Monday , 18 May 2026

Chhapra-Gomti Nagar Express: छपरा-गोमतीनगर एक्सप्रेस में मिली युवती की सिर कटी लाश, बॉक्स खोलते ही कांप उठी पुलिस, हाथ-पैर भी पॉलीथीन में थे पैक!

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर रेलवे स्टेशन पर रविवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब छपरा से आई छपरा-गोमतीनगर एक्सप्रेस की स्लीपर बोगी से एक अज्ञात युवती का सिर कटा शव बरामद हुआ। हत्यारों ने वारदात को इतनी बेरहमी से अंजाम दिया कि शव का सिर गायब था और हाथ-पैर पॉलीथीन में पैक कर एक बड़े बॉक्स के अंदर बंद किए गए थे। ट्रेन के स्टेशन पहुंचते ही लावारिस बॉक्स की सूचना पर जीआरपी और आरपीएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं। बॉक्स को खोलते ही वहां मौजूद पुलिसकर्मियों के होश उड़ गए। जीआरपी ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।

S1 कोच में लावारिस मिला बॉक्स, रेलवे महकमे से लेकर मुख्यालय तक मचा हड़कंप

यह खौफनाक मामला छपरा से चलकर लखनऊ के गोमतीनगर आने वाली गाड़ी संख्या 15114 (छपरा-गोमतीनगर एक्सप्रेस) का है। यह ट्रेन शनिवार शाम पौने छह बजे छपरा से रवाना हुई थी और रविवार सुबह करीब छह बजे गोमतीनगर रेलवे स्टेशन पहुंची। सभी यात्रियों के उतरने के बाद स्लीपर कोच एस-1 (S1) में एक संदिग्ध बॉक्स रखे होने की जानकारी स्टेशन अधीक्षक को मिली। आनन-फानन में चारबाग जीआरपी प्रभारी धर्मवीर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जब बॉक्स को खुलवाया गया, तो उसमें करीब 30 से 35 वर्ष की युवती का धड़ मिला। युवती की शिनाख्त अभी तक नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूर्वोत्तर रेलवे (NER) लखनऊ मंडल से लेकर गोरखपुर मुख्यालय तक के आला अधिकारी सक्रिय हो गए हैं और यात्रियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

कसाईबाड़े वाले धारदार हथियार से काटने की आशंका, चालाकी से बॉक्स में बंद किया शव

क्राइम सीन और शव की हालत को देखकर पुलिस भी हैरान है। सूत्रों के मुताबिक, युवती के अंगों को किसी बेहद धारदार भारी हथियार से काटा गया है। आशंका जताई जा रही है कि हत्यारे ने शव के टुकड़े करने के लिए कसाईबाड़े में इस्तेमाल होने वाले चापड़ का प्रयोग किया होगा। हैरान करने वाली बात यह है कि युवती के शरीर पर फिलहाल जबरदस्ती या किसी अन्य चोट के निशान नहीं दिखे हैं। हत्यारे ने इतनी चालाकी से शव को पैक किया था कि खून की एक बूंद भी बॉक्स से बाहर नहीं आई। सारे खून के धब्बे बॉक्स के अंदर ही जम कर रह गए और हाथ-पैर पॉलीथीन में पैक होने के कारण सहयात्रियों को इस खौफनाक साजिश की भनक तक नहीं लगी।

रंग-बिरंगा सूट और ग्रामीण परिवेश, शिनाख्त के लिए जीआरपी ने बनाई स्पेशल टीमें

शव की पहचान करने के लिए जीआरपी ने कई स्पेशल टीमों का गठन कर दिया है। बॉक्स के भीतर मिले युवती के धड़ पर रंग-बिरंगा सूट था, जिसे देखकर शुरुआती तौर पर अंदाजा लगाया जा रहा है कि मृतका ग्रामीण परिवेश की हो सकती है। हालांकि, पुलिस आधिकारिक तौर पर अभी कुछ भी कहने से बच रही है। पुलिस की टीमें एस-1 कोच में सफर करने वाले सहयात्रियों का ब्यौरा खंगाल रही हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस भारी-भरकम बॉक्स को लेकर बोगी में कौन सवार हुआ था।

20 स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज खंगालेगी पुलिस, चार्ट से मैच होगा यात्रियों का डेटा

छपरा से लखनऊ के बीच का यह सफर करीब 12 घंटे का है, जिसमें यह ट्रेन 20 से अधिक स्टेशनों से गुजरकर गोमतीनगर पहुंचती है। जीआरपी अब रूट के इन सभी 20 रेलवे स्टेशनों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की तैयारी कर रही है, ताकि उस स्टेशन और चेहरे की पहचान हो सके जहां से यह बॉक्स ट्रेन में चढ़ाया गया था। इसके साथ ही रेलवे से स्लीपर कोच एस-1 का रिजर्वेशन चार्ट (Reservation Chart) मांगकर यात्रियों की लिस्ट तैयार की जा रही है। हालांकि, आरक्षित बोगियों में कई बार जनरल टिकट वाले यात्री भी बैठ जाते हैं, जिससे पुलिस के लिए इस गुत्थी को सुलझाना एक बड़ी चुनौती बन गया है।

Check Also

बहराइच में रोंगटे खड़े करने वाली वारदात: मासूम की हत्या कर भागा आरोपी मुठभेड़ में ढेर होते-होते बचा, पैर में लगी गोली

बहराइच (महसी)। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले से एक दिल दहला देने वाली सनसनीखेज वारदात …