Wednesday , 13 May 2026

लखनऊ: मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव का आकस्मिक निधन, सस्पेक्टेड पॉइजनिंग की आशंका; KGMU में होगा पोस्टमार्टम

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के सबसे बड़े राजनीतिक परिवार से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव के भाई और भाजपा नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव (38) का बुधवार सुबह आकस्मिक निधन हो गया। महज 38 साल की उम्र में हुए इस निधन से राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई है। उन्हें लखनऊ के सिविल अस्पताल ले जाया गया था, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें ‘ब्रॉट डेड’ घोषित कर दिया।

सांस लेने में तकलीफ के बाद अस्पताल ले जाया गया, मौत बनी मिस्ट्री

जानकारी के अनुसार, प्रतीक यादव को उनके विक्रमादित्य मार्ग स्थित आवास से सुबह करीब 6 बजे सिविल अस्पताल लाया गया था। श्यामा प्रसाद मुखर्जी (सिविल) अस्पताल के सीएमएस डॉ. देवेश चंद्रा ने बताया कि जब उन्हें अस्पताल लाया गया, तब उनकी मृत्यु हो चुकी थी। अस्पताल के निदेशक के मुताबिक, शुरुआती जांच में मामला ‘सस्पेक्टेड पॉइजनिंग’ (संदिग्ध जहर) का लग रहा है, जिसके कारण डॉक्टरों ने शव को रोक लिया और आधिकारिक स्पष्टता के लिए पोस्टमार्टम हेतु KGMU भेज दिया।

अखिलेश यादव पहुंचे KGMU, कहा- “मौत के कारणों की हो जांच”

निधन की खबर मिलते ही पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव KGMU पहुंचे और डॉक्टरों से जानकारी ली। मीडिया से बातचीत में अखिलेश ने कहा, “प्रतीक का जाना पूरे परिवार के लिए अपार दुख की घड़ी है। दो महीने पहले मुलाकात में उन्हें सेहत का ध्यान रखने को कहा था। मौत के कारणों की गहन जांच होनी चाहिए।” वहीं, प्रतीक के मित्र राहुल पाठक ने बताया कि सुबह 4 बजे उन्हें कॉल आया था कि प्रतीक को सांस लेने में दिक्कत हो रही है, जिसके बाद वे उन्हें अस्पताल लेकर भागे थे।

सीएम योगी और दिग्गज नेताओं ने जताया गहरा शोक

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रतीक यादव के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा, “पद्म विभूषण स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव जी के पुत्र और राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष श्रीमती अपर्णा यादव जी के पति श्री प्रतीक यादव जी का निधन अत्यंत दुःखद है।” डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और समाजवादी पार्टी ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं।

राजनीति से दूर, फिटनेस और समाजसेवा में थे सक्रिय

मुलायम सिंह यादव और साधना गुप्ता के बेटे प्रतीक यादव ने ब्रिटेन की यूनिवर्सिटी ऑफ लीड्स से शिक्षा प्राप्त की थी। वे राजनीति से दूर रहकर रियल एस्टेट और फिटनेस के क्षेत्र में सक्रिय थे। लखनऊ में उनका ‘द फिटनेस प्लानेट’ नाम से जिम है। इसके अलावा, वे बेजुबान जानवरों के लिए ‘जीव आश्रय’ नाम की संस्था भी चलाते थे, जो स्ट्रीट डॉग्स के रेस्क्यू और इलाज का काम करती है।

Check Also

NEET UG 2026 पेपर लीक: 30 लाख तक में बिका एक-एक पेपर, महाराष्ट्र के अहिल्यानगर से एक और आरोपी गिरफ्तार; ऐसे खुला ‘सफेदपोश’ माफिया का राज

NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले ने अब एक भीषण संगठित अपराध का रूप ले लिया …