Sunday , 7 December 2025

पीलीभीत में मचा कोहराम : करवा चौथ के दिन विवाहित महिला की संदिग्ध मौत, मायके वालों ने. …

मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर लगाया हत्या का आरोप
 पीलीभीत। एक विवाहित महिला की करवा चौथ के दिन संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे महिला के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाकर कार्रवाई की मांग की है।
थाना जहानाबाद क्षेत्र के गौनेरा गांव में करवा चौथ के दिन एक विवाहित महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से खलबली मच गई। जानकारी के अनुसार 32 वर्षीय नन्ही देवी अपने पति के साथ कहासुनी और घरेलू विवाद के बाद अचानक बीमार पड़ गई। परिजनों का कहना है कि इस दौरान उन्होंने देखा कि महिला ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया। परिजन उसे तत्काल निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने नन्ही देवी को मृत घोषित कर दिया।
घटना की खबर मिलते ही मृतका के मामा मौके पर पहुंचे और ससुराल पक्ष द्वारा चुपचाप अंतिम संस्कार की तैयारी करने का प्रयास देखकर आक्रोशित हो गए। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी और सूचना मिलने पर जहानाबाद कोतवाल पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। नन्ही देवी अपने पीछे तीन मासूम बच्चों को छोड़ गई हैं। उनके माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है। इस घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त है। ग्रामीणों और परिजनों का कहना है कि घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को सख्त सजा दी जाए। थाना अध्यक्ष जहानाबाद प्रदीप बिश्नोई ने बताया कि मौके पर जाकर मृतका के शव का नियमानुसार पंचायतनामा भर पोस्टमार्टम को भेजा गया। मामले में कोई तहरीर प्राप्त नही हुई है। तहरीर प्राप्त होने पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा जाएगा।

Check Also

होमगार्ड जवानों को मिलेगी आयुष्मान कार्ड जैसी कैशलेस उपचार व्यवस्था : मुख्यमंत्री योगी

दुर्घटना में होमगार्ड जवान के आश्रितों को 35 से 40 लाख बीमा इमरजेंसी 112 सेवा …