Tuesday , 21 April 2026

गोरखपुर-पीलीभीत एक्सप्रेस अब इज्जतनगर तक, तराई के जनता की वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी

बरेली  । पूर्वोत्तर रेलवे ने तराई क्षेत्र के लाखों यात्रियों को बड़ी सौगात दी है। लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए गोरखपुर-पीलीभीत एक्सप्रेस को अब इज्जतनगर (बरेली) तक बढ़ा दिया गया है। गुरुवार को रेल भवन, नई दिल्ली से केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए विस्तार का शुभारम्भ किया।

ट्रेन का यह विस्तार तराई क्षेत्र में कनेक्टिविटी को नया आयाम देगा। स्थानीय लोगों को अब बरेली तक सीधी और सुविधाजनक रेल सेवा मिलेगी। इससे जहां किसानों और वन उत्पादकों को बड़े बाजारों तक बेहतर पहुंच हासिल होगी, वहीं छात्रों, व्यापारियों और पर्यटकों को भी बड़ी राहत मिलेगी। बेहतर सम्पर्क से क्षेत्र में रोजगार, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है।

इस मौके पर केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि 2014 के बाद उत्तर प्रदेश में रेलवे का अभूतपूर्व विस्तार हुआ है। उन्होंने बताया कि राज्य में 5,272 किलोमीटर नए ट्रैक बिछाए गए, 1,660 फ्लाईओवर और अंडरब्रिज बनाए गए और पूरे प्रदेश के रेलमार्गों का 100 फीसदी विद्युतीकरण पूरा हो चुका है। यात्रियों की सुविधाओं के लिए 154 लिफ्ट, 156 एस्केलेटर और 771 स्टेशनों पर वाई-फाई सुविधा उपलब्ध कराई गई है। वर्तमान में यूपी में 34 वंदे भारत और 26 अमृत भारत ट्रेनें चल रही हैं।

उन्होंने बताया कि पिछले 11 वर्षों में लखनऊ-पीलीभीत, पीलीभीत-शाहजहांपुर और बरेली-टनकपुर गेज परिवर्तन समेत 48 लंबित परियोजनाएं पूरी कराई गईं। यूपी के लिए रेलवे बजट आवंटन 18 गुना बढ़कर 19,858 करोड़ पहुंच गया है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत प्रदेश के 157 स्टेशनों का तेजी से पुनर्विकास हो रहा है।

केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने कहा कि ट्रेन विस्तार से पीलीभीत और तराई के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। कार्यक्रम में सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार, एमएलसी डॉ. सुधीर गुप्ता और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Check Also

UP Board Result 2026: खत्म होने वाला है 55 लाख छात्रों का इंतजार, जानें कब और कैसे देख पाएंगे 10वीं-12वीं के नतीजे

लखनऊ: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के छात्रों के लिए …