
मथुरा । सियासी गलियारों में राजनीतिक संदेशों के अपने खास मायने होते हैं। भगवान श्रीकृष्ण की पावन नगरी मथुरा में आयोजित दो दिवसीय चिंतन बैठक के जरिए भारतीय जनता पार्टी ने आगामी विधानसभा चुनावों के लिए एक बड़ा सियासी संदेश देने की कोशिश की है। यह संदेश जहां एक तरफ पार्टी के सहयोगियों और समर्थक मतदाताओं का उत्साह बढ़ाने वाला है, वहीं दूसरी तरफ विपक्ष के लिए भी सीधी चुनौती है। सियासी जानकारों के मुताबिक, जिस ‘कान्हा’ के नाम को लेकर सपा मुखिया अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधने की कोशिश की थी, अब भाजपा उसी नटवर नंदकिशोर की धरती से वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की व्यूह रचना तैयार कर रही है। उत्तर प्रदेश की सत्ता में लगातार तीसरी बार वापसी यानी जीत की हैट्रिक लगाने के लिए पार्टी इसी रणनीति के तहत विपक्ष की घेराबंदी करेगी। बीते कुछ समय से भाजपा मथुरा के मुद्दे पर सपा और अखिलेश यादव को अपनी ही राजनीतिक पिच पर लाने की कवायद में जुटी है। ऐसे में सियासी विश्लेषकों का मानना है कि अयोध्या और काशी के बाद अब मथुरा भाजपा के प्रमुख चुनावी एजेंडे के रूप में उभर सकता है।
यूपी की सत्ता की चाबी के लिए शीर्ष नेतृत्व का महामंथन देश की राजनीति में उत्तर प्रदेश के महत्व को सत्ता पक्ष से लेकर विपक्ष तक हर कोई भली-भांति समझता है। यही वजह है कि भाजपा किसी भी कीमत पर यूपी की सत्ता की चाबी अपने हाथ से फिसलने नहीं देना चाहती। मथुरा में चल रही पार्टी की इस दो दिवसीय चिंतन बैठक में इसी मिशन की पूरी पटकथा लिखी जा रही है। बैठक के पहले दिन राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में प्रदेश के आगामी चुनावी रोडमैप पर गहन मंथन किया गया।
बूथ, यूथ और आधी आबादी के सहारे तीसरी पारी का लक्ष्य पार्टी नेतृत्व ने प्रदेश की सत्ता में तीसरी पारी खेलने के लिए ‘बूथ, यूथ, आधी आबादी और लाभार्थियों’ को अपने अभियान का मुख्य आधार बनाया है। चिंतन बैठक के समापन के बाद भाजपा चुनावी मोर्चे पर विपक्ष को घेरने, कमजोर सीटों पर जीत दर्ज करने और बूथ से लेकर शक्ति केंद्र स्तर तक संगठन को सक्रिय करने के लिए बड़ा अभियान शुरू करेगी। इस पूरे चुनावी समर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम व उनकी सरकारों के कामकाज के जरिए जनता का भरोसा जीतने का प्रयास होगा। इसके साथ ही, मौजूदा विधायकों के खिलाफ जनता की नाराजगी (एंटी-इनकमबैंसी) को खत्म करने के लिए उनके कामकाज की बेहद बारीकी से समीक्षा की जाएगी, जो आगे चलकर टिकट वितरण का मुख्य आधार बनेगी।
23 हजार कमजोर बूथों और बी-सी श्रेणी की सीटों पर खास नजर दो दिनों के गहन विचार-विमर्श के बाद पार्टी का शीर्ष नेतृत्व और संगठन के पदाधिकारी इस चुनावी रणनीति को धरातल पर उतारने के लिए पूरे प्रदेश में ताबड़तोड़ रैलियां, जनसभाएं और बैठकें कर सियासी माहौल तैयार करेंगे। मथुरा का यह मंथन आगामी चुनावों में पार्टी की दिशा तय करेगा। पहले दिन हुए विमर्श के बाद बैठक का अंतिम निष्कर्ष मंगलवार को भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन की उपस्थिति में सामने आएगा। पार्टी की योजना कमजोर जिलों और कठिन विधानसभा सीटों के लिए अलग से विशेष रणनीति बनाने की है। बैठक में प्रदेश के करीब 23 हजार से अधिक कमजोर बूथों को मजबूत करने तथा ‘बी’ और ‘सी’ श्रेणी की विधानसभा सीटों पर विशेष ध्यान केंद्रित करने का खाका भी खींचा गया है।
जिताऊ चेहरा ही होगा टिकट का पैमाना, कई विधायकों पर गिरेगी गाज चिंतन शिविर के मुख्य एजेंडे में आगामी चुनाव के लिए प्रत्याशियों के चयन का फॉर्मूला भी शामिल रहा। सूत्रों के अनुसार, टिकट बंटवारे में सामाजिक समीकरणों को साधने के साथ-साथ सबसे अधिक जोर ‘जिताऊ’ उम्मीदवारों पर दिया जाएगा। इस सख्त पैमाने के चलते क्षेत्र में अलोकप्रिय हो चुके मौजूदा विधायकों का टिकट कटना लगभग तय माना जा रहा है। इसके अलावा, पिछले चुनाव में हारी हुई सीटों पर भी भाजपा इस बार बड़े स्तर पर नए चेहरों पर दांव लगाने की तैयारी में है।
सोशल मीडिया और घर-घर संपर्क से विपक्ष को देंगे जवाब बैठक संपन्न होने के बाद भाजपा के वरिष्ठ नेता और संगठन के पदाधिकारी अलग-अलग क्षेत्रों में प्रवास कर चुनावी तैयारियों की सीधी निगरानी करेंगे। बूथ प्रबंधन को चुस्त-दुरुस्त करने, घर-घर संपर्क अभियान चलाने, सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों तक सीधा संवाद स्थापित करने और डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने को चुनावी मुहिम से जोड़ा जाएगा। इसके समानांतर, विपक्ष के हर नैरेटिव की प्रभावी काट के लिए पार्टी की सोशल मीडिया टीम भी पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरेगी।
voice of india