Monday , 15 June 2026

बरसात में मलेरिया व डेंगू का खतरा बढ़ा : पयागपुर में वायरल फीवर का प्रकोप, अस्पतालों में उमड़ रही भीड़

बरसात में मलेरिया व डेंगू का खतरा बढ़ा, डॉक्टरों ने लोगों को किया सतर्क

बहराइच ( पयागपुर।
बरसात और बदलते मौसम ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। दिन में उमस और रात में ठंडक के कारण वायरल फीवर तेजी से फैल रहा है। पयागपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर रोजाना छह से सात सौ मरीज इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। इनमें अधिकांश मरीज बुखार, सिरदर्द, सर्दी-जुकाम और कमजोरी जैसी शिकायतों से ग्रसित हैं।

सीएचसी अधीक्षक डॉ. धीरेंद्र कुमार तिवारी ने बताया कि बरसात के दौरान मच्छरों की तादाद बढ़ने से मलेरिया और डेंगू का खतरा भी बढ़ गया है। अस्पताल में रोजाना कई संदिग्ध मरीज आ रहे हैं, जिनकी जांच कर उपचार दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि फिलहाल हालात नियंत्रण में हैं, लेकिन लोगों की लापरवाही स्थिति को गंभीर बना सकती है।

डॉ. तिवारी ने आमजन से अपील की कि पूरी आस्तीन के कपड़े पहनें, घर के आसपास पानी का जमाव न होने दें, गंदगी से दूरी बनाए रखें और मच्छरदानी का प्रयोग जरूर करें। उन्होंने कहा कि छोटी सी सावधानी बड़ी बीमारी से बचा सकती है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले एक पखवारे से गांव-गांव में बुखार से पीड़ित मरीजों की संख्या बढ़ गई है। कई लोग घरेलू नुस्खों के बजाय सीधे सीएचसी का रुख कर रहे हैं, जिससे अस्पतालों में भीड़ बढ़ गई है।

डॉक्टरों का कहना है कि मौसम के इस दौर में लापरवाही खतरनाक साबित हो सकती है। समय पर जांच और उपचार से वायरल फीवर समेत मलेरिया और डेंगू जैसी बीमारियों पर नियंत्रण संभव है।

Check Also

राजस्थान में बेची जा रही थीं यूपी की बेटियां ! लखनऊ पुलिस ने किया इंसानी सौदागरों के बड़े रैकेट का भंडाफोड़, दंपति समेत 6 गिरफ्तार

मोहनलालगंज (लखनऊ): उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से सटे मोहनलालगंज इलाके में पुलिस ने नाबालिग …