चित्रकूट। उत्तर प्रदेश के धर्मनगरी चित्रकूट से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। देवांगना घाटी के जंगलों में प्रेमी को बेल्ट से पीटकर और गमछे से हाथ-पैर बांधकर 20 वर्षीय NEET छात्रा के साथ तीन दरिंदों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रयागराज से एडीजी जोन और डीआईजी स्तर के अधिकारियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर मोर्चा संभाल लिया है।
पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तीन संदिग्धों की तस्वीरें जारी की गई हैं और एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

रील बनाने गए थे देवांगना घाटी, खुद को वनकर्मी बताकर बदमाशों ने घेरा
मध्य प्रदेश के सतना की रहने वाली छात्रा राजस्थान के कोटा में रहकर NEET की तैयारी कर रही है। वह चित्रकूट भ्रमण के सिलसिले में अपने 17 वर्षीय नाबालिग दोस्त (जो 12वीं का छात्र है) से मिलने आई थी। बुधवार दोपहर करीब 1 बजे दोनों बाइक से देवांगना घाटी पहुंचे और पहाड़ी पर बैठकर रील बना रहे थे।

घटनास्थल से 2 किमी दूरी पर CCTV में तीनों आरोपी बाइक से जाते हुए नजर आए हैं। पुलिस ने यह सीसीटीवी तस्वीर जारी की है।
दोपहर करीब 3 बजे बाइक सवार तीन अज्ञात युवक वहां पहुंचे और खुद को वनकर्मी बताकर दोनों से पूछताछ करने लगे। आरोपियों ने छात्रा के साथ अभद्रता शुरू कर दी। जब उसके दोस्त ने विरोध किया, तो दबंगों ने बेल्ट से उसकी जमकर पिटाई की और गमछे से उसके हाथ-पैर बांधकर पहाड़ी पर छोड़ दिया।
झाड़ियों में ले जाकर की हैवानियत, शोर मचाने पर पहाड़ी से फेंकने की दी धमकी
पीड़ित छात्र के अनुसार, आरोपियों ने छात्रा को जान से मारने और पहाड़ी से नीचे फेंकने की धमकी देकर चुप करा दिया। इसके बाद तीनों आरोपी छात्रा को घसीटते हुए पास की झाड़ियों में ले गए और बारी-बारी से दरिंदगी की। पीड़िता रहम की भीख मांगती रही, लेकिन दरिंदों को उस पर जरा भी तरस नहीं आया।
वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी मौके से भाग निकले। किसी तरह छात्र ने खुद को बंधनमुक्त किया और बदहवास हालत में पड़ी छात्रा तक पहुंचा। पहाड़ी पर मोबाइल नेटवर्क न होने के कारण दोनों थोड़ा नीचे उतरे, जिसके बाद डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद छात्रा को वन स्टॉप सेंटर भेजा गया है।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कॉम्बिंग जारी, स्पेशल फोर्स के साथ जंगलों में डेरा
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए गुरुवार दोपहर 2 बजे एडीजी जोन ज्योति नारायण और डीआईजी राजेश कुमार एस. खुद घटनास्थल का निरीक्षण करने पहुंचे। बांदा, प्रयागराज और चित्रकूट की पुलिस टीमों के साथ स्पेशल फोर्स को जंगलों में सर्च ऑपरेशन के लिए तैनात किया गया है।
“छात्रा के बयान के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। छात्रा और उसके नाबालिग दोस्त दोनों का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और दो विशेष टीमों का गठन किया गया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।” — अरुण कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक (चित्रकूट)
राजनीतिक गरमाहट: सपा विधायक ने दी एसपी कार्यालय घेराव की चेतावनी
इस वारदात के बाद स्थानीय राजनीति भी गरमा गई है। चित्रकूट सदर से समाजवादी पार्टी के विधायक अनिल प्रधान ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि घटनास्थल से प्रस्तावित देवांगना हवाई अड्डा मात्र 500 मीटर और कलेक्ट्रेट व एसपी कार्यालय महज 3 किलोमीटर दूर हैं। इसके बावजूद दिनदहाड़े ऐसी घटना होना प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाता है। विधायक ने चेतावनी दी है कि यदि आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई, तो सपा कार्यकर्ता एसपी कार्यालय का घेराव करेंगे।
voice of india
