Sunday , 1 November 2026

कोचिंग से लौट रही नाबालिग से चलती स्कॉर्पियो में दरिंदगी : लिफ्ट देने के बहाने बैठाया, 12 घंटे में लखीसराय से दबोचा गया आरोपी

शेखपुरा: बिहार के शेखपुरा जिले में महिला सुरक्षा व्यवस्था को झकझोर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। कोचिंग पढ़कर घर लौटने के लिए वाहन की प्रतीक्षा कर रही एक नाबालिग छात्रा को लिफ्ट देने का झांसा देकर चलती स्कॉर्पियो में दुष्कर्म का शिकार बनाया गया। आरोपी ने पीड़िता के परिजनों को फोन मिलाने का दिखावा कर उसका विश्वास जीता, लेकिन घर पहुंचाने के बजाय उसे सुनसान रास्ते पर ले जाकर वारदात को अंजाम दिया। घटना की गंभीरता को भांपते हुए शेखपुरा पुलिस ने विशेष जांच टीम (SIT) गठित कर ताबड़तोड़ कार्रवाई की और महज 12 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी को लखीसराय से धर दबोचा। पुलिस ने अपराध में प्रयुक्त स्कॉर्पियो गाड़ी भी जब्त कर ली है।

आरडी कॉलेज मोड़ से दिया लिफ्ट का झांसा, फोन मिलाने का किया नाटक

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम शेखपुरा के आरडी कॉलेज मोड़ पर छात्रा कोचिंग क्लास खत्म कर घर जाने के लिए टोटो का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान शहर के जखराज स्थान निवासी शशिभूषण सिंह का बेटा अमृत कुमार उर्फ अमित कुमार अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी लेकर वहां पहुंचा। उसने छात्रा से लखीसराय जाने का रास्ता पूछा, जो छात्रा के घर की दिशा में ही पड़ता था। इसके बाद उसने छात्रा को घर तक सुरक्षित छोड़ने की पेशकश की। शुरुआत में छात्रा ने साथ जाने से मना कर दिया, लेकिन आरोपी ने अपने मोबाइल से उसके परिजनों को कॉल मिलाने का नाटक किया (कॉल कनेक्ट नहीं हुआ) और भरोसा दिलाकर उसे गाड़ी में बैठा लिया।

मदारी रोड के सुनसान इलाके में ले गया, सड़क किनारे फेंककर हुआ फरार

घर छोड़ने के बजाय आरोपी वाहन को भदौस से आगे सुनसान मदारी रोड की तरफ ले गया। वहां उसने चलती गाड़ी के भीतर छात्रा के साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद वह पीड़िता को पचना गांव स्थित झारखंड मंदिर मोड़ के पास बदहवास हालत में सड़क किनारे छोड़कर मौके से फरार हो गया।

रोते हुए घर पहुंची पीड़िता, महिला थाने में दर्ज कराई प्राथमिकी

वारदात के बाद खौफजदा छात्रा किसी तरह रात के समय अपने घर पहुंची और आपबीती परिजनों को सुनाई। परिजन तुरंत बच्ची को लेकर महिला थाने पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने त्वरित संज्ञान लेते हुए पॉक्सो व संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया और आरोपी की तलाश में एसआईटी बनाकर संभावित ठिकानों पर दबिश शुरू कर दी।

लखीसराय से गिरफ्तार हुआ आरोपी, 15 दिनों में दाखिल होगी चार्जशीट

शेखपुरा के एसडीपीओ डॉ. राकेश कुमार ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि तकनीकी सर्विलांस और एसआईटी की तत्परता से 12 घंटे के भीतर नामजद आरोपी अमृत कुमार उर्फ अमित कुमार को लखीसराय से गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो को भी जब्त कर लिया गया है। एसडीपीओ ने साफ किया कि पुलिस वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर 15 दिनों के भीतर न्यायालय में चार्जशीट दाखिल करेगी और मामले का स्पीडी ट्रायल कराकर आरोपी को कठोरतम सजा दिलाई जाएगी।

 

Check Also

आमिर खान की तीसरी शादी पर शहजाद खान का मजाकिया तंज: बोले- ‘मेरी भी 2 बीवियां हैं, अभी 2 ऑप्शन बाकी हैं’; पिता के 4 निकाहों का भी किया खुलासा

बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान इन दिनों अपनी निजी जिंदगी को लेकर लगातार सुर्खियों …