Saturday , 10 October 2026

मदद के नाम पर….शादी का झांसा देकर महिला से यौन शोषण करने वाला दरोगा सस्पेंड: लखनऊ में FIR दर्ज, ACP कैंट को सौंपी गई जांच

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में खाकी को शर्मसार करने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है। शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने, पीड़िता से मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने के संगीन आरोपों में आशियाना थाने के दरोगा (एसएसआई) धर्मवीर शाही को तत्काल प्रभाव से निलंबित (सस्पेंड) कर दिया गया है। पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी दरोगा के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।

मदद के नाम पर शोषण, निजी सामग्री वायरल करने की धमकी

पीड़िता का आरोप है कि आरोपी दरोगा ने उसके मोबाइल फोन में मौजूद निजी सामग्री को वायरल करने और उसे झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकियां भी दीं। पीड़िता ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि बीती 30 जुलाई की रात जब वह अपनी बीमार मां के लिए दवा लेने बाहर निकली थी, तभी आरोपी दरोगा ने उसके साथ सरेराह मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।

बस्ती से ट्रांसफर हुई थी विवेचना, थाने में बना शिकार

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता की करीब एक साल पहले बस्ती निवासी एक युवक से दोस्ती हुई थी, जिसने शादी का झांसा देकर उससे शारीरिक संबंध बनाए और बाद में मुकर गया। पीड़िता ने फरवरी 2026 में बस्ती के छावनी थाने में मुकदमा दर्ज कराया था, जिसकी विवेचना लखनऊ के आशियाना थाने ट्रांसफर की गई थी।

आरोप है कि 21 फरवरी 2026 को आशियाना थाने में तैनात दरोगा धर्मवीर शाही ने पीड़िता को बयान दर्ज कराने के बहाने थाने बुलाया। दरोगा ने मामले में मदद का भरोसा दिया और फिर आशियाना थाने व किला चौराहे के पास स्थित एक कमरे में बुलाकर पीड़िता का लगातार शारीरिक शोषण किया।

डीसीपी सेंट्रल का एक्शन, एसीपी कैंट करेंगे निष्पक्ष जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी सेंट्रल विक्रांत वीर ने तुरंत कड़ा रुख अपनाया। डीसीपी सेंट्रल ने बताया कि पीड़ित युवती की तहरीर के आधार पर आरोपी दरोगा धर्मवीर शाही के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है और उसे तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है।

उन्होंने बताया कि प्रकरण की निष्पक्ष एवं विस्तृत जांच एसीपी कैंट को सौंपी गई है। जांच के दौरान जो भी साक्ष्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आरोपी दरोगा के विरुद्ध आगे की कठोरतम वैधानिक व विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

Check Also

UP Politics: चुनाव से पहले सपा को तगड़ा झटका! अखिलेश पर गंभीर आरोप लगा BJP में शामिल होंगे राकेश प्रताप सिंह, बोले- ‘आधी सपा भाजपा के साथ होगी’ !

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले सियासी बिसात बिछनी …