Tuesday , 25 August 2026

LIVE : बंगाल में सुवेंदु युग का शंखनाद: भाजपा के पहले मुख्यमंत्री के रूप में सुवेंदु अधिकारी ने ली शपथ, ब्रिगेड परेड ग्राउंड में उमड़ा जनसैलाब

कोलकाता: पश्चिम बंगाल की राजनीति में आज एक ऐतिहासिक सूर्योदय हुआ है। सुवेंदु अधिकारी ने राज्य के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेकर बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की पहली सरकार की कमान संभाल ली है। कोलकाता का ब्रिगेड परेड ग्राउंड आज न केवल सत्ता परिवर्तन का गवाह बना, बल्कि भारतीय राजनीति के कई भावुक और गौरवशाली पल भी यहां कैमरे में कैद हुए। सुवेंदु अधिकारी ने बांग्ला भाषा में ईश्वर के नाम की शपथ लेकर प्रदेश की सेवा का संकल्प लिया।\

ब्रिगेड परेड ग्राउंड में दिग्गजों का जमावड़ा: दिल्ली से आए ‘चाणक्य’ और 20 राज्यों के सीएम

सुवेंदु अधिकारी का शपथ ग्रहण समारोह किसी शक्ति प्रदर्शन से कम नहीं था। मंच पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह की उपस्थिति ने साफ कर दिया कि केंद्र के लिए बंगाल कितना महत्वपूर्ण है। इस भव्य कार्यक्रम में एनडीए (NDA) और भाजपा शासित राज्यों के 20 मुख्यमंत्रियों ने शिरकत की। कार्यक्रम की शुरुआत बेहद गरिमामय रही, जहां प्रधानमंत्री मोदी ने सबसे पहले विश्वकवि रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती के अवसर पर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।

पीएम मोदी ने झुकाया शीश: 98 साल के माखनलाल सरकार के छुए पैर

समारोह के दौरान एक ऐसा दृश्य देखने को मिला जिसने वहां मौजूद हजारों लोगों की आंखें नम कर दीं। प्रधानमंत्री मोदी ने मंच पर भाजपा के सबसे बुजुर्ग, 98 वर्षीय कार्यकर्ता माखनलाल सरकार को विशेष सम्मान दिया। प्रोटोकॉल किनारे कर पीएम मोदी सीधे माखनलाल जी के पास पहुंचे, उन्हें आदरपूर्वक शॉल ओढ़ाया और फिर झुककर उनके पैर छुए। इस सम्मान से अभिभूत होकर बुजुर्ग कार्यकर्ता ने काफी देर तक प्रधानमंत्री को गले लगाए रखा। यह पल सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है।

सुवेंदु की नई टीम: कौन होंगे वो 4 खास चेहरे?

शपथ ग्रहण समारोह के बीच सबकी नजरें सुवेंदु अधिकारी की नई कैबिनेट पर टिकी हुई हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सुवेंदु के साथ आज 4 और विधायक मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। हालांकि, भाजपा ने अभी तक इन नामों को लेकर सस्पेंस बरकरार रखा है। राजनीतिक गलियारों में अटकलें तेज हैं कि इन चेहरों के जरिए बंगाल के अलग-अलग क्षेत्रों और समुदायों को साधने की कोशिश की जाएगी।

Check Also

NEET UG धांधली में EOU का बड़ा खुलासा: ‘स्कॉलर’ बनकर बैठे थे एक दर्जन मेडिकल छात्र, सम्राट ने उगले दो दर्जन नाम; बेऊर जेल भेजे गए दोनों भाई

पटना  : नीट यूजी (NEET UG) पुनर्परीक्षा में कथित धांधली और मुन्नाभाई सिंडिकेट की जांच …