
– तीन थानेदारों को स्पष्टीकरण नोटिस जारी, तीन दिन में जवाब तलब
– जवाब से अफसर संतुष्ट नहीं हुए तो निलंबन के साथ गाज गिरना तय
– चौकी इंचार्ज के साथ जेब्रा औरबीट सिपाहियों की जबावदेही भी तय हुई
कानपुर। मेस्टन रोड के मिश्री बाजार में देसी पटाखों के विस्फोट के बाद चप्पे-चप्पे पर निगरानी है। खाकी को चौकन्ना करते हुए अफसरों ने स्पष्ट कर दिया है कि, यदि किसी इलाके में तनिक भी अवैध बारूद बरामद हुआ तो तत्काल थानेदारी छीनकर निलंबित किया जाएगा। सजा के दायरे में संबंधित इलाके के चौकी इंचार्ज और बीट सिपाही भी आएंगे। इसी फेहरिस्त में गुरुवार को विस्फोट के अवैध भंडारण का खुलासा होने के बाद फजलगंज, नौबस्ता और गोविंदनगर के इंस्पेक्टर को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए तीन दिन में स्पष्टीकरण तलब किया गया है। जवाब से संतुष्ट नहीं होने की स्थिति में गाज गिरना तय है। फजलगंज में एसीपी की छापेमारी में विस्फोटक की बड़ी खेप बरामद होने के बाद इंस्पेक्टर सुनील सिंह से अफसर खासे नाराज हैं। इसी दरमियान, पुलिस कमिश्नर के आदेश के बाद शुक्रवार को सभी थानाक्षेत्रों में बड़े पैमाने पर अभियान चलाकर बगैर लाइसेंस पटाखा बेचने वालों पर जुर्माना और जब्ती की कार्रवाई हुई है।
फजलगंज में 65 क्विंटल अवैध पटाखा बरामद
बीच शहर में देसी पटाखों के धमाके की गूंज राज्य सरकार तक पहुंच गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस कमिश्नर रघुवीरलाल को सख्त कार्रवाई करने का आदेश दिया है। इसी के बाद चारों जोन के डीसीपी भी दल-बल के साथ छापेमारी करने उतरे तो सेंट्रल जोन की क्राइम ब्रांच ने एसीपी की अगुवाई में फजलगंज के मिल एरिया में गुरु नानक आटो मार्केट (गड़रियनपुरवा) में गोदाम में छापा मारकर अवैध पटाखों के 150 गत्ते बरामद किये हैं। पुलिस के मुताबिक, गोदाम मालिक का नाम हिमांशु उर्फ काकू है, जबकि अवैध पटाखों का भंडारण राजा पासवान ने किया था। बरामद पटाखों का वजन करीब 65 क्विंटल आंका गया है, जिसकी कीमत 15 लाख रुपए है। बड़ी बरामदगी के बाद फजलगंज इंस्पेक्टर सुनील सिंह के ऊपर कमिश्नरेट के आला अफसरों की निगाह टेढ़ी हो गई है।
तीन दिन में तमाम वर्दी वालों पर गिरेगी गाज
ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर आशुतोष कुमार ने अवैध पटाखों की बड़ी खेप बरामद होने के बाद फजलगंज इंस्पेक्टर सुनील सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। चर्चा है कि, के साथ नौबस्ता और गोविंदनगर इंस्पेक्टर भी कार्रवाई की जद में हैं। गौरतलब है कि, दादानगर में 03 कार्टन में करीब 9.35 क्विंटल अवैध देसी पटाखा बरामद हुआ है, जबकि नौबस्ता के यशोदा नगर इलाके के भाजपा नेता महेंद्र सिंह यादव के मधुबन लॉन में 18 लाख कीमत का करीब 5 क्विंटल देसी पटाखा बरामद हुआ है। दावा है कि, अवैध पटाखों का भंडारण अनुज श्रीवास्तव ने किया था। ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर के मुताबिक, अवैध पटाखों और बारूद की बरामदगी के लिए सीधे तौर पर संबंधित थाने के इंस्पेक्टर के साथ-साथ चौकी प्रभारी और बीट सिपाही को जिम्मेदार मानते हुए सख्त कार्रवाई होगी।
तीन दिन में 150 क्विंटल अवैध पटाखा जब्त
बुधवार की शाम मेस्टन रोड धमाके के बाद तलाशी अभियान में शुक्रवार की देर शाम तक शहर के सभी थानाक्षेत्रों से 150 क्विंटल से ज्यादा अवैध पटाखा बरामद हुआ है। गुरुवार की देर शाम तक 50 लाख कीमत का 80 क्विंटल पटाखा जब्त किया गया था। शुक्रवार को अभियान गली-चौराहों तक पहुंचा तो 70 क्विंटल से ज्यादा पटाखा बगैर लाइसेंस दुकानों पर बिकता पकड़ा गया। शुक्रवार को कोतवाली पुलिस ने मेस्टन रोड से एक बार फिर बड़ी मात्रा में अवैध पटाखे बरामद किये हैं। पुलिस कार्रवाई के बाद मेस्टन रोड पर सन्नाटा पसर गया। उधर सचेंडी पुलिस ने सीढी इटारा चौराहे पर वाहन चेकिंग के दरमियान, लोडर को रोककर चार क्विंटल अवैध पटाखे जब्त करने के बाद मुकदमा दर्ज किया है। नजीराबाद पुलिस ने ढाई क्विंटल पटाखा जब्त करने के साथ प्रतीक और ओमप्रकाश को गिरफ्तार किया है।
voice of india