
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में फरवरी 2027 में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव की आहट के साथ ही प्रदेश की दलित और बहुजन राजनीति में वर्चस्व की बड़ी जंग शुरू हो गई है। एक तरफ बहुजन समाज पार्टी (BSP) की सुप्रीमो मायावती अपनी खोई हुई सियासी जमीन वापस पाने के लिए कमर कस चुकी हैं, तो दूसरी तरफ आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद भी अपनी ताकत का लोहा मनवाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। हाल ही में असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM के साथ मिलकर ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ (SPM) का गठन करने वाले चंद्रशेखर आजाद और मायावती—दोनों ही नेता राजधानी लखनऊ में अलग-अलग विशाल जनसभाओं के जरिए दलित वोट बैंक के साथ-साथ अन्य समुदायों में भी अपनी पैठ मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रहे हैं।
मायावती के बनवाए रमाबाई मैदान से चंद्रशेखर की हुंकार, 26 नवंबर को महारैली नगीना लोकसभा सीट से सांसद चंद्रशेखर आजाद की निगाहें उन परंपरागत दलित मतदाताओं पर टिकी हैं, जिन्होंने पिछले करीब एक दशक में बसपा के कमजोर होते चुनावी प्रदर्शन के बाद पार्टी से दूरी बना ली है। अपनी राजनीतिक ताकत को केवल नगीना क्षेत्र तक सीमित न रखकर पूरे प्रदेश में दिखाने के लिए चंद्रशेखर ने लखनऊ के उसी ऐतिहासिक रमाबाई आम्बेडकर रैली मैदान को चुना है, जिसका निर्माण स्वयं मायावती ने अपने मुख्यमंत्रित्व काल में कराया था। लगभग 51 एकड़ में फैले और डॉ. भीमराव आम्बेडकर की पत्नी के नाम पर बने इस विशाल मैदान की क्षमता करीब आठ लाख लोगों की बताई जाती है। गौरतलब है कि मायावती ने यहां आखिरी बार 15 जनवरी 2014 को अपने जन्मदिन पर रैली की थी। अब चंद्रशेखर आजाद ने 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर इसी मैदान में ‘बहुजन स्वराज संकल्प महारैली’ आयोजित करने का ऐलान किया है, जिसमें AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के भी शामिल होने की प्रबल संभावना है।
10 लाख की भीड़ जुटाने का लक्ष्य, सपा के ‘PDA’ समीकरण को चुनौती देने की रणनीति आठ लाख की क्षमता वाले रमाबाई मैदान को भरना आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के लिए किसी बड़ी अग्निपरीक्षा से कम नहीं है। हालांकि, सामाजिक परिवर्तन मोर्चा के गठन के बाद पार्टी को उम्मीद है कि रैली में दलितों के साथ बड़ी संख्या में मुस्लिम मतदाता भी जुटेंगे। तैयारियों की समीक्षा के लिए चंद्रशेखर आजाद ने सभी जिलों में पार्टी और भीम आर्मी के जिलाध्यक्षों की बैठक बुलाई है। उत्तर प्रदेश अध्यक्ष सुनील कुमार चित्तौड़ ने दावा किया कि रैली में 10 लाख लोगों को जुटाने का लक्ष्य रखा गया है, जिसके लिए हर विधानसभा क्षेत्र से कम से कम 20 बसें लगाई जा रही हैं। राज्य की 403 में से 87 सीटों पर संभावित प्रत्याशी घोषित कर चुकी पार्टी अब ओवैसी के साथ गठबंधन के तहत जातीय समीकरणों के आधार पर कुछ सीटों की अदला-बदली भी कर सकती है। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता के अनुसार, इस रैली के जरिए मुख्य रूप से ओबीसी, दलित और अल्पसंख्यक वर्गों को साधकर समाजवादी पार्टी के ‘PDA’ फॉर्मूले को सीधी चुनौती दी जाएगी। उन्होंने बताया कि घोषित सीटों पर 50-50 हजार निमंत्रण पत्र बांटे जा रहे हैं ताकि चंद्रशेखर को एक राष्ट्रीय नेता के रूप में स्थापित किया जा सके। इसी कड़ी में मिश्रिख सीट के संभावित उम्मीदवार और प्रदेश उपाध्यक्ष सौरभ किशोर ने अपने क्षेत्र से 50 बसें और नगीना लोकसभा क्षेत्र वाले बिजनौर जिले से 200 बसें बुक करने की जानकारी दी है।
6 दिसंबर को मायावती का महाशक्ति प्रदर्शन, 16 लाख लोगों को लखनऊ बुलाने का प्लान चंद्रशेखर की इस चुनौती के बीच बहुजन समाज पार्टी ने भी अपने कमजोर होते जनाधार को फिर से धार देने के लिए बेहद बड़ा दांव चला है। बसपा आगामी 6 दिसंबर को डॉ. भीमराव आम्बेडकर के परिनिर्वाण दिवस (पुण्यतिथि) पर लखनऊ के 101 एकड़ में फैले विशाल ‘डॉ. भीमराव आम्बेडकर सामाजिक परिवर्तन स्थल’ पर ‘श्रद्धांजलि सुमन समारोह’ का आयोजन करने जा रही है, जिसे मायावती संबोधित करेंगी। बसपा सूत्रों के मुताबिक, पार्टी ने राज्य की सभी 403 विधानसभा सीटों से प्रति सीट कम से कम 80 बसें लगाने की योजना तैयार की है और प्रत्येक बस को भरने की जिम्मेदारी सेक्टर इकाइयों के छह पदाधिकारियों को सौंपी गई है। एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने बताया कि यदि प्रति बस 50 लोग भी आते हैं, तो अकेले बसों से ही 16 लाख से अधिक की भीड़ जुट जाएगी, इसके अलावा हर जिले से 1,000 अन्य वाहन और ट्रेनों से भी समर्थक पहुंचेंगे। मायावती ने सख्त निर्देश दिया है कि ट्रेन से आने वाले हर कार्यकर्ता के पास वैध टिकट होना अनिवार्य है। कार्यक्रम से दो दिन पहले पहुंचने वाले समर्थकों के ठहरने और भोजन की व्यवस्था रमाबाई आम्बेडकर रैली मैदान में की जा रही है।
100 से ज्यादा सीटों पर बसपा के प्रत्याशी तय, इतिहास रचने का दावा उत्तर प्रदेश बसपा अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने विश्वास जताया कि 6 दिसंबर का यह आयोजन राज्य के राजनीतिक इतिहास की सबसे बड़ी सभाओं में से एक होगा, जिसके लिए बूथ और सेक्टर स्तर पर टीमें सक्रिय कर दी गई हैं। चुनावी तैयारियों को गति देते हुए बसपा ने 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए 100 से अधिक उम्मीदवारों के नाम भी तय कर लिए हैं, जिनकी घोषणा संबंधित विधानसभा क्षेत्रों में जनसभाएं आयोजित करके की जा रही है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले मायावती ने 9 अक्टूबर 2025 को कांशीराम की पुण्यतिथि पर लखनऊ में विशाल जनसभा की थी, जिसमें पार्टी ने करीब पांच लाख लोगों के शामिल होने का दावा किया था।
voice of india