Sunday , 18 October 2026

बेटी से मिलाने के बहाने पत्नी को बुलाया और रेत दिया गला: अमेरिका के शिकागो में भारतीय मूल के पति की खौफनाक करतूत, साथ रहने से इनकार पर चाकू से गोदा

अमेरिका के शिकागो से दिल दहला देने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां 31 वर्षीय भारतीय मूल के एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की चाकू घोंपकर बेरहमी से हत्या कर दी। दोनों के बीच लंबे समय से अनबन चल रही थी और पत्नी अलग रह रही थी। जब पत्नी ने दोबारा साथ रहने से साफ मना कर दिया, तो गुस्से में आगबबूला होकर पति ने उसकी गर्दन पर ताबड़तोड़ वार कर मौत के घाट उतार दिया। आरोपी पति की पहचान अंकुल पटेल के रूप में हुई है।

पारिवारिक कलह के बाद अलग रहने लगी थी पत्नी, नए साथी के साथ बढ़ी नजदीकियां

जानकारी के मुताबिक, करीब तीन महीने पहले अंकुल पटेल और उसकी पत्नी के बीच गंभीर विवाद हुआ था। झगड़े के बाद मई महीने में पत्नी विस्कॉन्सिन स्थित अपना घर छोड़कर चली गई थी। दोनों की एक मासूम बेटी भी है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, परिजनों और रिश्तेदारों के दबाव के चलते महिला कुछ समय के लिए दोबारा पति के पास लौटी जरूर थी, लेकिन मतभेद दूर न होने के कारण वह फिर से अलग हो गई। इसके बाद वह अपने एक पूर्व सहकर्मी के साथ रिश्ते में आ गई और दोनों लुइसियाना जाकर रहने लगे, जबकि बेटी पति के पास ही रह रही थी।

नए साथी को दी जान से मारने की धमकी, पत्नी को बेटी से भी नहीं करने दी बात

जांच अधिकारियों के अनुसार, पत्नी के अलग होने के बाद से ही अंकुल लगातार तनाव और रंजिश में था। उसने पत्नी के नए साथी को फोन पर जान से मारने की धमकियां देनी शुरू कर दी थीं। इतना ही नहीं, वह अपनी पत्नी को अपनी ही मासूम बेटी से फोन पर बात तक नहीं करने देता था, जिसको लेकर दोनों के बीच फोन पर अक्सर तीखा विवाद होता रहता था। वारदात से करीब दो हफ्ते पहले अंकुल शिकागो में अपने रिश्तेदारों के घर शिफ्ट हो गया और उसने पत्नी को बिना बताए चुपचाप बेटी को भारत में अपने माता-पिता के पास भेज दिया।

बेटी से मिलाने का रचा नाटक, अपार्टमेंट में घुसते ही कर दी निर्मम हत्या

बेटी को भारत भेजने के बाद आरोपी पति ने एक खौफनाक साजिश रची। उसने पत्नी को फोन कर झांसा दिया कि वह शिकागो आकर अपनी बेटी से मिल सकती है। महिला इस बात से पूरी तरह अनजान थी कि उसकी मासूम बच्ची को पहले ही भारत भेजा जा चुका है। वह अपने नए साथी के साथ कार से शिकागो पहुंची। इमारत के पास पहुंचकर उसका साथी बाहर कार में ही रुक गया, जबकि महिला बच्ची से मिलने अंकुल के अपार्टमेंट में अंदर चली गई।

अपार्टमेंट में कदम रखते ही जब उसे बेटी कहीं दिखाई नहीं दी, तो वह दंग रह गई। इसी दौरान अंकुल ने उस पर दोबारा साथ रहने और वैवाहिक रिश्ते को शुरू करने का दबाव बनाया। जब पत्नी ने साथ जाने से दो टूक इनकार कर दिया और स्पष्ट कहा कि वह अपने नए साथी के साथ ही जिंदगी बिताएगी, तो अंकुल का गुस्सा बेकाबू हो गया। उसने रसोई से तेजधार चाकू निकाला और पत्नी की गर्दन पर एक के बाद एक कई जानलेवा वार कर उसे वहीं ढेर कर दिया। घटना के बाद अमेरिकी पुलिस मामले की गहन तफ्तीश कर रही है और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

 

Check Also

खाना न बनाने पर 8 साल की मासूम के निजी अंग में डाला गर्म चिमटा: सिंगरौली में सौतेली मां की रूह कंपा देने वाली हैवानियत, पिता ने की खुदकुशी

मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले से इंसानियत को झकझोर कर रख देने वाला दिल दहलाने …