Wednesday , 19 August 2026

फतेहपुर में खौफनाक वारदात: पत्नी ने पहले डंडे से फोड़ा पति का सिर, फिर चारपाई से बांधकर दौड़ाया बिजली का करंट; हालत नाजुक

फतेहपुर। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक बेहद सनसनीखेज और रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पत्नी ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए अपने ही पति को मौत के घाट उतारने की खौफनाक साजिश रच डाली। महिला ने पहले पति के सिर पर डंडों से ताबड़तोड़ वार किए और फिर उसे चारपाई से बांधकर करंट लगा दिया। चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे परिजनों ने किसी तरह युवक की जान बचाई। गंभीर हालत में घायल पति को कानपुर रेफर किया गया है, जहां वह जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है। पुलिस ने आरोपी पत्नी को हिरासत में ले लिया है।

हलवाई का काम कर घर लौटा था पति, अंदर घुसते ही रन्नो देवी ने किया हमला

दिल दहला देने वाली यह वारदात औंग थाना क्षेत्र के परसदेपुर गांव की है। परिजनों के मुताबिक, गांव के रहने वाले संजीव तिवारी पेशे से हलवाई हैं। वह रोज की तरह अपना काम खत्म करके घर लौटे थे। आरोप है कि संजीव जैसे ही घर के भीतर दाखिल हुए, उनकी पत्नी रन्नो देवी ने बिना कुछ सोचे-समझे डंडे से उनके सिर पर हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से संजीव संभल नहीं पाए और लहूलुहान होकर गिर पड़े।

चारपाई से बांधकर शरीर पर लपेटे बिजली के तार, कमरा खोलते ही उड़े परिजनों के होश

आरोप है कि सिर पर वार करने के बाद भी जब पत्नी का दिल नहीं भरा, तो उसने अधमरे हो चुके संजीव को चारपाई से कसकर बांध दिया। इसके बाद संजीव की बेरहमी से पिटाई की गई और अंत में जान से मारने की नीयत से उसके शरीर पर बिजली के नंगे तार लपेटकर करंट दौड़ा दिया गया। घर के भीतर से आ रही तड़पने और चीखने की आवाजें सुनकर जब परिवार के अन्य सदस्य दौड़कर कमरे की तरफ पहुंचे, तो वहां का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। संजीव चारपाई पर बंधे हुए करंट से तड़प रहे थे। परिजनों ने तुरंत बिजली का कनेक्शन काटा और तार हटाकर उन्हें फौरन अस्पताल पहुंचाया।

कानपुर में चल रहा है इलाज, जिले में लगातार दूसरी घटना से सनसनी

अस्पताल के डॉक्टरों ने संजीव की हालत को बेहद नाजुक देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद पहले जिला अस्पताल और फिर तुरंत कानपुर के हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही औंग थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से गहनता से जांच की जा रही है।

आपको बता दें कि फतेहपुर में पति-पत्नी के रिश्ते को तार-तार करने वाली यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले जिले के मलवां थाना क्षेत्र में भी एक पत्नी ने अपने पति पर पेट्रोल डालकर उसे जिंदा जला दिया था, जिसमें इलाज के दौरान पति की मौत हो गई थी। वह मामला अभी ठंडा भी नहीं हुआ था कि औंग क्षेत्र की इस वारदात ने एक बार फिर पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।

 

Check Also

बेंगलुरु के चिक्काबनावारा में सनसनीखेज दोहरा हत्याकांड: प्रेमी के साथ मिलकर पति और 4 साल के मासूम बेटे की हत्या, पत्नी समेत दोनों आरोपी गिरफ्तार

बेंगलुरु के चिक्काबनावारा इलाके में दिल दहला देने वाले दोहरे हत्याकांड का पर्दाफाश हुआ है। …