Sunday , 18 October 2026

नींद की झपकी, खड़े ट्रक से टक्कर और आग का तांडव: कानपुर-अलीगढ़ हाईवे पर ई-बाइक लदा कंटेनर बना आग का गोला, गेट लॉक होने से जिंदा जला परिचालक

उत्तर प्रदेश में कानपुर के बिल्हौर क्षेत्र अंतर्गत अलीगढ़-कानपुर हाईवे पर शनिवार तड़के एक दिल दहला देने वाला भीषण सड़क हादसा सामने आया है। ई-बाइक लादकर जा रहा एक कंटेनर सड़क किनारे खड़े अज्ञात ट्रक से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कुछ ही पलों में कंटेनर आग का गोला बन गया। इस हादसे में चालक को तो समय रहते पुलिस ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन दूसरा गेट लॉक हो जाने के कारण परिचालक केबिन के अंदर ही फंसा रह गया और लपटों में घिरकर उसकी जिंदा जलने से दर्दनाक मौत हो गई।

कानपुर से फर्रुखाबाद जा रहा था कंटेनर, तड़के चार बजे हुआ हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार तड़के करीब 4 बजे कंटेनर संख्या डीएल1 एलएएल 4767 कानपुर से 10 ई-बाइक लोड करके फर्रुखाबाद के लिए रवाना हुआ था। कंटेनर को फिरोजाबाद जिले के नगला खंगर निवासी श्याम यादव चला रहा था, जबकि उसी गांव का रहने वाला सत्यभान बतौर परिचालक साथ बैठा हुआ था। अलीगढ़-कानपुर हाईवे पर अरौल थाना क्षेत्र से गुजरते वक्त अचानक चालक को नींद की झपकी आ गई, जिससे गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पहले से खड़े एक अज्ञात ट्रक में पीछे से जा घुसी।

टक्कर के बाद भड़की चिंगारी, ई-बाइक्स के कारण तेजी से फैली आग

हादसा होते ही कंटेनर के अगले हिस्से में तेज चिंगारी भड़की और देखते ही देखते भीषण आग लग गई। ई-बाइक लदे होने के कारण आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे कंटेनर को अपनी चपेट में ले लिया। हाईवे पर अचानक हुए इस अग्निकांड से मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया और राहगीरों ने तुरंत घटना की सूचना स्थानीय पुलिस व फायर ब्रिगेड को दी।

चालक की बची जान, परिचालक के लिए काल बना बंद दरवाजा

सूचना मिलते ही अरौल पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और भारी मशक्कत के बाद चालक श्याम यादव को केबिन से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। वहीं परिचालक सत्यभान को निकालने की कोशिश के दौरान दूसरा गेट पूरी तरह से लॉक हो चुका था। दरवाजा न खुलने की वजह से सत्यभान अंदर ही बुरी तरह फंस गया और बाहर नहीं निकल सका। दमकल की गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर जब तक आग पर काबू पाया, तब तक सत्यभान की जिंदा जलकर मौत हो चुकी थी।

शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया, जांच में जुटी पुलिस

अरौल थानाध्यक्ष विनय तिवारी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि फायर ब्रिगेड की मदद से आग बुझाने के बाद परिचालक के शव को बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पीड़ित परिवार को घटना की जानकारी दे दी गई है और मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

 

Check Also

खाना न बनाने पर 8 साल की मासूम के निजी अंग में डाला गर्म चिमटा: सिंगरौली में सौतेली मां की रूह कंपा देने वाली हैवानियत, पिता ने की खुदकुशी

मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले से इंसानियत को झकझोर कर रख देने वाला दिल दहलाने …