

परिजनों को बचाने की कोशिश में उजड़ गया परिवार

युवक को ट्रेन की चपेट में आता देख ट्रेन में सवार उसके परिजनों और अन्य यात्रियों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। घबराहट और बदहवासी में युवक के परिजन उसे बचाने के लिए नीचे उतर आए। लेकिन बदकिस्मती ऐसी कि उसी दौरान दूसरी लाइन पर भी ट्रेन आ गई। देखते ही देखते तीन और लोग ट्रेन की चपेट में आ गए और उनकी भी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में कुल पांच लोगों के हताहत होने की खबर है, जबकि एक अन्य व्यक्ति के लापता होने की भी चर्चा है, जिसके ट्रेन की चपेट में आने की आशंका जताई जा रही है।

मौके पर पहुंचे आला अधिकारी, जांच शुरू

हादसे की सूचना मिलते ही करछना थाने की पुलिस, एसीपी सुनील कुमार सिंह, जीआरपी और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस मृतकों की शिनाख्त करने की कोशिश में जुटी है। एसीपी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि हादसा बेहद दुखद है और रेलवे प्रशासन के साथ मिलकर मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। इस घटना के बाद से पचदेवरा हाल्ट के पास के ग्रामीणों और रेल यात्रियों में दहशत का माहौल है।

Check Also

IPL 2026 Eliminator SRH vs RR: वैभव सूर्यवंशी के तूफान में उड़ी सनराइजर्स हैदराबाद, राजस्थान रॉयल्स ने 47 रनों से रौंदकर क्वालिफायर-2 में मारी एंट्री

न्यू चंडीगढ़: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) के नॉकआउट स्टेज का रोमांच अपने चरम पर …