
उत्तर प्रदेश की सियासत में प्रशासनिक अफसरों के चुनावी समर में उतरने का सिलसिला बदस्तूर जारी है। इसी कड़ी में बिजनौर जिले की धामपुर विधानसभा सीट पर एक नया सियासी घमासान छिड़ गया है। सूबे के कई प्रमुख जिलों में जिलाधिकारी (DM) के रूप में कार्य कर चुके पूर्व आईएएस अधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र सिंह ने सक्रिय राजनीति में कदम रखने और धामपुर से भारतीय जनता पार्टी (BJP) के टिकट पर चुनाव लड़ने की औपचारिक घोषणा कर दी है। तीन महीने पहले ही जौनपुर के जिलाधिकारी पद से सेवानिवृत्त हुए डॉ. सिंह के इस ऐलान के बाद स्थानीय सियासी समीकरण पूरी तरह गरमा गए हैं।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया ऐलान, बोले- माटी का कर्ज चुकाने लौटा हूं बिजनौर स्थित एक निजी रिसॉर्ट में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान डॉ. दिनेश चंद्र सिंह ने अपनी राजनीतिक योजनाओं को सार्वजनिक किया। उन्होंने कहा कि वह धामपुर क्षेत्र के पुरैनी गांव के मूल निवासी हैं। वर्षों तक सरकारी सेवा के जरिए जनता के बीच रहने के बाद अब वह अपने गृह जनपद के लोगों की सेवा में जीवन समर्पित करना चाहते हैं।
बाहरी नेताओं पर तीखा तंज, रामसेतु में गिलहरी के योगदान का दिया उदाहरण प्रेस वार्ता के दौरान पूर्व आईएएस ने स्थानीय बनाम बाहरी के मुद्दे को धार देते हुए कहा कि महात्मा विदुर की इस पावन धरती से चुनकर कई बाहरी नेता बड़े पदों तक पहुंचे, मगर जीतने के बाद कभी क्षेत्र की सुध लेने नहीं लौटे। उन्होंने कहा कि बिजनौर की जनता का दिल बहुत बड़ा है और उसने हमेशा बाहरी लोगों को भी भारी अंतर से जीत दिलाई, लेकिन अब वक्त आ गया है कि क्षेत्र की कमान यहां के स्थानीय व्यक्ति के हाथ में हो। रामसेतु का संदर्भ लेते हुए उन्होंने भावुक होकर कहा कि जिस तरह सेतु निर्माण में एक नन्हीं गिलहरी ने अपनी भूमिका निभाई थी, उसी तर्ज पर वह भी बिजनौर के समग्र विकास में अपना गिलहरी जैसा योगदान देना चाहते हैं।
प्रशासनिक उपलब्धियों का ब्योरा: सहारनपुर में बनाया था आयुष्मान कार्ड का रिकॉर्ड डॉ. दिनेश चंद्र सिंह जौनपुर, सहारनपुर, बहराइच और कानपुर देहात जैसे महत्वपूर्ण जनपदों में डीएम के पद पर सेवाएं दे चुके हैं। उन्हें देश भर में एक उत्कृष्ट इलेक्शन ट्रेनर के रूप में भी जाना जाता है। सहारनपुर में अपनी तैनाती का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि वहां महज 15 दिनों के भीतर 2.54 लाख आयुष्मान कार्ड बनवाकर एक मिसाल कायम की गई थी, जिसके लिए उन्हें शासन स्तर पर तत्कालीन मुख्य सचिव द्वारा सम्मानित भी किया गया था। उनका कहना है कि इस लंबे प्रशासनिक अनुभव का सीधा फायदा वह धामपुर की शिक्षा व्यवस्था, आधारभूत ढांचे और युवाओं के उत्थान में लगाएंगे।
सीएम योगी से मुलाकात और राम मंदिर ट्रस्ट के साक्षात्कार का जिक्र राजनीतिक गलियारों में डॉ. सिंह की दावेदारी को बेहद मजबूत माना जा रहा है। हाल ही में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ हुई उनकी मुलाकात ने स्थानीय बीजेपी खेमे में पहले ही सुगबुगाहट बढ़ा दी थी। प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने खुलासा किया कि उन्होंने श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सीईओ पद के लिए भी आवेदन किया था। 5,585 आवेदकों में से साक्षात्कार के लिए चयनित शीर्ष 16 उम्मीदवारों में वह दूसरे स्थान पर रहे थे।
बीजेपी हाईकमान के फैसले पर टिकी निगाहें डॉ. दिनेश चंद्र सिंह ने स्पष्ट किया कि वह बीजेपी की राष्ट्रवादी नीतियों और विचारधारा से पूरी तरह प्रभावित हैं। अब क्षेत्र की निगाहें पार्टी हाईकमान के रुख पर टिकी हैं कि क्या आगामी चुनाव में बीजेपी इस पूर्व नौकरशाह के चेहरे पर दांव लगाती है या नहीं।
voice of india