
उत्तर प्रदेश विधान परिषद (MLC) की 11 सीटों के चुनाव परिणामों और मतगणना के बीच सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी और प्रशासनिक तंत्र पर सांठगांठ का सीधा आरोप लगाते हुए कहा कि गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन सीट पर सपा प्रत्याशी डॉ. संजयन त्रिपाठी को हराने की सोची-समझी साजिश रची गई। घोषित नतीजों में भारतीय जनता पार्टी 5 सीटों पर अपना परचम लहरा चुकी है, जबकि समाजवादी पार्टी ने प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी शिक्षक सीट और आगरा खंड शिक्षक सीट पर शानदार जीत दर्ज कर भाजपा को कड़ी चुनौती दी है।
‘हाता नहीं भाता’ की सोच के तहत हुआ उत्पीड़न: अखिलेश यादवसपा मुखिया अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर तीखा हमला बोलते हुए लिखा कि भ्रष्ट भाजपाइयों और चुनावी प्रक्रिया में संलिप्त अधिकारियों ने विधान परिषद चुनाव जीतने के लिए लोकतांत्रिक मर्यादाओं की सारी हदें पार कर दी हैं। उन्होंने कहा कि गोरखपुर में डॉ. संजयन त्रिपाठी को निशाना बनाने की वजह केवल उनका सपा प्रत्याशी होना नहीं, बल्कि सत्ता की ‘हाता नहीं भाता’ वाली संकीर्ण मानसिकता है।
अखिलेश यादव ने भावुक अपील करते हुए कहा कि डॉ. त्रिपाठी के उत्पीड़न और उनके आंसुओं को प्रदेश का शिक्षक समाज कभी नहीं भूलेगा। उन्होंने तंज कसा कि शिक्षकों से चारा बटोरने जैसा अपमानजनक काम कराया गया। सपा प्रमुख ने दावा किया कि वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में शिक्षक वर्ग एकजुट होकर भाजपा को सत्ता से बाहर करेगा और अपना ऐतिहासिक गुरु संकल्प पूरा करेगा।
वाराणसी में जीत के बाद बोले लाल बिहारी: UGC बिल का नहीं पड़ा कोई असरवाराणसी खंड शिक्षक निर्वाचन सीट पर जीत दर्ज करने वाले समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार लाल बिहारी यादव ने शिक्षक मतदाताओं और पार्टी नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि जिस तरह शिक्षक समाज स्व. मुलायम सिंह यादव ‘नेताजी’ को अपना सच्चा हितैषी मानता था, वही अटूट विश्वास आज अखिलेश यादव के प्रति भी कायम है।
यूजीसी (UGC) बिल के चुनावी प्रभाव पर लाल बिहारी यादव ने दो टूक कहा कि इस चुनाव पर बिल का कोई असर नहीं हुआ। बिल से जुड़े लोग आपसी मतभेदों में उलझे रहे, जबकि अपनी सेवा सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा चाहने वाला आम शिक्षक वर्ग पूरी मजबूती के साथ समाजवादी पार्टी के पक्ष में लामबंद रहा।
आगरा में डॉ. आकाश अग्रवाल की बड़ी जीत, भाजपा प्रत्याशी पर मारपीट का आरोपआगरा खंड शिक्षक एमएलसी सीट पर समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी डॉ. आकाश अग्रवाल ने निर्णायक सफलता हासिल की। उन्होंने मतगणना के दौरान करीब 3,700 मतों की शुरुआती बढ़त बनाई और द्वितीय वरीयता की गणना में कुल वैध मतों का 50 प्रतिशत से अधिक कोटा प्राप्त कर जीत दर्ज की। परिणाम की औपचारिक उद्घोषणा के लिए निर्वाचन आयोग से औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।
जीत के साथ ही डॉ. आकाश अग्रवाल ने मतगणना केंद्र पर दूसरे राउंड के दौरान हुए हंगामे और हाथापाई को लेकर भाजपा प्रत्याशी पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि विवाद और मारपीट की शुरुआत भाजपा प्रत्याशी की तरफ से की गई थी। उन्होंने कहा कि मतगणना कक्ष के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जाए, जिससे यह पूरी तरह स्पष्ट हो जाएगा कि माहौल बिगाड़ने वाले और हमला करने वाले असल चेहरे कौन थे।
voice of india