मेरठ: उत्तर प्रदेश के मेरठ से एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने रिश्तों को एक बार फिर तार-तार कर दिया है। यहां एक पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही पति की बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या की इस वारदात को अंजाम देने के लिए जो तरीका चुना गया, उसे सुनकर हर कोई हैरान है। शातिर पत्नी ने किसी को शक न हो, इसलिए अपने पति को जहरीले सांप से डसवाकर मौत के घाट उतार दिया। इस खौफनाक साजिश के पीछे की वजह पति की 20 लाख रुपये की बीमे की रकम थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी पत्नी, उसके प्रेमी और दो सपेरों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।
बिस्तर पर मिला सांप, पुलिस को गुमराह करने की रची कहानी
यह पूरी घटना हस्तिनापुर थाना क्षेत्र के भंडोरा गांव की है। पुलिस के मुताबिक, 35 वर्षीय अतुल पंवार अपनी पत्नी दामिनी के साथ मिलकर हस्तिनापुर के रामलीला मैदान के पास ‘कृष्णा किड्स पब्लिक स्कूल’ का संचालन करते थे। दोनों ने साल 2019 में प्रेम विवाह किया था। शुक्रवार की सुबह दामिनी ने अचानक शोर मचाया और बताया कि उसके पति को सांप ने काट लिया है। अतुल को तुरंत सीएचसी हस्तिनापुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के वक्त अतुल के बिस्तर में एक जहरीला सांप भी रेंगता हुआ मिला था।
शुरुआती पूछताछ में दामिनी ने पुलिस को गुमराह करने की पूरी कोशिश की। उसने बताया कि वह रात को करीब 2 बजे अपने 6 साल के बेटे को लेकर दूसरे कमरे में सोने चली गई थी। सुबह जब वह कमरे में आई तो पति चादर ओढ़कर सो रहे थे। जब काफी आवाज देने पर भी कोई हलचल नहीं हुई, तो उसने चादर हटाई। बिस्तर में सांप देखकर उसकी चीख निकल गई। पहली नजर में मामला पूरी तरह प्राकृतिक हादसे जैसा लग रहा था, लेकिन पुलिस को कुछ कड़ियां खटक रही थीं, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर तफ्तीश शुरू की गई।
स्कूल के ही ड्राइवर से थे दामिनी के अवैध संबंध, मोबाइल ने खोला राज
हस्तिनापुर पुलिस ने जब गहराई से जांच शुरू की, तो सबसे पहले दामिनी के मोबाइल की कॉल डिटेल (CDR) और तकनीकी साक्ष्यों को खंगाला गया। यहीं से पुलिस के हाथ बड़े सुराग लगे। जांच में सामने आया कि दामिनी अपने ही स्कूल के ड्राइवर तुषार उर्फ निक्की से लगातार घंटों बात करती थी। पुलिस ने जब तुषार को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने दामिनी के साथ अपने प्रेम संबंधों की बात कबूल कर ली।
तुषार ने बताया कि दोनों एक साथ रहना चाहते थे और इस रास्ते से अतुल को हटाने के लिए उन्होंने यह खौफनाक साजिश रची थी। तय योजना के मुताबिक, गुरुवार की रात दामिनी ने अतुल को दूध में मिलाकर नींद की गोलियों की भारी डोज दे दी। जब अतुल गहरी नींद में सो गया, तो दामिनी ने सपेरों से मंगवाया हुआ जहरीला सांप उसके कंबल के भीतर छोड़ दिया। सांप के काटने से अतुल की तड़प-तड़प कर मौत हो गई।
20 लाख की बीमा राशि के लिए 20 दिन पहले भी हुआ था जानलेवा हमला
पुलिस की पूछताछ में यह भी सनसनीखेज खुलासा हुआ है कि मृतक अतुल के नाम पर करीब 20 लाख रुपये का जीवन बीमा था। इस रकम को हड़पने के लिए ही दामिनी और तुषार ने यह पूरी वारदात रची थी। उन्होंने सांप का इंतजाम करने वाले सपेरे सोनू और उदय को बीमा की रकम मिलने के बाद 5 लाख रुपये देने का लालच दिया था।
हैरान करने वाली बात यह है कि अतुल को रास्ते से हटाने का यह उनका पहला प्रयास नहीं था। इससे ठीक 20 दिन पहले भी तुषार ने एक अर्टिगा कार से अतुल को जोरदार टक्कर मारकर सड़क हादसे में मारने की कोशिश की थी। हालांकि, उस वक्त अतुल ने हेलमेट पहन रखा था, जिसके कारण उनकी जान बच गई थी।
प्रेमी भी था शादीशुदा, पुलिस की मुस्तैदी से नाकाम हुए मंसूबे
पुलिस जांच में यह बात भी निकलकर सामने आई है कि दामिनी का प्रेमी तुषार भी पहले से शादीशुदा है और उसने अपनी पत्नी को तलाक देने की पूरी तैयारी कर ली थी। दोनों को लग रहा था कि सांप से कटवाने की बात पर कोई शक नहीं करेगा और वे बीमा की रकम लेकर हमेशा के लिए एक हो जाएंगे। लेकिन पुलिस ने मोबाइल लोकेशन और कॉल रिकॉर्ड्स के जरिए इस अंधी हत्या की गुत्थी को महज कुछ ही घंटों में सुलझा लिया और सभी मुख्य आरोपियों को जेल की सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।
voice of india
