
पटना से लखनऊ आ रही इंडिगो की एक फ्लाइट गुरुवार को भीषण हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गई। खराब मौसम के बीच आसमान में करीब 17,000 फीट की ऊंचाई पर उड़ रहे विमान से अचानक आकाशीय बिजली टकरा गई। आसमानी बिजली की जोरदार टक्कर से विमान के नोज कोन (अगले हिस्से) को गंभीर नुकसान पहुंचा। हालांकि, पायलट की तत्परता और सूझबूझ से विमान को लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित आपात स्थिति में उतार लिया गया। विमान में सवार सभी 104 यात्री और क्रू मेंबर्स पूरी तरह सुरक्षित हैं।
17 हजार फीट पर हुआ जोरदार धमाका, नोज कोन क्षतिग्रस्त
जानकारी के मुताबिक, इंडिगो की फ्लाइट 6E 925 ने पटना के जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से दोपहर 3:10 बजे लखनऊ के लिए उड़ान भरी थी। जब विमान करीब 17,000 फीट की ऊंचाई पर बादलों के बीच से गुजर रहा था, तभी खराब मौसम के चलते तेज आकाशीय बिजली सीधे विमान के अगले हिस्से से टकराई। बिजली गिरते ही विमान का नोज का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हवा में अचानक हुए इस झटके से कुछ पल के लिए यात्रियों की सांसें थम गईं, लेकिन कॉकपिट में मौजूद पायलटों ने तुरंत संयम बरतते हुए विमान पर नियंत्रण बनाए रखा।
समय से 15 मिनट पहले लखनऊ में सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग
फ्लाइट के निर्धारित शेड्यूल के तहत इसे शाम 4:20 बजे लखनऊ पहुंचना था, लेकिन आपात स्थिति को भांपते हुए पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क साधा और प्राथमिकता के आधार पर लैंडिंग की अनुमति मांगी। इसके बाद विमान को निर्धारित समय से 15 मिनट पहले ही शाम 4:05 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंड करा लिया गया। रनवे पर उतरते ही सभी 104 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। गनीमत रही कि हादसे में किसी भी यात्री को कोई चोट नहीं आई।
अहमदाबाद जाने वाले यात्रियों के लिए दूसरे विमान की व्यवस्था
पटना से लखनऊ लैंड करने के बाद इसी एयरक्राफ्ट को फ्लाइट संख्या 6E 6968 के रूप में लखनऊ से अहमदाबाद के लिए उड़ान भरनी थी। हालांकि, आकाशीय बिजली से विमान को पहुंचे नुकसान के चलते इसे तुरंत ग्राउंडेड कर दिया गया और लखनऊ एयरपोर्ट पर ही रोक लिया गया। तकनीकी टीम और विमानन इंजीनियरों की टीम अब क्षतिग्रस्त हिस्से और एवियोनिक्स सिस्टम की गहन जांच कर रही है। वहीं, अहमदाबाद जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए एयरलाइन ने आनन-फानन में दूसरे विमान का प्रबंध किया, जिससे सभी मुसाफिरों को शाम करीब 6:22 बजे गंतव्य के लिए रवाना किया गया।
voice of india