Tuesday , 25 August 2026

YouTube का खतरनाक खुमार: ‘सीक्रेट हाउस चैलेंज’ पूरा करने घर छोड़कर भागे दो मासूम भाई, 24 घंटे छिपने का था प्लान…इस तरह खुला राज 

मेरठ के हस्तिनापुर क्षेत्र में रविवार दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब 11 और 7 साल के दो मासूम बच्चे अचानक संदिग्ध परिस्थितियों में घर से लापता हो गए। परिजनों ने आसपास के मोहल्ले से लेकर तमाम रिश्तेदारों के यहां खाक छानी, लेकिन बच्चों का कोई सुराग नहीं लगा। अनहोनी की आशंका के बीच सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। हस्तिनापुर पुलिस और मिशन शक्ति की टीम ने ताबड़तोड़ सर्च ऑपरेशन चलाकर महज दो घंटे के भीतर दोनों बच्चों को एक सुनसान फार्महाउस के पास से सुरक्षित बरामद कर लिया। जब बच्चों के घर छोड़ने की असल वजह सामने आई, तो पुलिस और परिजन दोनों के होश उड़ गए। दोनों बच्चे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म YouTube पर देखे गए गेमिंग वीडियो से प्रभावित होकर ’24 घंटे के सीक्रेट हाउस गेम’ का खतरनाक चैलेंज पूरा करने निकले थे।

घर से अचानक गायब हुए बच्चे, परिजनों में मचा कोहराम घटना हस्तिनापुर कस्बे की बी-ब्लॉक कॉलोनी की है। रविवार दोपहर दोनों बच्चे खेल-खेल में अचानक घर से बिना बताए निकल गए। कई घंटों तक जब वे वापस नहीं लौटे, तो परिवार के हाथ-पांव फूल गए। परिजनों ने हर संभावित ठिकाने पर उनकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। बच्चों के इस तरह अचानक गायब होने से इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। अनहोनी के डर से बदहवास परिजनों ने तुरंत हस्तिनापुर थाने पहुंचकर पुलिस से गुहार लगाई।

पुलिस और मिशन शक्ति की टीम ने 2 घंटे में सुलझाई गुत्थी मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस तत्काल एक्शन मोड में आ गई। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर इलाके में नाकेबंदी की गई और मिशन शक्ति की विशेष टीम को भी बच्चों की खोजबीन में लगाया गया। पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ-साथ जंगलों और सुनसान रास्तों पर सघन कांबिंग शुरू की। लगातार करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस को एक फार्महाउस के पास संदिग्ध हलचल दिखाई दी, जहां दोनों बच्चे छिपे हुए मिल गए।

YouTube पर देखा था ‘सीक्रेट हाउस गेम’, 24 घंटे छिपने का था प्लान सर्किल ऑफिसर (मवाना) पंकज लवानिया के अनुसार, जब बरामद किए गए बच्चों की काउंसलिंग कर पूछताछ की गई तो एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ। बच्चों ने बताया कि वे मोबाइल पर लगातार YouTube गेमिंग वीडियोज देखते थे। हाल ही में उन्होंने ‘सीक्रेट हाउस गेम’ का एक वीडियो देखा था, जिसमें 24 घंटे तक परिवार से छिपकर एक गुप्त ठिकाने पर रहने का टास्क दिया गया था। दोनों बच्चों ने उसी रील और वीडियो से प्रेरित होकर असल जिंदगी में 24 घंटे का यह चैलेंज पूरा करने की योजना बना डाली और फार्महाउस के पास सुनसान जगह को अपना गुप्त ठिकाना बना लिया था।

अभिभावकों के लिए खतरे की घंटी, बच्चों की मोबाइल स्क्रीन पर रखें नजर पुलिस ने दोनों बच्चों को सकुशल उनके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया है, जिससे परिजनों ने राहत की सांस ली। हालांकि, यह सनसनीखेज मामला डिजिटल दौर में बच्चों की ऑनलाइन आदतों और उनके मानसिक स्वास्थ्य को लेकर गंभीर चेतावनी दे रहा है। बाल मनोवैज्ञानिकों और पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इंटरनेट पर दिखाए जाने वाले खतरनाक स्टंट और गेमिंग चैलेंज बच्चों को भ्रमित कर रहे हैं। अभिभावकों को चाहिए कि वे अपने बच्चों के स्क्रीन टाइम और उनके द्वारा देखे जाने वाले ऑनलाइन कंटेंट की लगातार निगरानी करें तथा उन्हें वर्चुअल दुनिया और वास्तविक जीवन के फर्क को समझाएं।

 

Check Also

यूपी में पंचायत व निकाय चुनावों की महातैयारी: सभी 75 जिलों के लिए 1.40 लाख बैलेट और 55 हजार कंट्रोल यूनिट खरीदेगा चुनाव आयोग, ई-टेंडर जारी

उत्तर प्रदेश में आगामी त्रिस्तरीय पंचायत और स्थानीय निकाय चुनावों को पारदर्शी और सुगम तरीके …