Friday , 20 November 2026

तंदूर बनी संकरी गली की अवैध इमारत: कानपुर के राधिका अपार्टमेंट में भीषण अग्निकांड, 15 साल का किशोर जिंदा जला, जान बचाने को कूदी महिला की भी मौत. ….हादसों के बाद ही क्यों जागता है जिम्मेदार सिस्टम?

कानपुर (ब्यूरो)। शहर की संकरी गलियों में नियमों को ताक पर रखकर तानी जा रही अवैध बहुमंजिला इमारतें एक बार फिर बेगुनाहों के लिए कब्रगाह साबित हुई हैं। याद कीजिए 05 मई 2025 का वह काला दिन, जब चमनगंज के गांधीनगर स्थित एक तंग गली में अवैध रूप से बने पांच मंजिला मकान में आग लगने से एक ही परिवार के पांच लोगों की जिंदगी राख हो गई थी। उस वक्त कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे तो अफसरों ने अपनी साख बचाने के लिए अवैध निर्माणों के खिलाफ सख्त अभियान चलाने का बड़ा ऐलान किया था। लेकिन कुछ दिनों तक चुनिंदा बिना नक्शे की इमारतों पर दिखावटी कार्रवाई की रस्म निभाने के बाद पूरा अभियान ठंडे बस्ते में चला गया। अब फीलखाना थाना क्षेत्र के पटकापुर स्थित राधिका अपार्टमेंट में हुए भीषण अग्निकांड में एक महिला और एक किशोर की दर्दनाक मौत के बाद केडीए ने एक बार फिर सख्ती का पुराना राग अलापा है। महज पांच फीट चौड़ी संकरी गली में नियम-कायदों को रौंदकर बनाए गए इस अपार्टमेंट में सोमवार तड़के लगी आग की लपटों में घिरकर 15 वर्षीय प्रांजुल बाथम जिंदा जल गया, जबकि तपिश और धुएं से घबराकर ऊपरी मंजिल से नीचे कूदीं राखी साहू की जमीन पर गिरने से सांसें थम गईं।

हादसों के बाद ही क्यों जागता है जिम्मेदार सिस्टम? चमनगंज के गांधीनगर की संकरी गली में अवैध रूप से खड़ी की गई पांच मंजिला इमारत में चोरी-छिपे तहखाना भी बनाया गया था, जहां जूते का कारखाना संचालित हो रहा था। उस तहखाने में आग भड़कने के बाद केमिकल के ड्रम फटने और सीढ़ियों पर रखे फोम के सुलगने से पति-पत्नी और उनकी तीन मासूम बेटियों की दर्दनाक मौत हुई थी। उस समय भी यह गंभीर सवाल उठा था कि आखिर इतनी तंग गलियों में बहुमंजिला इमारतें कैसे खड़ी हो गईं। प्रशासनिक जांच में यह बात सामने आई थी कि केडीए के सुपरवाइजरों और अवर अभियंताओं की मिलीभगत से पुराने मोहल्लों में ऐसे तंदूरनुमा अपार्टमेंट खड़े किए गए हैं। आंख मूंदने के एवज में वसूले गए नजराने का बड़ा हिस्सा उच्चाधिकारियों तक पहुंचने की चर्चाएं तेज हुईं तो केडीए ने आनन-फानन में कार्रवाई का ऐलान कर दिया, लेकिन जनआक्रोश शांत होते ही सब कुछ पहले जैसा हो गया। ताजा हादसे का गवाह बना राधिका अपार्टमेंट भी करीब दो साल पहले बनकर तैयार हुआ था, लेकिन गांधीनगर अग्निकांड के बाद चले दिखावटी अभियान की जद में यह इमारत कभी नहीं आई।

पार्किंग से भड़की आग ने इमारत को बनाया तंदूर, 11वीं का छात्र जिंदा भस्म सोमवार सुबह सूरज निकलने से कुछ घंटे पहले घनी बस्ती और संकरी गली में बने पांच मंजिला राधिका अपार्टमेंट में अचानक आग भड़क उठी। दमकल विभाग के शुरुआती आकलन के अनुसार, शॉर्ट-सर्किट के कारण भूतल की पार्किंग में आग लगी, जिसकी चपेट में आकर वहां खड़ी स्कूटी और बाइक धधकने लगीं। देखते ही देखते वाहनों की पेट्रोल टंकियों में विस्फोट होने से आग ने विकराल रूप धारण कर पूरी इमारत को अपनी आगोश में ले लिया। अपार्टमेंट से बाहर निकलने का एकमात्र रास्ता होने और सीढ़ियों पर धुआं व आग भर जाने से किसी का भी नीचे उतरना नामुमकिन हो गया। इस भयावह आग की चपेट में आकर पांचवीं मंजिल पर रहने वाले अनिल बाथम के इकलौते बेटे प्रांजुल की झुलसने से मौत हो गई। अनिल ने बताया कि तड़के करीब चार बजे लगातार कॉल-बेल बजने पर उन्होंने फ्लैट का दरवाजा खोला तो सामने घना धुआं और आग की लपटें दिखीं। उन्होंने तुरंत दरवाजा बंद कर परिवार को जगाया और बालकनी की ओर जाने को कहा, लेकिन घबराहट में प्रांजुल ने दरवाजा खोलकर छत की तरफ भागने की कोशिश की और सुरक्षित जगह पहुंचने से पहले ही आग की लपटों ने उसकी जान ले ली। अनिल ने तीन साल पहले 25 लाख रुपये में यह टू-बीएचके फ्लैट खरीदा था। परिवार में पत्नी मीता बाथम और आठ वर्षीय बेटी गौरी के अलावा 15 साल का प्रांजुल था, जो विकास नगर स्थित जुगलदेवी स्कूल में कक्षा 11वीं का छात्र था।

आग से बचने के लिए नीचे कूदीं अधिवक्ता की पत्नी, एक युवक की रीढ़ टूटी आग की बढ़ती लपटों और दम घोंटने वाले धुएं को देखकर तीसरी मंजिल पर रहने वाले अधिवक्ता जितेंद्र साहू की पत्नी राखी साहू (45) ने जान बचाने के लिए संकरी गली में छलांग लगा दी। ऊंचाई से गिरने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। गिरते समय वह गली में नीचे खड़े वैभव गुप्ता के ऊपर आ गिरीं, जिससे वैभव की रीढ़ की हड्डी टूट गई और उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया। पत्नी को खोने के गम से टूटे अधिवक्ता जितेंद्र ने बताया कि स्कूल की छुट्टी होने के कारण उनके दोनों बच्चे शिवांश और शिवन्या सिविल लाइंस स्थित अपने दादा के घर गए हुए थे। आग लगने के बाद उन्होंने बालकनी से चादर लटकाकर पत्नी को नीचे उतारने की कोशिश की थी, लेकिन अत्यधिक घबराहट के कारण राखी के हाथ से चादर छूट गई। सूचना मिलने पर दमकल की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर बालकनी में फंसे प्रांजुल के माता-पिता, बहन और इमारत के अन्य निवासियों को सुरक्षित बाहर निकाला। मुख्य अग्निशमन अधिकारी दीपक शर्मा ने बताया कि इमारत से निकासी का केवल एक ही मार्ग था, जो पार्किंग में खड़े वाहनों में आग लगने के कारण पूरी तरह अवरुद्ध हो गया था।

धोती के सहारे उतरे और पटरा लगाकर पड़ोसी की छत पर कूदे लोग राधिका अपार्टमेंट में कुल 12 फ्लैट हैं, जिनमें करीब 50 लोग निवास करते हैं। तीसरी मंजिल पर रहने वाले महेश तिवारी ने खौफनाक मंजर बयां करते हुए बताया कि शोर सुनकर जैसे ही दरवाजा खोला, चारों ओर काला धुआं भरा था। उन्होंने परिवार के साथ बालकनी की ओर दौड़ लगाई और फिर धोती के सहारे लटककर दूसरी मंजिल पर उतरे। वहां से लकड़ी का पटरा लगाकर सामने स्थित मकान की छत पर पहुंचकर अपनी जान बचाई। निवासियों का आरोप है कि अपार्टमेंट में अग्निशमन सुरक्षा (फायर सेफ्टी) का कोई इंतजाम नहीं था और बिल्डर मोहित तिवारी से बार-बार आग्रह करने के बावजूद सुरक्षा उपकरण नहीं लगाए गए। वहीं, ज्ञान शुक्ला ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे और बगल के घर से पटरा लगाकर अपने बड़े भाई के परिवार को सुरक्षित बाहर निकाला। स्थानीय पड़ोसी सुरेंद्र कश्यप ने भी तत्परता दिखाते हुए अपने मकान से सीढ़ी और पटरा लगाकर कई परिवारों की जान बचाई।

सीलिंग का नोटिस देने वाले अफसर का हो गया था तबादला, अब फिर जागा केडीए पटकापुर इलाके में राधिका अपार्टमेंट के आसपास ऐसी कई अन्य बहुमंजिला इमारतें भी मौजूद हैं, जो महज पांच से छह फीट चौड़ी गलियों में अवैध रूप से खड़ी की गई हैं। केडीए ने करीब आठ महीने पहले जोन-1 में अभियान चलाकर 22 अवैध निर्माणों को सील किया था, लेकिन कथित सांठगांठ के चलते वे सभी इमारतें धीरे-धीरे बनकर तैयार हो गईं। राधिका अपार्टमेंट को लेकर भी यह चर्चा जोरों पर है कि इसके निर्माण के दौरान तत्कालीन प्रभारी सीबी पाण्डेय ने सीलिंग का नोटिस जारी किया था, लेकिन कार्रवाई होने से पहले ही उनका कार्यक्षेत्र बदल दिया गया। बहरहाल, इस दर्दनाक हादसे के बाद केडीए प्रशासन एक बार फिर हरकत में आया है। अवकाश के बावजूद केडीए वीसी अंकुर कौशिक के निर्देश पर प्रभारी अतुल राय और अवर अभियंता अटल चतुर्वेदी ने टीम के साथ पूरे क्षेत्र के अवैध अपार्टमेंट चिन्हित करने शुरू कर दिए हैं। ताजा कार्रवाई में तीन परिसरों को सील किया गया है, जबकि निर्माणाधीन इमारतों को नोटिस थमाए गए हैं।

 

Check Also

UP Assembly Elections 2027: लखनऊ में मायावती और चंद्रशेखर आजाद के बीच शक्ति प्रदर्शन की जंग! रमाबाई मैदान से रैलियों की हुंकार भरेंगे आजाद, तो 16 लाख की भीड़ जुटाने की तैयारी में बसपा

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में फरवरी 2027 में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव की आहट के साथ ही …