
समस्तीपुर। बिहार के समस्तीपुर जिले में बेखौफ अपराधियों ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती दी है। मुसरीघरारी थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम एक युवक की सिर में गोली मारकर नृशंस हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान चकहबीब बाघी पंचायत के राम टोला निवासी कमल सिंह के 30 वर्षीय पुत्र सोनू कुमार के रूप में हुई है। महज तीन महीने पहले ही सोनू की शादी हुई थी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में भारी तनाव फैल गया और आक्रोशित ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया।
घर पर आया फोन, बाहर बुलाकर विवाद के बाद सटाकर दागी गोलियां
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, गुरुवार की शाम सोनू कुमार अपने घर पर मौजूद था। इसी दौरान उसके मोबाइल फोन पर किसी का कॉल आया। फोन पर बात करने के तुरंत बाद वह घर से निकलकर राम टोला पहुंचा। वहां पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ। विवाद बढ़ते ही हमलावरों ने सोनू के सिर से सटाकर एक के बाद एक तीन गोलियां दाग दीं। गोलियों की तड़तड़ाहट के साथ ही सोनू ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों का स्पष्ट कहना है कि सोनू का किसी से कोई पुराना विवाद या दुश्मनी नहीं थी।
दहशत फैलाने को अंधाधुंध फायरिंग, शव रखकर हाईवे किया जाम
वारदात को अंजाम देने के बाद इलाके में दहशत कायम करने के लिए अपराधियों ने कई राउंड हवाई फायरिंग भी की। गोलीबारी की आवाज सुनते ही आसपास के लोगों में भगदड़ और कोहराम मच गया। घटना से गुस्साए ग्रामीणों और परिजनों ने शव को मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के गंगापुर स्थित मुजफ्फरपुर-बरौनी नेशनल हाईवे पर रखकर सड़क पूरी तरह जाम कर दी। हाईवे जाम होने के कारण दोनों ओर वाहनों की कई किलोमीटर लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह ठप हो गया।
पुलिस छावनी में बदला इलाका, प्रशासन के खिलाफ फूटा आक्रोश
हत्या की खबर मिलते ही मुसरीघरारी थाने सहित कई अन्य थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। देखते ही देखते पूरा घटनास्थल और हाईवे पुलिस छावनी में तब्दील हो गया। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने पुलिस-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। स्थानीय नागरिकों ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि राज्य में अपराध नियंत्रण के तमाम दावों के बावजूद अपराधी खुलेआम वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। लगातार हो रही घटनाओं से आम जनता, व्यापारियों और पत्रकारों के बीच भय का माहौल बना हुआ है।
डीएसपी के आश्वासन पर खुला जाम, आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए सदर डीएसपी सतीश सुमन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आक्रोशित ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया। डीएसपी ने परिजनों और ग्रामीणों को आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई का ठोस आश्वासन दिया, जिसके बाद लोग सड़क से हटे और यातायात बहाल हो सका।
सदर डीएसपी सतीश सुमन ने बताया कि युवक की हत्या की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची थी। परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और मोबाइल कॉल डिटेल्स (सीडीआर) खंगाली जा रही है। प्रथम दृष्टया हत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित कर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है।
voice of india