Tuesday , 17 November 2026

दोस्त के साथ मंदिर दर्शन करने गई एयर होस्टेस की बेरहमी से हत्या, पीठ पर चाकू से किए चार वार; लूटपाट या कोई गहरी साजिश?

बालाघाट/गोंदिया, ब्यूरो। मध्य प्रदेश के बालाघाट और महाराष्ट्र की सीमा से सटे गोंदिया जिले में एक 35 वर्षीय एयर होस्टेस की दिनदहाड़े हुई सनसनीखेज हत्या से हड़कंप मच गया है। गोंदिया के दौनीवाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बोंडरानी में वैनगंगा नदी तट पर अपने एक परिचित युवक (दोस्त) के साथ घूमने गई वर्षा तुरकर पर अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। शनिवार, 14 नवंबर की शाम हुई इस खौफनाक वारदात में महिला की पीठ पर चाकू से चार गहरे वार किए जाने की बात सामने आई है। गंभीर रूप से घायल वर्षा को आनन-फानन में बालाघाट के खैरलांजी अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। शुरुआती तौर पर इस वारदात के पीछे लूटपाट के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है, लेकिन पुलिस हर पहलू से मामले की तफ्तीश में जुटी है।

दीपावली मनाने बेटी के साथ मायके आई थी वर्षा, पुणे में करती थी नौकरी

मिली जानकारी के अनुसार, मृतका वर्षा तुरकर का मायका मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के खैरलांजी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नवेगांव में है। वर्षा ने करीब चार साल पहले समर सैयद नामक युवक से प्रेम विवाह किया था और वह महाराष्ट्र के पुणे शहर में रहकर एक एयरलाइंस में एयर होस्टेस के तौर पर कार्यरत थी। दंपति की एक तीन साल की मासूम बेटी भी है। बताया जा रहा है कि वर्षा के प्रेम विवाह करने के बाद उसके मायके के परिजनों ने अपना पैतृक गांव छोड़कर दूसरे गांव में रहना शुरू कर दिया था। हाल ही में दीपावली का त्योहार मनाने के लिए वर्षा अपनी तीन वर्षीय बेटी के साथ मायके आई हुई थी।

वैनगंगा नदी तट पर मंदिर के पास हुआ हमला, दोस्त ने दी परिजनों को सूचना

परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक, पढ़ाई के दिनों में वर्षा की पहचान गोंदिया निवासी एक युवक से हुई थी, जो तब से लगातार उसके संपर्क में बना हुआ था। मायके आने के बाद शनिवार, 14 नवंबर को वर्षा उसी परिचित युवक के साथ किन्ही आई थी, जहां से दोनों महाराष्ट्र के बोंडरानी स्थित वैनगंगा नदी तट पर बने मंदिर के पास दर्शन करने और घूमने के लिए गए थे। इसी बीच शाम करीब 6 बजे साथ गए युवक ने वर्षा के बहनोई अश्विनी उर्फ पप्पू पटले को फोन कर सूचना दी कि उनके साथ लूटपाट हुई है और कुछ अज्ञात लोगों ने वर्षा पर चाकू से हमला कर दिया है। खबर मिलते ही बदहवास परिजन तत्काल मौके पर पहुंचे, जहां वर्षा लहूलुहान और गंभीर अवस्था में पड़ी थी। परिजन उसे तुरंत खैरलांजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन शाम करीब 7 बजे चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

महाराष्ट्र पुलिस को सौंपी गई जांच, साथ गए दोस्त से खुलेंगे हत्या के राज

घटना की सूचना मिलने पर खैरलांजी पुलिस अस्पताल पहुंची और महाराष्ट्र पुलिस को पूरे मामले से अवगत कराया। रविवार, 15 नवंबर को बालाघाट पुलिस द्वारा पोस्टमार्टम कराए जाने के पश्चात शव परिजनों को सौंप दिया गया। वारासिवनी थाना प्रभारी अनूप कुमार उइके ने बताया कि खैरलांजी अस्पताल में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर मर्ग कायम किया गया है, लेकिन घटनास्थल महाराष्ट्र की सीमा में होने के कारण प्रकरण की विस्तृत जांच गोंदिया की दौनीवाड़ा थाना पुलिस द्वारा की जा रही है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, दौनीवाड़ा पुलिस घटना के वक्त वर्षा के साथ मौजूद परिचित युवक और उनके बहनोई अश्विनी पटले से गहन पूछताछ कर रही है। जांच अधिकारियों का मानना है कि साथ गए परिचित युवक से पूछताछ में इस पूरे घटनाक्रम का रहस्य खुल सकता है, जिससे यह साफ हो पाएगा कि वर्षा तुरकर पर हमला किसने किया और इसके पीछे लूटपाट थी या कोई अन्य वजह।

 

Check Also

महिला आरक्षण और परिसीमन बिल पर सियासी पारा हाई : क्या संसद के विशेष सत्र में बहुमत का जुगाड़ कर पाएगी मोदी सरकार? जानें नया नंबर गेम

New Parliament Special Session News: केंद्र सरकार एक बार फिर महिला आरक्षण और परिसीमन विधेयक …