Wednesday , 26 August 2026

वंदे भारत एक्सप्रेस पर सूरत के पास पथराव, UP की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल भी थीं सवार; एक संदिग्ध हिरासत में

सूरत: मुंबई से अहमदाबाद जा रही सेमी हाई-स्पीड वंदे भारत एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 22961) को असामाजिक तत्वों द्वारा निशाना बनाने का मामला सामने आया है। सूरत रेलवे स्टेशन से आगे बढ़ते ही उत्राण और कोसाड रेलवे स्टेशनों के बीच अज्ञात उपद्रवियों ने ट्रेन पर अचानक पथराव शुरू कर दिया। घटना शाम करीब 6:30 से 6:45 बजे के बीच की बताई जा रही है।

सुरक्षित रहीं राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और प्रशासक प्रफुल पटेल जिस वक्त यह पथराव हुआ, उस समय ट्रेन में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और दादरा एवं नगर हवेली तथा दमन व दीव के प्रशासक प्रफुल पटेल भी सवार थे। दोनों वीआईपी हस्तियां एग्जीक्यूटिव क्लास कोच में यात्रा कर रही थीं। राहत की बात यह रही कि किसी भी यात्री को चोट नहीं आई और राज्यपाल समेत सभी मुसाफिर पूरी तरह सुरक्षित रहे।

जीआरपी और आरपीएफ की त्वरित कार्रवाई, एक संदिग्ध पकड़ा गया

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल और जीआरपी हरकत में आ गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी/जीआरपी के निर्देश पर आईपीएफ अंकलेश्वर तत्काल मौके पर पहुंचे और इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल के पास से एक संदिग्ध युवक को हिरासत में ले लिया है, जिससे कड़ी पूछताछ की जा रही है।

सहयात्रियों और अभिनेता अनंग देसाई से की थी मुलाकात

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल अपने गुजरात और केंद्र शासित प्रदेश के दौरे के तहत वापी से अहमदाबाद के लिए इस ट्रेन में सवार हुई थीं। यात्रा के दौरान उन्होंने सहयात्रियों के साथ-साथ प्रसिद्ध फिल्म व टीवी अभिनेता अनंग देसाई से भी मुलाकात की और कला, संस्कृति तथा सिनेमा जगत से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की। इस दौरान प्रशासक प्रफुल पटेल भी उनके साथ मौजूद रहे।

दौरे पर कई अहम कार्यक्रमों में हुई थीं शामिल

अपने इस प्रवास के दौरान राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और प्रशासक प्रफुल पटेल ने दमन एवं दीव में आयोजित ‘मॉनसून फेस्टिवल’ के तहत भव्य सांस्कृतिक परेड को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। इसके अलावा उन्होंने सिलवासा स्थित नमो मेडिकल हॉस्पिटल का विस्तृत निरीक्षण कर वहां की आधुनिक स्वास्थ्य व्यवस्थाओं, विशेषकर न्यूमैटिक ट्यूब सिस्टम का जायजा लिया तथा मरीजों व मेडिकल छात्रों से बातचीत की। बाद में उन्होंने सिलवासा के स्वामी विवेकानंद विद्यामंदिर स्कूल का दौरा कर वहां की शैक्षणिक सुविधाओं का भी मुआयना किया था।

 

Check Also

यूपी में महंगाई की दोहरी मार: बारिश के बीच ₹60 के पार निकला प्याज, जानें आपके शहर की मंडियों में क्या हैं सब्जियों के ताजा भाव

उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही मानसूनी बारिश और थोक मंडियों में आवक की सुस्त …