Monday , 8 December 2025

JDU में हड़कंप : नीतीश कुमार ने बगावत करने वाले 16 नेताओं को एक झटके में किया बाहर…देखें लिस्ट

नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू ने चुनाव के दौरान बगावत करने वाले 16 नेताओं को पार्टी से निकाल दिया है। पिछले 48 घंटों में पार्टी ने दो सूचियां जारी कर 16 नेताओं को पार्टी से निकाल दिया है। पहली सूची में 11 और दूसरी में पांच नेता शामिल हैं।

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की सरगर्मी के बीच जेडीयू (JDU) में मची बगावत पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सर्जिकल स्ट्राइक कर दी है। पार्टी ने लगातार दूसरे दिन बागी नेताओं की दूसरी लिस्ट जारी करते हुए 5 और नेताओं को बाहर का रास्ता दिखा दिया है। इससे पहले शुक्रवार को 11 बागी नेताओं को निष्काषित किया गया था। इस तरह, पिछले 48 घंटे में 16 बागी नेताओं पर गाज गिर चुकी है।

गोपाल मंडल समेत कई दिग्गज बाहर

पार्टी ने लगातार दूसरे दिन बागी नेताओं की दूसरी लिस्ट जारी करते हुए 5 और नेताओं को JDU से निष्कासित कर दिया। इन नेताओं में विधायक गोपाल मंडल, पूर्व मंत्री हिमराज सिंह, पूर्व विधायक महेश्वर यादव, पूर्व एमएलसी संजीव श्याम सिंह, और प्रभात किरण शामिल हैं।

पार्टी महासचिव डी. चंदन कुमार सिंह (मुख्यालय प्रभारी, स्थापना) द्वारा जारी पत्र में लिखा गया, “बिहार विधान सभा चुनाव 2025 में पार्टी की विचारधारा, पार्टी विरोधी गतिविधियों एवं संगठनात्मक आचरण के विरुद्ध कार्य करने में संलिप्त रहने के कारण आपको तत्काल प्रभाव से पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित करते हुए पार्टी से निष्कासित किया जाता है।” यह आदेश उन सभी नेताओं को भेजा गया है, जिन पर पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने या बागी उम्मीदवारों के समर्थन में काम करने का आरोप है।

कल भी 11 नेताओं पर गिरी थी गाज

शनिवार को भी जेडीयू ने पहली लिस्ट जारी करते हुए 11 बागी नेताओं को निष्कासित किया था। इनमें कई पूर्व विधायक, पूर्व जिलाध्यक्ष और वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल थे। इन नेताओं पर आरोप था कि उन्होंने पार्टी के अधिकृत उम्मीदवारों का विरोध किया और स्वतंत्र या विपक्षी प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार किया। अब दूसरी लिस्ट आने के बाद, JDU का यह सर्जिकल स्ट्राइक 16 तक पहुंच चुका है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, आने वाले दिनों में और भी नाम सामने आ सकते हैं, क्योंकि कई जिलों में “पार्टी विरोधी गतिविधियों” की रिपोर्ट प्रदेश नेतृत्व तक पहुंच चुकी है।

48 घंटे में पार्टी से बाहर किए गए नेता

क्रम संख्या नाम पद/पहचान सूची
1 नरेंद्र कुमार नीरज उर्फ गोपाल मण्डल मौजूदा विधायक दूसरी सूची
2 महेश्वर प्रसाद यादव पूर्व विधायक दूसरी सूची
3 संजीव श्याम सिंह पूर्व विधान पार्षद/MLC दूसरी सूची
4 हिमराज सिंह पूर्व मंत्री दूसरी सूची
5 प्रभात किरण वरिष्ठ नेता दूसरी सूची
6 शैलेश कुमार पूर्व मंत्री पहली सूची
7 संजय प्रसाद पूर्व विधान पार्षद/MLC पहली सूची
8 श्याम बहादुर सिंह पूर्व विधायक पहली सूची
9 रणविजय सिंह पूर्व विधान पार्षद/MLC पहली सूची
10 सुदर्शन कुमार पूर्व विधायक पहली सूची
11 अमर कुमार सिंह पूर्व विधायक पहली सूची
12 आस्मां परवीन पूर्व प्रत्याशी (महुआ सीट) पहली सूची
13 लव कुमार नेता पहली सूची
14 आशा सुमन नेता पहली सूची
15 दिव्यांशु भारद्वाज नेता पहली सूची
16 विवेक शुक्ला नेता पहली सूची

Check Also

Parliament LIVE Updates: तब देश आपातकाल के जाल में जकड़ा हुआ था : पीएम मोदी

Parliament LIVE Updates: लोकसभा में आज ‘वंदे मातरम’ के 150 साल पूरे होने पर खास चर्चा …