Friday , 30 October 2026

Karwa Chauth High Voltage Drama: एक पति, तीन पत्नियां और पहली पूजा की जंग; प्रेमी के घर व्रत तोड़ने की जिद पर अड़ी युवती, कानपुर में चौकी तक पहुंचा मामला

करवा चौथ का त्योहार जहां दांपत्य प्रेम और समर्पण का प्रतीक माना जाता है, वहीं उत्तर प्रदेश के कानपुर से इस मौके पर अजीबोगरीब पारिवारिक ड्रामे की दो घटनाएं सामने आईं। बिठूर थाना क्षेत्र के मंधना पुलिस चौकी में करवा चौथ की शाम दो अलग-अलग मामलों ने खाकी और आम लोगों दोनों को हैरान कर दिया। एक तरफ जहां एक ही शख्स की तीन पत्नियों के बीच पति का चेहरा पहले देखने और व्रत खोलने को लेकर जंग छिड़ गई, वहीं दूसरे मामले में एक प्रेमिका प्रेमी के घर जाकर ही व्रत खोलने की जिद लेकर थाने पहुंच गई।

पहली पूजा का अधिकार पाने के लिए भिड़ गईं तीन पत्नियां पहला मामला बिठूर क्षेत्र के एक ग्रामीण इलाके का है। यहां रहने वाले एक युवक की पहली शादी के वर्षों बाद भी जब संतान नहीं हुई, तो पहली पत्नी की रजामंदी से उसने अपनी ही सहेली से पति का दूसरा विवाह करा दिया। दूसरी पत्नी से एक बेटी का जन्म हुआ। इसी बीच युवक ने दोनों को बिना बताए एक तीसरी महिला से भी गुपचुप शादी रचा ली।

करवा चौथ की शाम अचानक तीसरी पत्नी भी घर आ धमकी। इसके बाद घर में इस बात को लेकर घमासान मच गया कि पहले पति की आरती कौन उतारेगी, छलनी से चेहरा पहले कौन देखेगी और किसके हाथ से पहले पानी पीकर व्रत तोड़ा जाएगा। विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मंधना पुलिस चौकी जा पहुंचा। चौकी के भीतर दो पत्नियां पति पर अपना पहला हक जताती रहीं, जबकि तीसरी पत्नी बाहर खड़ी रही। पुलिस द्वारा समझाने के बाद जब वे बाहर निकलीं, तो सड़क पर भी काफी देर तक नोकझोंक होती रही। हालांकि, बाद में तीनों ने आपसी सहमति से एक साथ बैठकर पूजा करने और व्रत खोलने का फैसला किया।

प्रेमी के घर व्रत तोड़ने की जिद, चौकी में बैठी पंचायत दूसरा मामला भी बिठूर क्षेत्र का ही है, जहां आमने-सामने रहने वाले एक प्रेमी युगल के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध चल रहा था। शुरुआत में परिवार के विरोध के चलते दोनों किराए के कमरे में लिव-इन में रहने लगे थे। बालिग होने के बाद जब युवक ने घर में शादी का प्रस्ताव रखा, तो परिजनों ने फिर मना कर दिया।

करवा चौथ पर युवती ने प्रेमी के लिए निर्जला उपवास रखा और सीधे मंधना पुलिस चौकी पहुंच गई। उसने पुलिस से दो टूक कहा कि वह अपना व्रत प्रेमी के घर जाकर ही तोड़ेगी, वहीं युवक ने परिजनों के डर से पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई। घंटों चली पुलिसिया मध्यस्थता और परिजनों से बातचीत के बाद आखिरकार लड़के के परिजन शादी के लिए राजी हो गए। इसके बाद प्रेमिका ने प्रेमी के घर पहुंचकर रीति-रिवाज से अपना उपवास खोला।

 

Check Also

UP Election: SDM की आईडी-पासवर्ड से सपा के वोट काटने का आरोप! राम गोपाल यादव का बड़ा दावा, पीलीभीत मामले से गरमाई सियासत

उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी बिसात अभी से बिछनी शुरू हो …