
–
– फर्जी नियुक्ति-पत्र देकर ठग ने बदला ठिकाना
– जैसे-तैसे मिला तो चेक थमाई, जोकि बाउंस हुईं
कानपुर। अच्छी नौकरी की तलाश में पढ़े-लिखे मियां-बीवी भटक रहे थे। इसी दरमियान, अनजान पड़ोसी से चर्चा हुई तो खुद को कैमिकल इंजीनियर बताते हुए मेट्रो का कर्मचारी बताया। दावा किया, सात-आठ लाख रुपए खर्च करने पर पचास हजार रुपए महीना तनख्वाह वाली नौकरी मिलना मुमकिन है। ठग ने ऐसा हसीन सपना दिखाया कि, मियां-बीवी दोनों नौकरी के लिए परिक्रमा करने लगे। एक दिन ठग ने मेट्रो की वेबसाइट पर नौकरी की विज्ञापन की सूचना दिखाकर साढ़े चौदह लाख रुपए वसूल लिये। इसके बाद फर्जी नियुक्ति-पत्र देकर ठिकाना बदल लिया। मियां-बीवी दोनों ज्वाइनिंग के लिए पहुंचे तो मेट्रो अफसरों ने फर्जीवाड़े का खुलासा किया। ठगी के शिकार दंपती को एक दिन इत्तेफाक से ठग बाजार में टकरा गया तो ठिकाने की जानकारी हुई। पुलिस में शिकायत की बात कहने पर ठग ने छह लाख और दो लाख की दो चेक थमाईं, जोकि बाउंस हो गईं।
दो नौकरी के बदले में डेढ़ लाख का डिस्काउंट
नवाबगंज निवासी अभय प्रताप सिंह ने बताया कि, मुफलिसी के दौर में नौकरी की तलाश थी। इसी दरमियान, विष्णुपुरी निवासी आलोक श्रीवास्तव से मुलाकात हुई तो उसने मेट्रो में ऊंची पहुंच का वास्ता देकर नौकरी लगवाने का वादा किया। कुछ दिन बाद आलोक ने मेट्रो की वेबसाइट में नौकरी का विज्ञापन दिखाकर तत्काल रकम का इंतजाम करने के लिए कहा। एक व्यक्ति की नौकरी के लिए आठ लाख रुपए की डिमांड थी, लेकिन आलोक ने झांसा देने के इरादे से बताया कि, एक ही परिवार के दो लोगों को नौकरी दिलानी है, इसलिए अफसर के जरिए डेढ़ लाख का डिस्काउंट दिलाएगा। अभय ने अपनी नौकरी के लिए आठ लाख, जबकि पत्नी रश्मी की नौकरी के लिए साढ़े छह लाख रुपए अदा किये। गनीमत थी कि, दोनों ने करीब 15 लाख रुपए जरिए बैंक दिए, जबकि शेष रकम नगद।
ई-मेल पर भेजा फर्जी ज्वाइनिंग लेटर
ठग आलोक श्रीवास्तव ने रकम ऐंठने के कुछ दिन बाद अभय और रश्मी को मेट्रो कार्पोरेशन के नाम से मिलती-जुलती ई-मेल बनाकर कानपुर मेट्रो में आफिस असिस्टेंट पद पर नियुक्ति का फर्जी ज्वाइनिंग लेटर भेज दिया। मियां-बीवी गुरुदेव चौराहे के करीब मेट्रो मुख्यालय में ज्वाइनिंग के लिए पहुंचे तो बताया गया कि, यह तो फर्जीवाड़ा है। ठगी की जानकारी होने पर अभय और रश्मी भागते-दौड़ते ठग आलोक श्रीवास्तव के घर पहुंचे तो वह लापता था। एक दिन नवाबगंज मार्केट में नजर आया तो रकम वापसी के लिए दबाव बनाया और पुलिस में शिकायत करना चाहा तो ठग ने एसबीआई ग्वालटोली शाखा की दो लाख और छह लाख की चेक थमाई, लेकिन दोनों बाउंस हो गईं। दोनों ने फिर ठग को घेरा तो उसने दुधमुंहे बच्चे समेत दंपती की हत्या की धमकी देकर भगा दिया। शिकायत मिलने पर ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर विनोद कुमार सिंह ने जांच के लिए कोहना थाने को आदेश दिया है।
voice of india