Friday , 23 October 2026

धर्म परिवर्तन का प्रलोभन! सात साल से गांव में सक्रिय महिला पर मुकदमा दर्ज…पुलिस ने बरामद किए वीडियो और पुस्तकें

मीरजापुर । राजगढ़ थाना क्षेत्र के चंदनपुर गांव में धर्म परिवर्तन कराने के प्रयास का मामला सामने आया है। पुलिस ने शुक्रवार को आरोपित महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि महिला द्वारा धन का प्रलोभन देकर हिंदू समुदाय के लोगों को ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा था।

थाना क्षेत्र के रामपुर 38 गांव निवासी विश्व हिंदू परिषद के ब्लॉक सहमंत्री ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि चंदनपुर निवासी प्रमिला गांव में घूम-घूमकर लोगों को ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रलोभन दे रही थी। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि महिला के पास से धर्म परिवर्तन से सम्बंधित वीडियो और धार्मिक पुस्तकें बरामद हुई हैं।

पुलिस पूछताछ में महिला ने स्वीकार किया कि वह पहले हिंदू धर्म की अनुयायी थी, लेकिन करीब सात वर्ष पूर्व सलखन स्थित चर्च जाकर उसने ईसाई धर्म अपना लिया। उसने बताया कि बीमार रहने के दौरान चर्च से जुड़ने के बाद उसे सहायता और धनराशि मिली, जिसके बाद उसने अन्य लोगों को भी प्रेरित करना शुरू किया।आरोप है कि महिला अपने गांव और आसपास के इलाकों में धन और वस्तुओं का लालच देकर धर्म परिवर्तन करा रही थी।

थानाध्यक्ष राजगढ़ दया शंकर ओझा ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपित महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस धर्म परिवर्तन के नेटवर्क और इसमें जुड़े अन्य लोगों की भी जांच कर रही है।

Check Also

UP Politics: चुनाव से पहले NDA में बगावत की आहट, सहयोगियों के बदले तेवर; डैमेज कंट्रोल के लिए लखनऊ आ रहे अमित शाह

 लखनऊ. उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के भीतर सियासी खींचतान …