बांदा: उत्तर प्रदेश का बांदा जनपद पिछले 24 घंटों के दौरान पांच अलग-अलग आत्महत्या की घटनाओं से दहल उठा है। घरेलू विवाद, नशे की लत और छोटी-छोटी बातों पर उपजी नाराजगी ने पांच परिवारों के चिराग बुझा दिए। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पत्नी से फोन पर विवाद और फिर मौत का फंदा
बबेरू कोतवाली क्षेत्र के पवैया गांव में 45 वर्षीय लक्ष्मी रैकवार ने गुरुवार रात फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। परिजनों के मुताबिक, लक्ष्मी शराब पीने का आदी था। उसकी पत्नी करीब ढाई महीने से विवाद के कारण मायके में रह रही थी। गुरुवार रात फोन पर पत्नी से तीखी बहस होने के बाद लक्ष्मी ने कमरे के अंदर छत के छल्ले से लटककर जान दे दी। शुक्रवार सुबह जब उसकी भतीजी चाय लेकर पहुंची, तब घटना का पता चला।
मां ने नहीं दी कार की चाबी, तो बेटे ने खा लिया जहर
अतर्रा थाना क्षेत्र के भगवत नगर में एक युवक की मामूली बात पर नाराजगी मौत का कारण बन गई। 25 वर्षीय अजय ने अपनी मां से कार की चाबी मांगी थी। मां द्वारा इनकार करने पर वह इतना आहत हुआ कि उसने घर से निकलकर जहरीला पदार्थ (सल्फास) खा लिया। गंभीर हालत में उसे मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अजय तीन भाइयों में सबसे छोटा था।
30 हजार का मोबाइल नहीं मिला तो पंखे से झूल गया युवक
अतर्रा के ही भवानीगंज से एक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां 35 वर्षीय प्रमोद उर्फ पिंटू ने अपनी दादी से नया मोबाइल खरीदने के लिए 30 हजार रुपये मांगे थे। पैसे न मिलने से क्षुब्ध होकर पिंटू ने कमरे के अंदर पंखे के हुक से अंगोछा बांधकर फांसी लगा ली। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकाला। बताया जा रहा है कि मृतक नशे का आदी था और उसकी शादी नहीं हुई थी।
साधु ने आंगन के पेड़ से लगाई फांसी, कारण अज्ञात
मर्का कस्बे में रहने वाले 60 वर्षीय अयोध्या प्रसाद, जो पिछले ढाई साल से मुड़िया देव बाबा स्थान पर साधु के रूप में रह रहे थे, ने अपने घर के आंगन में लगे शीशम के पेड़ से लटककर जान दे दी। परिजनों को आत्महत्या के कारणों की कोई जानकारी नहीं है। मृतक अपने पीछे पत्नी और सात बच्चों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।
फोन कॉल के बाद स्नातक युवक ने की खुदकुशी
अतर्रा के चिमनीपुरवा में रहने वाले स्नातक शिक्षित युवक रोशन वर्मा ने शुक्रवार दोपहर घर के अंदर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने बताया कि रोशन मजदूरी करता था और उसके पिता व भाई मुंबई में रहते हैं। घटना से ठीक पहले वह किसी से फोन पर बात कर रहा था, जिसके बाद उसने यह आत्मघाती कदम उठाया। इस घटना से गांव में मातम छाया हुआ है।
पुलिस का बयान:
अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने बताया कि सभी घटनाओं की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा भरा और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और कॉल डिटेल्स के आधार पर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
voice of india
