Thursday , 18 June 2026

लखनऊ में रूह कंपा देने वाली वारदात: दिव्यांग मां-बेटे की बेरहमी से हत्या; पुलिस चौकी के पास बदमाशों का तांडव, सिसेंडी गांव में मातम

लखनऊ (मोहनलालगंज)। राजधानी लखनऊ के मोहनलालगंज स्थित सिसेंडी गांव में सोमवार रात बदमाशों ने दुस्साहस की सारी हदें पार कर दीं। बदमाशों ने घर में घुसकर एक दिव्यांग मां और उसके नेत्रहीन बेटे की कपड़े से गला घोंटकर नृशंस हत्या कर दी। चौंकाने वाली बात यह है कि यह वारदात स्थानीय पुलिस चौकी से महज चंद कदमों की दूरी पर हुई। इस दोहरे हत्याकांड से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवालिया निशान खड़े हो गए हैं।

मौत का मंजर: बिस्तर के नीचे मिली मां, पानी की हौद में डूबा मिला बेटा

मृतका रेशमा बानो (45) अपनी एक आंख से दिव्यांग थीं और घर के बाहर गुमटी चलाकर परिवार का भरण-पोषण करती थीं। उनका बेटा शादाब (18) दोनों आंखों से देख नहीं सकता था। सोमवार शाम जब रिश्तेदार घर पहुंचे, तो नजारा देख उनके होश उड़ गए। रेशमा का शव चारपाई के नीचे अस्त-व्यस्त हालत में पड़ा था, उनका गला कपड़े से कसा हुआ था। वहीं, नेत्रहीन बेटे शादाब का शव पानी से भरी हौद में मुंह के बल डूबा मिला। आशंका जताई जा रही है कि हत्यारों ने पहले शादाब का गला कसा और फिर उसे पानी में डुबोकर मार डाला।

पुलिस की लापरवाही: सूचना के एक घंटे बाद पहुंची टीम, चौकी छोड़ भागे सिपाही!

इस संवेदनशील मामले में पुलिस की भारी लापरवाही सामने आई है। परिजनों का आरोप है कि घटना की जानकारी देने जब वे सिसेंडी चौकी पहुंचे, तो वहां मौजूद पुलिसकर्मी मौके पर जाने के बजाय चौकी छोड़कर ही चले गए। जब काफी देर तक कोई नहीं आया, तो परिजनों ने थाने को सूचित किया। करीब एक घंटे की देरी से पहुंची पुलिस फोर्स के खिलाफ ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। परिजनों ने उन पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है जिन्होंने सूचना के बाद भी तत्काल प्रतिक्रिया नहीं दी।

CCTV फुटेज और ‘भीगे कपड़ों’ वाला रहस्यमयी युवक

पुलिस की प्रारंभिक जांच में एक अहम सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें रेशमा सोमवार शाम 7:22 बजे बाजार से सब्जी लेकर घर लौटती दिख रही हैं। माना जा रहा है कि घर पहुंचने के कुछ ही मिनटों के भीतर इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया। ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि रात करीब पौने नौ बजे गांव का ही एक युवक रेशमा के घर से भीगी हालत में भागते हुए देखा गया था। पुलिस की टीमें अब उस युवक की सरगर्मी से तलाश कर रही हैं।

आधा दर्जन संदिग्ध हिरासत में, प्रॉपर्टी विवाद पर भी नजर

डीसीपी दक्षिणी निपुण अग्रवाल ने घटनास्थल का मुआयना किया और बताया कि खुलासे के लिए सर्विलांस समेत छह पुलिस टीमों को लगाया गया है। पुलिस ने फिलहाल आधा दर्जन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। जांच की सुई प्रॉपर्टी विवाद और किसी करीबी रंजिश की ओर भी घूम रही है। मंगलवार शाम को पोस्टमार्टम के बाद मां-बेटे के शवों को उनके मायके बिजनौर (लखनऊ) के न्यू गढ़ौरा में सुपुर्दे-खाक कर दिया गया।

Check Also

‘अगला नंबर यूपी का है…’ ओम प्रकाश राजभर का सबसे बड़ा दावा, बोले- गृहमंत्री अमित शाह को सौंप दी गई है चिट्ठी, सपा में होगी ऐतिहासिक टूट!

लखनऊ।  महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल की सियासी उठापटक के बीच अब उत्तर प्रदेश की राजनीति …