Wednesday , 29 April 2026

बंगाल चुनाव: फाल्टा में EVM पर ‘टेप’ कांड से मचा हड़कंप, बीजेपी का आरोप- ‘बटन दबाने से रोक रही टीएमसी’; आयोग ने दिए जांच के आदेश

कोलकाता: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के दौरान डायमंड हार्बर की फाल्टा विधानसभा सीट पर बड़ा सियासी ड्रामा शुरू हो गया है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) पर बेहद गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि कई पोलिंग बूथों पर EVM मशीनों में बीजेपी के चुनाव चिन्ह के आगे ‘टेप’ चिपका दिया गया है, ताकि मतदाता कमल का बटन न दबा सकें। बीजेपी ने इसे ‘डायमंड हार्बर मॉडल’ करार देते हुए फाल्टा के प्रभावित बूथों पर दोबारा मतदान (Repoll) की मांग की है।

अमित मालवीय का हमला: ‘ममता के पुष्पा’ पर लगाए गंभीर आरोप

बीजेपी आईटी सेल के प्रभारी अमित मालवीय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर वीडियो साझा करते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और टीएमसी प्रत्याशी जहांगीर खान को घेरा। मालवीय ने लिखा, “यह दिखाता है कि ममता बनर्जी क्यों जहांगीर खान जैसे अपराधी का समर्थन करती हैं। फाल्टा के कई बूथों पर बीजेपी के बटन पर टेप लगाकर मतदाताओं को उनके संवैधानिक अधिकार से वंचित किया जा रहा है।” उन्होंने फाल्टा के बूथ नंबर 144, 170 (हरिडंगा हाई स्कूल) और बूथ नंबर 189 का विशेष रूप से उल्लेख किया, जहां ईवीएम के साथ छेड़छाड़ की शिकायतें मिली हैं।

‘सिंघम’ बनाम ‘पुष्पा’ की जंग में तब्दील हुआ चुनाव

फाल्टा का चुनाव तब से चर्चा में है जब यूपी कैडर के तेजतर्रार आईपीएस अफसर और चुनाव पर्यवेक्षक अजयपाल शर्मा ने जहांगीर खान के घर जाकर सख्त चेतावनी दी थी। शर्मा ने कहा था कि यदि मतदाताओं को डराया गया, तो ‘कायदे से सबक सिखाया जाएगा’। इस पर जहांगीर खान ने पलटवार करते हुए कहा था, “अगर वह (अजयपाल शर्मा) सिंघम हैं, तो मैं भी पुष्पा हूं।” अब उसी फाल्टा सीट पर धांधली के आरोपों ने चुनावी माहौल को और अधिक गर्मा दिया है।

चुनाव आयोग का कड़ा रुख: ‘आरोप सही मिले तो फिर से होगी वोटिंग’

EVM से छेड़छाड़ की शिकायतों पर चुनाव आयोग (EC) ने तत्काल संज्ञान लिया है। आयोग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि फाल्टा के जिन बूथों पर टेप चिपकाने या बटन दबाने में बाधा डालने की शिकायतें आई हैं, वहां की पूरी रिपोर्ट मांगी गई है। आयोग ने भरोसा दिलाया कि यदि प्राथमिक जांच में छेड़छाड़ की पुष्टि होती है, तो उन सभी केंद्रों पर पुनर्मतदान (Repolling) कराने का आदेश जारी किया जाएगा। फिलहाल, फाल्टा में तनाव को देखते हुए केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है।

Check Also

राजा रघुवंशी हत्याकांड: 320 दिन बाद मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी को मिली जमानत, गिरफ्तारी में ‘कानूनी चूक’ बनी रिहाई का आधार

इंदौर/शिलांग: मध्य प्रदेश के चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड में एक बड़ा कानूनी घटनाक्रम सामने आया …