
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की सियासी बिसात बिछाने के लिए भारतीय जनता पार्टी शुक्रवार को अपनी प्रदेश कार्यसमिति की महाबैठक में संगठन की शक्ति, सरकार की उपलब्धियों और भविष्य की चुनावी रणनीति को धार देगी। राजधानी लखनऊ के डॉ. राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के सभागार में आयोजित इस अहम बैठक में लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी का पूरा खाका पेश किया जाएगा। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की अध्यक्षता में होने वाले इस सम्मेलन का भव्य उद्घाटन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे, जबकि समापन सत्र में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कार्यकर्ताओं में जीत का मंत्र फूंकेंगे।
कमजोर बूथों की घेराबंदी और 2027 का राजनीतिक प्रस्ताव कुल तीन सत्रों में आयोजित इस महाबैठक के दूसरे सत्र में राजनीतिक प्रस्ताव, चुनावी तैयारियों और मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों पर गंभीर विमर्श होगा। संगठनात्मक समीक्षा के तहत विशेष रूप से उन सीटों और बूथों पर फोकस किया जाएगा, जहां पार्टी को अपनी स्थिति और सुदृढ़ करने की जरूरत है। राजनीतिक प्रस्ताव के जरिए केंद्र और राज्य सरकार की गरीब कल्याण योजनाओं, सुशासन, विकास कार्यों और ऐतिहासिक फैसलों को जनता के बीच ले जाने का संदेश दिया जाएगा। चुनावी बिगुल बजने से पहले संगठन की तैयारियों को परखने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने के लिहाज से यह बैठक बेहद निर्णायक मानी जा रही है।
‘जहां कमजोर, वहां ज्यादा जोर’ के मंत्र पर बनी रणनीति कार्यसमिति की रूपरेखा तय करने के लिए गुरुवार को प्रदेश भाजपा मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की अगुवाई में वरिष्ठ पदाधिकारियों का मंथन हुआ। इस दौरान प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह और सह-प्रभारी मेधा कुलकर्णी, अनंत ओझा व प्रदीप वर्मा की मौजूदगी में व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया। पंकज चौधरी ने दो टूक कहा कि पार्टी ‘जहां कमजोर, वहां ज्यादा जोर’ के सिद्धांत पर काम करते हुए माइक्रो मैनेजमेंट के साथ आगे बढ़ेगी। बैठक को अनुशासित और ऐतिहासिक बनाने के लिए यातायात, भोजन और पंजीकरण समेत सभी मोर्चों पर अलग-अलग जिम्मेदारियां तय की गई हैं।
जिला स्तर से लेकर शीर्ष नेतृत्व तक का महाजुटान इस वृहद बैठक में यूपी प्रभारी विनोद तावड़े, सह-प्रभारी जगदीश पटेल, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक सहित संगठन के कई शीर्ष नेता मार्गदर्शन देंगे। बैठक में राष्ट्रीय व प्रदेश पदाधिकारी, कार्यसमिति सदस्य, 2024 के लोकसभा प्रत्याशी, मौजूदा विधायक, एमएलसी, 2022 के विधानसभा प्रत्याशी, मेयर, जिला पंचायत अध्यक्ष, नगर पालिका अध्यक्ष, जिलाध्यक्ष और विभिन्न मोर्चों-प्रकोष्ठों के जिला स्तरीय पदाधिकारी भी शिरकत करेंगे। देर रात विनोद तावड़े, पंकज चौधरी और धर्मपाल सिंह ने विश्वविद्यालय परिसर पहुंचकर मंच, सभागार और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस बार प्रतिनिधियों का प्रवेश हाईटेक क्यूआर कोड प्रणाली के जरिए सुनिश्चित किया गया है।
चार घंटे लखनऊ में रहेंगे गृह मंत्री अमित शाह केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह का लखनऊ में करीब चार घंटे का सघन दौरा रहेगा। तय कार्यक्रम के मुताबिक, गृह मंत्री सुबह 11 बजे अमौसी स्थित चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट पहुंचेंगे, जहां सीएम योगी आदित्यनाथ और दोनों डिप्टी सीएम उनकी अगवानी करेंगे। एयरपोर्ट से शाह सीधे लोहिया विधि विश्वविद्यालय पहुंचेंगे और कार्यसमिति की बैठक का उद्घाटन करने के बाद करीब 3 बजे विशेष विमान से नई दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।
voice of india