Friday , 29 May 2026

अब गाजियाबाद में खूनी खेल: जायदाद के लालच में कलयुगी बेटे ने पार की हदें, सो रहे माता-पिता को चाकू से गोदा

67c6770f34148 bhopal man murder 044409421 16x9

गाजियाबाद (मोदनीगर)। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से एक रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। यहां के मोदीनगर इलाके में संपत्ति के विवाद ने एक हंसते-खेलते परिवार को खून के आंसुओं में डुबो दिया। महज एक मकान के लालच में अंधे हुए एक बेटे ने अपने उन बूढ़े माता-पिता पर जानलेवा हमला कर दिया, जिन्होंने उसे पाल-पोसकर बड़ा किया था। आरोपी बेटे ने चाकू से ताबड़तोड़ वार कर अपने माता-पिता को लहूलुहान कर दिया और मौके से फरार हो गया।

मकान नाम न करने पर भड़का बेटा, घर बना कुरुक्षेत्र

मिली जानकारी के मुताबिक, मोदीनगर की गोविंदपुरी कॉलोनी के रहने वाले 70 वर्षीय रमाशंकर अपनी पत्नी सुशीला देवी, बेटे मनोज और बहू किरण के साथ रहते हैं। बताया जा रहा है कि मनोज पिछले काफी समय से अपने पिता पर पैतृक मकान को उसके नाम ट्रांसफर करने का दबाव बना रहा था। रमाशंकर इसके लिए तैयार नहीं थे, जिसे लेकर घर में पिछले कई दिनों से कलह चल रही थी। महज चार दिन पहले भी इसी बात को लेकर घर में बड़ा झगड़ा हुआ था, जिसके बाद पीड़ित बुजुर्ग न्याय की गुहार लेकर पुलिस चौकी भी पहुंचे थे।

पुलिस की सुस्ती पड़ी भारी? सोमवार को दी थी शिकायत

इस पूरे मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। बताया जा रहा है कि पीड़ित बुजुर्ग दंपती ने सोमवार को भी मोदीनगर थाने जाकर बेटे द्वारा की जा रही मारपीट और प्रताड़ना की शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि पुलिस ने उस समय ठोस कार्रवाई करने के बजाय उन्हें मंगलवार को आने की बात कहकर घर वापस भेज दिया। अगर पुलिस ने समय रहते हस्तक्षेप किया होता, तो शायद आज यह दर्दनाक मंजर देखने को न मिलता।

चीख-पुकार सुनकर दौड़े पड़ोसी, हालत बेहद नाजुक

मंगलवार को विवाद इतना बढ़ा कि गुस्से में आगबबूला मनोज ने चाकू उठा लिया और अपने माता-पिता पर हमला बोल दिया। हमले के दौरान घर में मची चीख-पुकार सुनकर जब तक आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ते, आरोपी मनोज वहां से रफूचक्कर हो चुका था। पड़ोसियों ने तुरंत खून से लथपथ बुजुर्ग दंपती को स्थानीय अस्पताल पहुंचाया, लेकिन घाव गहरे होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद मेरठ के हायर सेंटर रेफर कर दिया है। फिलहाल दोनों की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है।

फरार आरोपी की तलाश में पुलिस की छापेमारी

एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस टीम आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि अभी तक परिवार की ओर से कोई लिखित तहरीर (शिकायत) नहीं मिली है, लेकिन घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस जांच में जुट गई है। इस घटना के बाद से पूरी गोविंदपुरी कॉलोनी में सन्नाटा पसरा हुआ है और लोग इस कलयुगी बेटे की करतूत की निंदा कर रहे हैं।

Check Also

“हम तुमसे मोहब्बत किया ठीक… अब तुम खुश रहो हमारे बिना” — सुसाइड से पहले वीडियो बनाकर आशिक ने दी जान, प्रेम प्रसंग में खौफनाक कदम

निघासन-खीरी: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के सिंगाही थाना क्षेत्र से एक दिल दहला …