
बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुए जानलेवा हमले के मामले में राजस्थान की कोटा सिटी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन मुख्य आरोपियों को धर दबोचा है। पकड़े गए आरोपियों में दो शूटर और एक नाबालिग शामिल है। कोटा की पुलिस अधीक्षक (एसपी) तेजस्विनी गौतम ने बताया कि सोमवार सुबह पुलिस को इनपुट मिला था कि फायरिंग के संदिग्ध ट्रेन के जरिए सफर कर रहे हैं और जल्द ही कोटा जंक्शन पहुंचने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस की विशेष टीमों ने मोर्चा संभाला और महज 15 मिनट के भीतर पूरे स्टेशन पर घेराबंदी कर ट्रेन के जनरल कोच से तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। प्राथमिक जांच में खुलासा हुआ है कि तीनों आरोपी मुंबई से दिल्ली पहुंचकर नेपाल भागने की पूरी फिराक में थे।
हरियाणा और बिहार के हैं आरोपी, मुख्य शूटर रेहान पर दर्ज हैं कई केस
एसपी तेजस्विनी गौतम के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए आरोपियों में हरियाणा के सोनीपत का रहने वाला मुख्य शूटर रेहान उर्फ सुख्खा और बिहार के बेगूसराय का ऋतिक उर्फ रोशन शामिल हैं, जबकि तीसरा आरोपी सोनीपत का ही एक नाबालिग है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, रेहान कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई सिंडिकेट के लिए काम कर रहा था और उस पर पहले से ही आर्म्स एक्ट सहित कई संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। जांच में सामने आया है कि मुंबई में पहले से मौजूद ऋतिक ने रेहान और नाबालिग शूटर को वारदात के लिए जरूरी लॉजिस्टिक और स्थानीय मदद मुहैया कराई थी।
सीएम देवेंद्र फडणवीस बोले- सूरत के रास्ते भागे थे हमलावर, किसी को नहीं बख्शेंगे
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कोटा पुलिस के साथ संयुक्त समन्वय की सराहना करते हुए गिरफ्तारी की पुष्टि की है। सीएम ने बताया कि रविवार शाम फायरिंग की वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर पहले सूरत की तरफ भागे और वहां से पुणे-जयपुर एक्सप्रेस के जनरल डिब्बे में सवार हो गए। मुंबई क्राइम ब्रांच ने सर्विलांस के जरिए आरोपियों की लोकेशन ट्रैक की और तत्काल राजस्थान पुलिस से संपर्क साधा, जिसके बाद कोटा स्टेशन पर उन्हें दबोच लिया गया। सीएम फडणवीस ने स्पष्ट किया कि सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी होते ही मुंबई पुलिस आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर मुंबई लाएगी। हमले की मुख्य साजिश, फंडिंग और पर्दे के पीछे शामिल चेहरों की पहचान कर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सिग्नल और टेलीग्राम पर थे हैंडलर, अनिल पंडित से जुड़े मिले डिजिटल सबूत
गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसियों को शूटरों के मोबाइल से कई बड़े सुराग हाथ लगे हैं। तीनों आरोपी सिग्नल और टेलीग्राम जैसे एन्क्रिप्टेड ऐप्स के जरिए अपने हैंडलर के सीधे संपर्क में थे। तकनीकी पड़ताल में मुख्य शूटर रेहान के तार गैंगस्टर अनिल पंडित से जुड़े होने के पुख्ता डिजिटल फुटप्रिंट्स मिले हैं। रेहान के कहने पर ही नाबालिग लड़के को इस नेटवर्क में शामिल किया गया था। हालांकि, वारदात में इस्तेमाल किए गए असलहे अब तक बरामद नहीं हो सके हैं, जिसकी तलाश के लिए मुंबई पुलिस की टीम कोटा पहुंच चुकी है।
10 दिनों से कर रहे थे रेकी, पैपराजी और ब्लॉगर्स के वीडियो बने जरिया
पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि शूटर पिछले 10 दिनों से मुंबई में टाइगर श्रॉफ के हर मूवमेंट और उनके रूटीन शेड्यूल पर नजर रखे हुए थे। उन्होंने बांद्रा और जुहू स्थित अभिनेता के आवास के अलावा उनके जिम की भी रेकी की थी। आरोपियों ने सोशल मीडिया पर पैपराजी और ब्लॉगर्स द्वारा पोस्ट किए जाने वाले वीडियोज की मदद से अभिनेता के आने-जाने के समय और रास्तों की मैपिंग की थी। हमले के कुछ ही समय पहले आरोपियों को वॉट्सऐप और सिग्नल के जरिए क्राइम स्पॉट की लोकेशन भेजी गई थी, जिसके बाद चलती गाड़ी पर अंधाधुंध गोलियां दागी गईं।
voice of india