नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली एक बार फिर शर्मसार हुई है। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के पॉश इलाके अमर कॉलोनी में एक 22 वर्षीय युवती की उसके ही घर के भीतर गला घोंटकर हत्या कर दी गई। मृतका एक वरिष्ठ आईआरएस (IRS) अधिकारी की बेटी थी और सिविल सर्विसेज (UPSC) की तैयारी कर रही थी। शुरुआती जांच में पुलिस ने हत्या से पहले युवती के साथ यौन उत्पीड़न की भी आशंका जताई है, जिसने इस वारदात को और भी जघन्य बना दिया है।
माता-पिता जिम गए थे, पीछे से घर में घुसा कातिल
पुलिस के मुताबिक, वारदात उस समय हुई जब युवती घर पर अकेली थी। उसके माता-पिता सुबह के वक्त जिम गए हुए थे। इसी का फायदा उठाकर हमलावर घर में दाखिल हुआ। हत्या के लिए आरोपी ने किसी धारदार हथियार का नहीं, बल्कि मोबाइल की चार्जिंग केबल का इस्तेमाल किया। केबल से गला तब तक घोंटा गया जब तक कि युवती की सांसें नहीं थम गईं। जब माता-पिता घर लौटे, तो बेटी का शव बेसुध पड़ा देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।
घर के पुराने नौकर पर गहराया शक
पुलिस की शुरुआती तफ्तीश की सुई घर के एक पुराने नौकर की ओर घूम रही है। बताया जा रहा है कि इस नौकर को करीब डेढ़ महीने पहले ही काम से निकाला गया था। शक है कि इसी रंजिश या किसी गलत इरादे से वह घर में दाखिल हुआ। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घर में ‘फोर्स्ड एंट्री’ (जबरन प्रवेश) के निशान नहीं मिले हैं, जिससे अंदेशा है कि आरोपी युवती का परिचित था या उसके पास घर की कोई चाबी थी।
इंजीनियरिंग के बाद कर रही थी यूपीएससी की तैयारी
मृतका का भविष्य काफी उज्ज्वल था। उसने इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी कर ली थी और अब अपने पिता की तरह प्रशासनिक सेवा में जाने के लिए जी-तोड़ मेहनत कर रही थी। वह दिल्ली में रहकर ही यूपीएससी की तैयारी में जुटी थी। इस होनहार छात्रा की मौत ने इलाके में रहने वाले अन्य परिवारों को भी दहशत में डाल दिया है।
Delhi: A 22-year-old daughter of an IRS officer was found murdered at her residence in Amar Colony, South East Delhi. Preliminary information suggests sexual assault. The murder was allegedly committed by strangulation with a mobile charging cable. Suspicion has fallen on a… pic.twitter.com/Oxyx6AYAg0
— IANS (@ians_india) April 22, 2026
सीसीटीवी फुटेज और फॉरेंसिक जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की फॉरेंसिक टीम और क्राइम ब्रांच मौके पर पहुंच गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसकी रिपोर्ट से यौन उत्पीड़न की आधिकारिक पुष्टि होगी। पुलिस कॉलोनी और घर के आसपास लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी के आने और जाने का सही समय और पहचान सुनिश्चित की जा सके। फिलहाल आरोपी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस की कई टीमें छापेमारी कर रही हैं।
voice of india
