Sunday , 1 November 2026

मायावती ने 5 नवंबर को बुलाई BSP की बड़ी बैठक: 6 दिसंबर को लखनऊ में महाशक्ति प्रदर्शन की तैयारी, चंद्रशेखर की रैली का देंगी जवाब?

लखनऊ:बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने आगामी राजनीतिक गतिविधियों और संगठनात्मक विस्तार को धार देने के लिए 5 नवंबर को राजधानी लखनऊ में पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों की एक आपात व महत्वपूर्ण बैठक तलब की है। इस उच्चस्तरीय बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय समन्वयक आकाश आनंद भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। सियासी गलियारों में माना जा रहा है कि इस बैठक का मुख्य केंद्र बिंदु आगामी 6 दिसंबर को लखनऊ में प्रस्तावित बसपा की महारैली की रूपरेखा तय करना और पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपना है।

6 दिसंबर को लखनऊ में बड़ा शक्ति प्रदर्शन, सभी जिलों को मिलेगा टास्कपार्टी सूत्रों के मुताबिक, बसपा 6 दिसंबर को डॉ. भीमराव आंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस के अवसर पर राजधानी लखनऊ में एक विशाल रैली का आयोजन कर अपना दम-खम दिखाने की योजना पर काम कर रही है। इस आयोजन को ऐतिहासिक बनाने और पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़ने के उद्देश्य से मायावती बैठक में भीड़ जुटाने की रणनीति, रूट चार्ट और जिलेवार भागीदारी सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दे सकती हैं। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल, सभी जिलाध्यक्षों और मंडल प्रभारियों को अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने को कहा गया है।

चंद्रशेखर की रैली के जवाब में BSP का पलटवार?राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि बसपा की यह सक्रियता सीधे तौर पर आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के प्रमुख और नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद की प्रस्तावित रैली से भी जोड़कर देखी जा रही है। चंद्रशेखर आगामी 26 नवंबर को संविधान दिवस के मौके पर लखनऊ के रमाबाई अंबेडकर मैदान में बड़ी रैली आयोजित करने जा रहे हैं। ऐसे में दलित वोट बैंक पर अपनी मजबूत पकड़ साबित करने और विरोधियों को स्पष्ट संदेश देने के लिए मायावती 6 दिसंबर की रैली के जरिए बड़ा सियासी संदेश देने की तैयारी में हैं।

उम्मीदवारों की चयन प्रक्रिया तेज, नवंबर तक फाइनल होगी सूची बैठक में आगामी चुनावी रणनीति और सांगठनिक फेरबदल पर भी विस्तृत मंथन होगा। बसपा अब तक 100 से अधिक विधानसभा प्रभारियों/प्रत्याशियों के नामों का ऐलान कर चुकी है। सूत्रों की मानें तो पार्टी सुप्रीमो ने नवंबर माह के अंत तक शेष सीटों पर भी दावेदारों की सूची को अंतिम रूप देने का लक्ष्य रखा है। इसके साथ ही मतदाता पुनरीक्षण अभियान (SSR) के तहत पार्टी स्तर पर चलाए गए कार्यों की भी समीक्षा की जाएगी।

बैठक निपटाकर दिल्ली रवाना होंगी मायावती5 नवंबर को लखनऊ स्थित प्रदेश कार्यालय में बैठक संपन्न करने के तुरंत बाद बसपा प्रमुख दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगी। वहां वह एक पारिवारिक विवाह समारोह में शिरकत करेंगी। चुनावी दृष्टि से और संगठन को दोबारा चार्ज करने के लिहाज से 5 नवंबर की यह बैठक उत्तर प्रदेश की सियासत में बेहद अहम मानी जा रही है।

 

Check Also

आमिर खान की तीसरी शादी पर शहजाद खान का मजाकिया तंज: बोले- ‘मेरी भी 2 बीवियां हैं, अभी 2 ऑप्शन बाकी हैं’; पिता के 4 निकाहों का भी किया खुलासा

बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान इन दिनों अपनी निजी जिंदगी को लेकर लगातार सुर्खियों …