Monday , 23 November 2026

कानपुर के कल्याणपुर में सनसनीखेज वारदात: पति के सामने ट्रेन से कटकर विवाहिता की मौत, 2019 में की थी लव मैरिज; मां ने जताई हत्या की आशंका

कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में रविवार, 22 नवंबर की सुबह एक विवाहिता की ट्रेन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि महिला ने अपने पति की आंखों के सामने ही तेज रफ्तार ट्रेन के आगे छलांग लगाकर जान दे दी। हालांकि, इस घटना ने तब नया मोड़ ले लिया जब मृतका की मां ने इसे आत्महत्या मानने से साफ इनकार करते हुए बेटी की हत्या किए जाने की आशंका जताई है। फिलहाल जीआरपी और स्थानीय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हर पहलू से मामले की गहन तफ्तीश कर रही है।

सुबह 10 बजे हुआ हादसा, सूचना देकर मौके से चला गया पति पुलिस के अनुसार, यह दिल दहला देने वाली घटना रविवार सुबह करीब 10 बजे कल्याणपुर क्षेत्र में हुई। मृतका की शिनाख्त 28 वर्षीय सिमरन के रूप में हुई है। ट्रेन की चपेट में आने के कारण सिमरन ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि घटना घटित होने के तुरंत बाद उसका पति अमन वहां से चला गया और कुछ देर बाद उसने सिमरन की मां को फोन करके इस हादसे की सूचना दी। खबर मिलते ही राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) और कल्याणपुर थाने की पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।

नौवीं कक्षा से था प्रेम प्रसंग, 2019 में की थी लव मैरिज मृतका की मां रमा देवी ने बताया कि उनकी बेटी सिमरन ने 11 नवंबर 2019 को अमन कुमार के साथ प्रेम विवाह (लव मैरिज) किया था। अमन भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) में प्रोजेक्ट असिस्टेंट के पद पर कार्यरत है और दंपती की चार साल की एक मासूम बेटी अनुभा भी है। रमा देवी के मुताबिक, सिमरन और अमन के बीच नौवीं कक्षा से ही प्रेम संबंध थे। हालांकि शुरुआत में परिवार के लोग इस रिश्ते के लिए सहमत नहीं थे, लेकिन दोनों की जिद और चाहत के चलते उनकी शादी हुई थी।

छह महीने से मायके में रह रही थी सिमरन, 15 दिन पहले ही लौटी थी ससुराल रमा देवी ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि शादी के कुछ समय बाद से ही पति अमन और ससुराल के अन्य सदस्य छोटी-छोटी बातों को लेकर सिमरन से झगड़ा करने लगे थे और उसके साथ मारपीट भी की जाती थी। ससुराल वालों की प्रताड़ना से तंग आकर सिमरन करीब छह महीने पहले अपनी चार साल की बेटी को साथ लेकर मायके आ गई थी। मां का कहना है कि महज 15 दिन पहले ही अमन ने अपनी तबीयत खराब होने का बहाना बनाकर सिमरन को वापस ससुराल बुलाया था।

मां का आरोप- मेरी बेटी खुदकुशी नहीं कर सकती, डीसीपी ने कही जांच की बात रमा देवी ने बताया कि रविवार सुबह ठीक 10 बजकर 23 मिनट पर उनके पास दामाद अमन का फोन आया और उसने कहा कि सिमरन ट्रेन के आगे कूद गई है। रमा देवी ने सिरे से आत्महत्या की थ्योरी को खारिज करते हुए कहा कि उनकी बेटी इतनी कमजोर नहीं थी कि वह खुदकुशी कर ले, उन्हें पूरा संदेह है कि उसकी हत्या की गई है। वहीं, इस पूरे प्रकरण पर डीसीपी वेस्ट एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि शुरुआती जांच में पति-पत्नी के बीच आपसी विवाद की बात सामने आई है। अभी तक मायके पक्ष की ओर से कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है, परिजनों की शिकायत और पोस्टमार्टम व जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

 

Check Also

यूपी में भाजपा ने दी संगठन को नई धार: अनुसूचित जाति मोर्चा के 6 जिलाध्यक्षों की लिस्ट जारी, मेरठ से लेकर वाराणसी तक नए चेहरों को मिली कमान

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में अपने संगठनात्मक ढांचे को जमीनी और बूथ स्तर तक और अधिक …